9 Jul 2026, Thu

अमेरिका में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के खिलाफ FBI ने चलाया ‘Operation Hard Ball’, गोल्डी बराड़ पर 50 हजार डॉलर का इनाम घोषित

 

अमेरिका में लॉरेंस बिश्नोई गैंग और उससे जुड़े अंतरराष्ट्रीय आपराधिक नेटवर्क के खिलाफ FBI ने बड़ा अभियान शुरू किया है। इस ऑपरेशन को ‘Operation Hard Ball’ नाम दिया गया है। जानकारी के मुताबिक, FBI और उसकी सहयोगी एजेंसियों ने 7 जुलाई से अमेरिका के कैलिफोर्निया समेत कई जगहों पर छापेमारी की। इस कार्रवाई में कम से कम 20 लोगों को हिरासत में लिया गया है। ऑपरेशन के दौरान प्रतिबंधित सामान, हथियार और ड्रग्स बरामद किए जाने की भी बात सामने आई है।

FBI के नेतृत्व में यह कार्रवाई केवल अमेरिका तक सीमित नहीं रही। बताया जा रहा है कि अमेरिका, कनाडा और यूरोप में करीब 50 से ज्यादा ठिकानों पर रेड की गई। इस दौरान कई संदिग्धों से पूछताछ की गई और बड़ी मात्रा में अवैध सामान जब्त किया गया। जांच एजेंसियों का फोकस लॉरेंस बिश्नोई गैंग, उसके सहयोगी गोल्डी बराड़ और जग्गू भगवानपुरिया से जुड़े नेटवर्क पर है।

लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े कई वांटेड गैंगस्टरों के अमेरिका, कनाडा और यूरोप में सक्रिय होने की बात लंबे समय से सामने आती रही है। भारतीय एजेंसियों के सूत्र भी समय-समय पर दावा करते रहे हैं कि भारत से फरार कई अपराधी विदेशों में बैठकर रंगदारी, हथियार तस्करी, ड्रग नेटवर्क और अन्य आपराधिक गतिविधियों को अंजाम दे रहे हैं। इसी नेटवर्क को कमजोर करने के लिए FBI ने यह बड़ा ऑपरेशन शुरू किया है।

इस बीच गोल्डी बराड़ के खिलाफ भी FBI ने बड़ा कदम उठाया है। अमेरिकी जांच एजेंसी ने सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ की गिरफ्तारी में मदद करने वाली जानकारी देने पर 50,000 डॉलर यानी करीब 43 लाख रुपये तक के इनाम की घोषणा की है। गोल्डी बराड़ को लॉरेंस बिश्नोई ऑर्गेनाइज्ड क्राइम ग्रुप का उत्तर अमेरिका में कथित तौर पर अहम चेहरा बताया जा रहा है।

FBI के मुताबिक, यह नेटवर्क अमेरिका, कनाडा और भारत में संगठित अपराधों से जुड़ा रहा है। एजेंसी का आरोप है कि इस गैंग की भूमिका राजनीतिक और धार्मिक नेताओं की हत्या की साजिश, गोलीबारी, हत्या, अपहरण, रंगदारी, नशीले पदार्थों और हथियारों की तस्करी जैसे गंभीर मामलों में रही है।

कनाडा सरकार ने पिछले साल लॉरेंस बिश्नोई गैंग को आतंकी संगठन घोषित किया था। वहीं लॉरेंस बिश्नोई के भाई अनमोल बिश्नोई को लेकर भी कई गंभीर आरोप सामने आते रहे हैं। दावा किया गया था कि वह अमेरिका में छिपकर भारत में आपराधिक गतिविधियों को निर्देशित कर रहा था। बाद में उसे भारत डिपोर्ट किए जाने की बात भी सामने आई।

फिलहाल FBI का ‘Operation Hard Ball’ जारी है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस नेटवर्क से जुड़े और लोगों पर कार्रवाई हो सकती है। इस ऑपरेशन को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क पर अब तक की बड़ी कार्रवाइयों में से एक माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *