24 Aug 2026, Mon

शुभमन गिल की बहन शहनील ने रियेलिटी शो ‘ट्रेटर्स’ पर उठाए सवाल, आरोपों पर बिफरीं पारुल गुलाटी, खुद को बताया इनोसेंट

मुंबई: करण जौहर के होस्ट किए जा रहे रियलिटी शो ‘द ट्रेटर्स 2’ को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। शो में लगातार हो रहे ट्विस्ट और कंटेस्टेंट्स की रणनीतियों के बीच अब भारतीय क्रिकेटर शुबमन गिल की बहन शहनील गिल ने शो के गेम पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। शहनील ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर करते हुए कथित तौर पर शो में फिक्सिंग और गेम के नियमों के साथ खिलवाड़ किए जाने की ओर इशारा किया। उनके आरोपों के बाद कंटेस्टेंट पारुल गुलाटी ने भी प्रतिक्रिया दी है।

शहनील ने लगाया फिक्सिंग का आरोप

शहनील ने हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें उन्होंने किसी कंटेस्टेंट का नाम लिए बिना कहा कि किसी के पास गेम से जुड़ा कोई सोर्स था। उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर चर्चाएं तेज हो गईं। शहनील ने कथित तौर पर आरोप लगाया कि कुछ कंटेस्टेंट्स को प्रोडक्शन से जुड़े लोगों से जानकारी मिली और उसके आधार पर गेम में फायदा उठाया गया।

हालांकि, शहनील ने अपने वीडियो में किसी का नाम सीधे तौर पर नहीं लिया है। इसके बावजूद सोशल मीडिया यूजर्स उनके बयान को शो की कंटेस्टेंट पारुल गुलाटी से जोड़कर देख रहे हैं। इसकी वजह शो में पारुल का कई बार अपनी ‘गट फीलिंग’ के आधार पर ट्रेटर्स की पहचान करने का दावा करना है।

पारुल की ‘गट फीलिंग’ ने खींचा ध्यान

‘द ट्रेटर्स 2’ में पारुल गुलाटी कई मौकों पर पूरे आत्मविश्वास के साथ कंटेस्टेंट्स पर शक जताती नजर आईं। उन्होंने क्रिस्टल डिसूजा और हरमन सिंह को ट्रेटर बताते हुए दावा किया था कि उन्हें अपनी गट फीलिंग से ऐसा महसूस हो रहा है।

पारुल ब्रेकफास्ट टेबल पर भी लगातार अपनी राय रखती थीं और दूसरे खिलाड़ियों को अपने अनुमान पर भरोसा करने के लिए मनाने की कोशिश करती थीं। उनकी इसी रणनीति ने दर्शकों के साथ-साथ शो के दूसरे कंटेस्टेंट्स का भी ध्यान खींचा।

पारुल गुलाटी ने आरोपों पर दिया जवाब

शहनील के बयान के बाद पारुल गुलाटी ने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा कि हर तरफ उनके खिलाफ शक का एक ‘सर्कल’ बनाया जा रहा है, लेकिन बड़ी बात यह है कि इस बार भी वह निर्दोष हैं।

पारुल के इस जवाब को शहनील के आरोपों पर उनकी प्रतिक्रिया माना जा रहा है। हालांकि, शहनील ने पारुल का नाम लेकर सीधे कोई आरोप नहीं लगाया है। वहीं, पारुल की पोस्ट पर भी फिलहाल किसी अन्य संबंधित कंटेस्टेंट की प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

कई बड़े नाम हो चुके हैं शो से बाहर

‘द ट्रेटर्स 2’ में शुरुआत से ही दर्शकों को रणनीति, विश्वासघात और गठबंधन का जबरदस्त खेल देखने को मिल रहा है। शो से मुनव्वर फारुकी के बाद अभिषेक मल्हान, रणवीर बरार और पारुल गुलाटी समेत कई चर्चित कंटेस्टेंट बाहर हो चुके हैं।

पारुल के बाहर होने के बाद अब उनके गेम को लेकर नए सवाल उठ रहे हैं। हालांकि शो में वास्तव में किसी तरह की फिक्सिंग हुई या नहीं, इसे लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है। ऐसे में शहनील के आरोप और पारुल का जवाब सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं तक ही सीमित हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *