मुंबई: बॉलीवुड अभिनेत्री भूमि पेडनेकर इन दिनों अपने एक वायरल वीडियो को लेकर सुर्खियों में हैं। मुंबई में आयोजित एक इवेंट के दौरान भूमि ने ऐसा कदम उठाया, जिसकी सोशल मीडिया पर जमकर तारीफ हो रही है। दरअसल, अभिनेत्री जब पैपराजी के सामने पोज देने के लिए पहुंचीं, तभी उन्हें हॉल के अंदर से भारत का राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ सुनाई दिया। राष्ट्रगान की आवाज सुनते ही भूमि ने फोटोशूट रोक दिया और सम्मान में खड़ी हो गईं।
भूमि के इस व्यवहार का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में अभिनेत्री को राष्ट्रगान के दौरान पैपराजी को तस्वीरें लेने से रोकते हुए देखा जा सकता है। उनके इस छोटे से कदम ने सोशल मीडिया यूजर्स का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है।
राष्ट्रगान सुनते ही रोक दिया फोटोशूट
वायरल वीडियो में भूमि पेडनेकर व्हाइट साड़ी और ब्लैक ब्लाउज में बेहद खूबसूरत नजर आ रही हैं। वह इवेंट में पहुंचने के बाद रेड कार्पेट पर पैपराजी के लिए पोज देने जा रही थीं। इसी दौरान उन्हें राष्ट्रगान की आवाज सुनाई देती है।
भूमि तुरंत रुक जाती हैं और पैपराजी से कहती हैं, ‘एक सेकंड, राष्ट्रगान…’ इसके बाद वह फोटो खिंचवाना रोककर एक तरफ खड़ी हो जाती हैं। अभिनेत्री राष्ट्रगान खत्म होने तक सम्मान के साथ खड़ी रहती हैं। राष्ट्रगान पूरा होने के बाद वह दोबारा रेड कार्पेट पर लौटती हैं और पैपराजी के लिए पोज देती हैं।
सोशल मीडिया पर हो रही जमकर तारीफ
भूमि के इस अंदाज को देखने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स उनकी तारीफ करते नहीं थक रहे हैं। वीडियो पर कमेंट करते हुए कई लोगों ने उनके व्यवहार को सम्मानजनक और समझदारी भरा कदम बताया है।
एक यूजर ने लिखा, ‘बहुत समझदारी भरा कदम, इसलिए एजुकेशन जरूरी है।’ वहीं एक अन्य यूजर ने अभिनेत्री की तारीफ करते हुए लिखा, ‘उन्हें सम्मान।’ एक और सोशल मीडिया यूजर ने इसे खूबसूरत और सम्मान से भरा पल बताया।
हालांकि, कुछ यूजर्स का यह भी कहना है कि राष्ट्रगान सुनाई देते ही भूमि को अपनी जगह पर रुक जाना चाहिए था। इसके बावजूद वीडियो पर ज्यादातर प्रतिक्रियाएं अभिनेत्री के सम्मानजनक व्यवहार की तारीफ में ही देखने को मिल रही हैं।
इन फिल्मों और सीरीज में नजर आ चुकी हैं भूमि
वर्कफ्रंट की बात करें तो भूमि पेडनेकर हाल ही में साइकोलॉजिकल क्राइम थ्रिलर सीरीज ‘दलदल’ में नजर आई थीं। इस सीरीज में उनके साथ समारा साहनी और आदित्य रावल भी अहम भूमिकाओं में दिखाई दिए। यह सीरीज विश्व धमीजा के चर्चित उपन्यास ‘भिंडी बाजार’ पर आधारित बताई गई है।
इसके अलावा भूमि पेडनेकर साल 2025 में रिलीज हुई फिल्म ‘मेरे हसबैंड की बीवी’ में भी नजर आई थीं। इस फिल्म में उनके साथ अर्जुन कपूर और रकुल प्रीत सिंह मुख्य भूमिकाओं में थे।
भूमि अपनी फिल्मों के अलावा कई बार अपने बयानों को लेकर भी चर्चा में रहती हैं। हाल के दिनों में उनके राजनीति में आने को लेकर भी सवाल उठे थे। भूमि का पारिवारिक संबंध राजनीतिक पृष्ठभूमि से रहा है, जिसके चलते उनकी राजनीति में एंट्री को लेकर अक्सर चर्चा होती रहती है।

