दुनियाभर में माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं में आए बड़े आउटेज ने लाखों यूजर्स और दफ्तरों का काम प्रभावित कर दिया। Outlook, Microsoft Teams, Copilot और Microsoft 365 की कई सेवाओं में परेशानी सामने आई, जिसके चलते लोग ईमेल भेजने और प्राप्त करने, ऑनलाइन मीटिंग में शामिल होने और जरूरी कामकाजी टूल्स इस्तेमाल करने में असमर्थ रहे। इस तकनीकी समस्या के बीच सोशल मीडिया यूजर्स ने मजेदार मीम्स शेयर कर स्थिति को हंसी-मजाक का विषय बना दिया।
कई देशों में यूजर्स को हुई परेशानी
आउटेज की शुरुआत गुरुवार दोपहर अमेरिकी समय के अनुसार हुई। इसके बाद अमेरिका, यूरोप, एशिया, ऑस्ट्रेलिया और भारत सहित कई क्षेत्रों से सेवाएं प्रभावित होने की शिकायतें सामने आईं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक समय Outlook से जुड़ी शिकायतों की संख्या करीब 1.38 लाख तक पहुंच गई थी। कुल 74 देशों में यूजर्स ने इस समस्या की जानकारी दी।
इसका असर केवल व्यक्तिगत यूजर्स तक सीमित नहीं रहा। बैंक, सरकारी कार्यालय, स्कूल और निजी कंपनियों में भी कामकाज प्रभावित होने की खबरें सामने आईं। कई कर्मचारियों को ईमेल और अन्य जरूरी डिजिटल सेवाओं के बिना काम करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
सर्वर में तकनीकी खराबी बनी परेशानी की वजह
माइक्रोसॉफ्ट के मुताबिक, कुछ सर्वरों में अचानक खराबी आने और इन्फ्रास्ट्रक्चर पर अधिक लोड पड़ने के कारण यह समस्या पैदा हुई। कंपनी ने स्पष्ट किया कि यह साइबर अटैक का मामला नहीं था।
तकनीकी टीम ने सर्वर रीस्टार्ट करने और ट्रैफिक को दूसरे रास्तों पर भेजने जैसे कदम उठाए। हालांकि, शुरुआती सुधार के कुछ प्रयास उम्मीद के मुताबिक काम नहीं कर पाए, जिसके चलते सेवाओं को सामान्य करने में चुनौती आई।
‘आउटलुक डाउन तो काम भी डाउन’, मीम्स की आई बाढ़
तकनीकी परेशानी के बीच सोशल मीडिया पर मीम्स की बाढ़ आ गई। कई यूजर्स ने इसे अचानक मिली छुट्टी की तरह पेश किया, तो कुछ ने मजाक में इंजीनियर्स को आराम करने की सलाह दे डाली।
एक यूजर ने लिखा कि माइक्रोसॉफ्ट के इंजीनियर्स अपनी सेहत का ध्यान रखें, लंबे वीकेंड का आनंद लें और सोमवार को तरोताजा होकर लौटें, क्योंकि 400 अनरीड ईमेल कहीं भागने वाले नहीं हैं। वहीं, एक अन्य यूजर ने मजाक करते हुए कहा कि आज ही प्रमोशन से जुड़ा ईमेल आना था।
कुछ लोगों ने इस स्थिति को बड़ों के लिए ‘स्नो डे’ बताया। मीम्स में मिस्टर बीन, लोकप्रिय कॉमेडी सीरीज ‘द ऑफिस’ और GTA 6 से जुड़े मजेदार संदर्भ भी देखने को मिले।
कर्मचारियों ने कहा- हैप्पी फ्राइडे!
आउटेज के बाद सोशल मीडिया पर ‘हैप्पी फ्राइडे’ और ‘आउटलुक डाउन तो काम भी डाउन’ जैसे मजेदार कमेंट्स वायरल होने लगे। कई कर्मचारियों ने इसे काम से थोड़ी राहत मिलने का मौका बताया।
हालांकि, इस आउटेज ने एक बार फिर दिखाया कि आज के दौर में दफ्तरों और कारोबार का कामकाज डिजिटल सेवाओं पर कितना निर्भर हो चुका है। कुछ घंटों की तकनीकी रुकावट भी दुनियाभर में लाखों लोगों की दिनचर्या और काम की रफ्तार को प्रभावित कर सकती है।

