गर्मियों का मौसम आते ही बाजार में कच्चे आम की भरमार देखने को मिलती है। आमतौर पर लोग कच्चे आम से चटनी, लौंजी या आम पन्ना बनाना पसंद करते हैं, लेकिन अगर आप इन पारंपरिक रेसिपीज से कुछ अलग और स्वादिष्ट ट्राई करना चाहते हैं तो गुजराती स्टाइल “कच्चे आम का छुन्दा” आपके लिए बेहतरीन विकल्प हो सकता है।
छुन्दा गुजरात की एक लोकप्रिय मीठी-तीखी रेसिपी है, जिसे कद्दूकस किए हुए कच्चे आम, चीनी और मसालों से तैयार किया जाता है। इसका स्वाद खट्टा, मीठा और हल्का तीखा होता है, जो इसे खाने के साथ एक परफेक्ट संगत बनाता है। खास बात यह है कि इसे बनाना बेहद आसान है और एक बार तैयार होने के बाद इसे कई दिनों तक स्टोर भी किया जा सकता है।
क्या होता है छुन्दा?
गुजराती भाषा में “छुन्दा” का अर्थ होता है कद्दूकस या कुचला हुआ। इस रेसिपी में कच्चे आम को कद्दूकस करके चीनी और मसालों के साथ पकाया जाता है, जिससे एक स्वादिष्ट मीठा-खट्टा प्रिजर्व तैयार होता है। इसे आमतौर पर थेपला, पूरी, पराठा या फुल्के के साथ परोसा जाता है।
कच्चे आम का छुन्दा बनाने के लिए सामग्री
- 1 किलो कच्चे आम
- 1 बड़ा चम्मच नमक
- 1 छोटा चम्मच हल्दी पाउडर
- 1 किलो पिसी हुई चीनी
- 2 बड़े चम्मच कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर
- 1 बड़ा चम्मच जीरा पाउडर
- 1 इंच दालचीनी का टुकड़ा
- 2 लौंग
ऐसे बनाएं स्वादिष्ट कच्चे आम का छुन्दा
सबसे पहले कच्चे आमों को अच्छी तरह धोकर छील लें। इसके बाद गुठली के चारों ओर से आम को मोटे टुकड़ों में काट लें और मोटे छेद वाले कद्दूकस की मदद से कद्दूकस कर लें। ध्यान रखें कि छुन्दा के लिए लंबे और मोटे लच्छे बेहतर माने जाते हैं, इसलिए बारीक कद्दूकस का इस्तेमाल न करें।
अब कद्दूकस किए हुए आम को एक गहरी कड़ाही में डालें। इसमें नमक और हल्दी पाउडर मिलाकर अच्छी तरह मिक्स करें। इसके बाद पिसी हुई चीनी को धीरे-धीरे 3-4 हिस्सों में डालते जाएं और हर बार अच्छी तरह मिलाएं।
सारी चीनी मिलाने के बाद मिश्रण को ढककर 5 से 10 मिनट के लिए छोड़ दें ताकि चीनी घुलने लगे। फिर कड़ाही को मध्यम आंच पर रखें और लगातार चलाते हुए पकाएं। शुरुआत में मिश्रण पतला दिखाई देगा, लेकिन धीरे-धीरे यह गाढ़ा होने लगेगा।
करीब 25 से 30 मिनट तक पकाने के बाद चाशनी की जांच करें। इसके लिए थोड़ी चाशनी प्लेट पर डालकर ठंडी करें और उंगलियों के बीच दबाकर देखें। यदि एक हल्का तार बनकर तुरंत टूट जाए तो समझिए छुन्दा तैयार है।
आखिर में डालें मसाले
आंच बंद करके मिश्रण को पूरी तरह ठंडा होने दें। जब छुन्दा कमरे के तापमान पर आ जाए, तब इसमें कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर, जीरा पाउडर, दालचीनी और लौंग डालकर अच्छी तरह मिला लें।
अब आपका स्वादिष्ट गुजराती कच्चे आम का छुन्दा तैयार है। इसे एयरटाइट कंटेनर में भरकर लंबे समय तक सुरक्षित रखा जा सकता है। पूरी, पराठा, थेपला या स्नैक्स के साथ इसका लाजवाब स्वाद आपके खाने का मजा कई गुना बढ़ा देगा।

