26 Sep 2026, Sat

शाहरुख खान से 4 गुना ज्यादा अमीर हैं उनकी ‘स्वदेश’ हीरोइन के पति, 48100 करोड़ की संपत्ति के हैं मालिक

बॉलीवुड के सुपरस्टार शाहरुख खान अपनी फिल्मों और अभिनय के साथ-साथ अपनी शानदार लाइफस्टाइल और बेशुमार संपत्ति को लेकर भी अक्सर चर्चा में रहते हैं। हाल ही में जारी हुरुन इंडिया रिच लिस्ट 2026 के मुताबिक, शाहरुख खान की अनुमानित नेटवर्थ करीब 10,000 करोड़ रुपये बताई गई है। इसके साथ ही वह भारत के सबसे अमीर अभिनेताओं में शामिल हैं। हालांकि, शाहरुख खान से जुड़ा एक ऐसा नाम भी है, जिसकी संपत्ति अभिनेता से कई गुना ज्यादा है। यह नाम है रियल एस्टेट कारोबारी विकास ओबेरॉय का, जो अभिनेत्री गायत्री जोशी के पति हैं। गायत्री जोशी ने शाहरुख खान के साथ फिल्म ‘स्वदेस’ में काम किया था।

48,100 करोड़ रुपये की संपत्ति

हुरुन इंडिया रिच लिस्ट 2026 के अनुसार, विकास ओबेरॉय की कुल संपत्ति करीब 48,100 करोड़ रुपये आंकी गई है। इस संपत्ति के साथ वह देश के सबसे अमीर लोगों की सूची में 59वें स्थान पर हैं। पिछले साल उनकी संपत्ति करीब 42,960 करोड़ रुपये बताई गई थी और वह सूची में 58वें स्थान पर थे। इस तरह एक साल के दौरान उनकी संपत्ति में करीब 5,000 करोड़ रुपये से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई है, हालांकि रैंकिंग में वह एक पायदान नीचे आए हैं।

विकास ओबेरॉय रियल एस्टेट कारोबार से जुड़े बड़े कारोबारी हैं। दूसरी ओर उनकी पत्नी गायत्री जोशी ने मनोरंजन जगत में अपनी अलग पहचान बनाई थी। मॉडलिंग और टेलीविजन के बाद उन्होंने फिल्मों का रुख किया और शाहरुख खान के साथ ‘स्वदेस’ में नजर आईं। हालांकि, उनका फिल्मी करियर ज्यादा लंबा नहीं रहा।

75 हजार वर्गफुट में फैला है आलीशान घर

गायत्री जोशी और विकास ओबेरॉय मुंबई के पॉश जुहू इलाके में एक बेहद आलीशान घर में रहते हैं। बताया जाता है कि उनका यह घर करीब 75 हजार वर्गफुट में फैला हुआ है और नौ मंजिल का है। इस शानदार घर को मशहूर इटैलियन आर्किटेक्ट और डिजाइनर पिएरो लिसोनी ने डिजाइन किया है।

गायत्री ने एक पुराने इंटरव्यू में अपने घर की कई खासियतों के बारे में जानकारी दी थी। घर की दो बेसमेंट मंजिलों में पार्किंग के साथ फिटनेस से जुड़ी सुविधाएं मौजूद हैं। इसके अलावा एक अलग फ्लोर पर जिम, स्पा और करीब 12 लोगों के बैठने की क्षमता वाला निजी सिनेमा भी है। ग्राउंड फ्लोर से लेकर तीसरी मंजिल तक का हिस्सा मेहमानों के मनोरंजन और सोशल गैदरिंग के लिए इस्तेमाल किया जाता है।

छत पर बना है इन्फिनिटी पूल

घर की चौथी मंजिल से आगे का हिस्सा परिवार के निजी इस्तेमाल के लिए रखा गया है। वहीं छत पर बना इन्फिनिटी पूल इस घर की खासियतों में शामिल है। यहां से अरब सागर का शानदार नजारा दिखाई देता है।

घर में खूबसूरत इंटीरियर के साथ भारतीय कला जगत के कई मशहूर कलाकारों की कलाकृतियां भी मौजूद हैं। इनमें रविंदर रेड्डी, एमएफ हुसैन और मंजीत बावा जैसे कलाकारों के काम शामिल हैं। घर की व्यवस्था को लेकर भी गायत्री ने बताया था कि उनके पति चाहते थे कि इसे एक बुटीक होटल की तरह व्यवस्थित रखा जाए। हालांकि, गायत्री इसे होटल नहीं बल्कि परिवार का घर मानती हैं। इस आलीशान घर की सुविधाएं और विशाल आकार इसे मुंबई के चर्चित निजी आवासों में शामिल करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *