बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा और उनकी पत्नी सुनीता आहूजा के बीच चल रहा विवाद लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। दोनों की ओर से एक-दूसरे को लेकर बयान सामने आ रहे हैं और अब इस मामले में गोविंदा के भांजे कृष्णा अभिषेक की पत्नी और अभिनेत्री कश्मीरा शाह की एक सोशल मीडिया पोस्ट ने भी लोगों का ध्यान खींचा है। कश्मीरा ने बिना किसी का नाम लिए प्यार, शादी और रिश्तों को लेकर एक भावुक संदेश शेयर किया है।
कश्मीरा की इस पोस्ट को गोविंदा और सुनीता के बीच चल रहे विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, अभिनेत्री ने अपनी पोस्ट में किसी का नाम नहीं लिया है और न ही यह स्पष्ट किया है कि उनका इशारा किस तरफ है।
कश्मीरा ने शेयर की दिल के आकार वाले बादलों की तस्वीर
कश्मीरा शाह ने सोशल मीडिया पर आसमान की एक तस्वीर शेयर की, जिसमें बादल दिल के आकार में नजर आ रहे हैं। इस तस्वीर के साथ उन्होंने रिश्तों और सच्चे प्यार को लेकर सवाल खड़े किए।
उन्होंने अपने संदेश में इस बात पर चिंता जताई कि क्या सच्चा प्यार वास्तव में मौजूद है या फिर यह सिर्फ दिखावा बनकर रह गया है। कश्मीरा ने टूटती शादियों और रिश्तों में बढ़ती बेवफाई का जिक्र करते हुए कहा कि आसपास के माहौल को देखकर उनका शादी और सच्चे प्यार पर भरोसा कम होता जा रहा है।
हालांकि कश्मीरा ने सीधे तौर पर गोविंदा और सुनीता का नाम नहीं लिया, लेकिन सोशल मीडिया यूजर्स इस पोस्ट को मौजूदा विवाद से जोड़कर देख रहे हैं।
सुनीता की बयानबाजी पर गोविंदा ने जताई नाराजगी
दूसरी ओर गोविंदा ने भी पत्नी सुनीता आहूजा के बयानों पर अपनी नाराजगी जाहिर की है। हालिया विवाद और उनकी को-स्टार को लेकर सामने आई चर्चाओं के बीच गोविंदा ने सुनीता की भाषा शैली पर सवाल उठाए।
अभिनेता का कहना है कि सार्वजनिक मंचों पर परिवार और रिश्तों से जुड़ी बातों को लेकर भाषा की मर्यादा बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने यह भी कहा कि मशहूर लोगों के बयान का असर उनके फैंस और युवा दर्शकों पर पड़ता है, इसलिए सार्वजनिक तौर पर बोलते समय शब्दों का ध्यान रखना चाहिए।
गोविंदा ने सुनीता से संयम बरतने और इस तरह की बयानबाजी से बचने की अपील भी की है।
गोविंदा ने करियर को नुकसान पहुंचाने का लगाया आरोप
विवाद के बीच गोविंदा ने यह गंभीर आरोप भी लगाया कि जब भी वह किसी नए प्रोजेक्ट पर काम शुरू करते हैं, उसी समय उनके खिलाफ विवाद खड़े हो जाते हैं। अभिनेता के मुताबिक, ऐसी परिस्थितियों का उनके प्रोफेशनल करियर और फिल्मों पर असर पड़ सकता है।
गोविंदा ने अपने पुराने दिनों को याद करते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा सुनीता के काम और उनके प्रोजेक्ट्स का समर्थन किया। उनका कहना है कि उन्होंने अपने परिवार के सदस्यों के करियर को आगे बढ़ाने में सहयोग किया, लेकिन जब उनकी खुद की फिल्मों और प्रोजेक्ट्स की बात आती है तो विवाद पैदा हो जाते हैं।
परिवार के पुराने विवादों से जुड़ा है मामला
गोविंदा और कृष्णा अभिषेक के परिवारों के बीच रिश्तों को लेकर पहले भी कई बार सार्वजनिक तौर पर चर्चाएं होती रही हैं। कृष्णा की पत्नी कश्मीरा शाह भी कई मौकों पर परिवार से जुड़े मुद्दों पर अपनी राय रख चुकी हैं।
अब गोविंदा और सुनीता के बीच जारी जुबानी जंग के बीच कश्मीरा का यह क्रिप्टिक पोस्ट सामने आने से चर्चाओं का दौर और तेज हो गया है। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि कश्मीरा का संदेश सीधे तौर पर गोविंदा और सुनीता के विवाद को लेकर था या यह उनकी निजी भावनाओं से जुड़ी सामान्य पोस्ट थी।
फिलहाल गोविंदा और सुनीता के बीच सार्वजनिक बयानबाजी जारी है और कश्मीरा की पोस्ट ने इस पूरे मामले को एक नया एंगल दे दिया है।

