4 Aug 2026, Tue

रुबीना दिलैक को ले जाया गया अस्पताल, ‘खतरों के खिलाड़ी 15’ में हाई-रिस्क हेलीकॉप्टर और वॉटर स्टंट में बिगड़ी हालत

मुंबई: टीवी अभिनेत्री रुबीना दिलैक को लेकर एक चिंताजनक खबर सामने आई है। स्टंट आधारित रियलिटी शो ‘खतरों के खिलाड़ी 15’ की शूटिंग के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाने की खबर सामने आई है। सोशल मीडिया पर एक तस्वीर वायरल हो रही है, जिसमें रुबीना एंबुलेंस में नजर आ रही हैं। इस तस्वीर के सामने आने के बाद उनके प्रशंसकों के बीच चिंता बढ़ गई है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, रुबीना एक बेहद कठिन स्टंट कर रही थीं, तभी उनकी तबीयत अचानक खराब हो गई। बताया जा रहा है कि स्टंट के दौरान वह बेहोश हो गईं, जिसके बाद शूटिंग रोकनी पड़ी और मेडिकल टीम ने उन्हें तुरंत प्राथमिक उपचार दिया।

स्टंट के दौरान बिगड़ी तबीयत

‘खतरों के खिलाड़ी 15’ का हाल ही में जारी प्रोमो भी काफी चर्चा में था। प्रोमो में रुबीना दिलैक एक खतरनाक स्टंट करती दिखाई दे रही थीं, जिसमें वह एक नेट में फंसी हुई हेलीकॉप्टर से लटकी नजर आईं। इसी तरह के एक चुनौतीपूर्ण टास्क के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ने की बात सामने आई है।

सेलिब्रिटी फोटोग्राफर विरल भयानी द्वारा साझा की गई तस्वीर में रुबीना को एंबुलेंस में लेटे हुए देखा जा सकता है। रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि उन्हें बेहोशी की हालत में अस्पताल पहुंचाया गया।

रोहित शेट्टी ने पुकारा नाम

प्रोमो के कुछ दृश्यों में यह भी दिखाया गया है कि स्टंट के दौरान स्थिति गंभीर होने पर शो के होस्ट रोहित शेट्टी लगातार रुबीना का नाम पुकारते नजर आते हैं। बताया जा रहा है कि बेहोश होने के बाद वह पानी में गिर गई थीं, जिसके बाद रेस्क्यू टीम ने तुरंत उन्हें बाहर निकाला और मेडिकल सहायता उपलब्ध कराई।

हालांकि शो के निर्माताओं या रुबीना दिलैक की टीम की ओर से उनकी स्वास्थ्य स्थिति को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

फैंस ने जताई चिंता

रुबीना दिलैक टीवी इंडस्ट्री की लोकप्रिय अभिनेत्रियों में गिनी जाती हैं। वह इससे पहले भी ‘खतरों के खिलाड़ी’ का हिस्सा रह चुकी हैं और अपने मजबूत प्रदर्शन के लिए जानी जाती हैं।

तस्वीर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर फैंस उनके जल्द स्वस्थ होने की दुआ कर रहे हैं। कई प्रशंसकों ने लिखा कि स्टंट शो में सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

इस बार बदला है शो का फॉर्मेट

‘खतरों के खिलाड़ी 15’ इस बार नए फॉर्मेट के साथ आ रहा है। रिपोर्ट्स के अनुसार, इस सीजन में पारंपरिक ‘फियर फंदा’ की जगह एक नया कॉन्सेप्ट लाया गया है। इसमें हारने वाले प्रतियोगियों को अपने निजी और वास्तविक डर का सामना करना होगा, जिससे शो पहले से अधिक चुनौतीपूर्ण बन गया है।

इस सीजन में रुबीना दिलैक के अलावा ऋत्विक धनजानी, गौरव खन्ना, जैस्मिन भसीन, अविका गौर, हर्ष गुजराल, शगुन शर्मा और फरहाना भट्ट जैसे कई लोकप्रिय चेहरे भी नजर आने वाले हैं।

फिलहाल रुबीना की सेहत को लेकर आधिकारिक अपडेट का इंतजार किया जा रहा है। उनके प्रशंसक उम्मीद कर रहे हैं कि अभिनेत्री जल्द स्वस्थ होकर फिर से अपने दमदार अंदाज में स्क्रीन पर वापसी करेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *