27 Aug 2026, Thu

भारती सिंह ने बताया कैसे बनाते हैं नेपाली तिल की चटपटी चटनी, खाने में लगती है बेहद स्वादिष्ठ, नोट करें रेसिपी

अगर आप रोज-रोज एक जैसी धनिया, पुदीना या टमाटर की चटनी खाकर बोर हो चुके हैं और कुछ नया ट्राई करना चाहते हैं, तो नेपाल की मशहूर तिल की चटनी आपके लिए बेहतरीन विकल्प हो सकती है। सफेद तिल, टमाटर, धनिया, पुदीना, लहसुन, लाल मिर्च और इमली के पानी से तैयार होने वाली यह चटनी स्वाद में बेहद चटपटी और खुशबूदार होती है। खास बात यह है कि इसे बनाने में ज्यादा समय भी नहीं लगता।

तिल की यह चटनी रोटी, चावल, पराठे या अन्य खाने के साथ साइड डिश के तौर पर परोसी जा सकती है। कॉमेडियन भारती सिंह ने भी अपने यूट्यूब चैनल पर इस नेपाली स्टाइल की चटनी बनाने का तरीका शेयर किया है। अगर आप भी घर पर कुछ अलग और स्वादिष्ट बनाना चाहते हैं, तो इस आसान रेसिपी को जरूर ट्राई कर सकते हैं।

तिल की चटनी के लिए चाहिए ये सामग्री

इस चटनी को बनाने के लिए आपको एक कप सफेद तिल, 4-5 सूखी लाल मिर्च, 10-12 लहसुन की कलियां, एक छोटा टुकड़ा अदरक, एक मुट्ठी हरा धनिया, कुछ पुदीने की पत्तियां और एक बड़ा टमाटर चाहिए। इसके अलावा स्वादानुसार नमक और इमली का पानी लें।

चटनी का स्वाद और खुशबू बढ़ाने के लिए आखिर में तड़का लगाया जाता है। इसके लिए थोड़ा तेल, मेथी दाना और करी पत्ते की जरूरत होगी।

सबसे पहले भूनें तिल और लाल मिर्च

तिल की चटनी बनाने के लिए सबसे पहले एक पैन को गैस पर गर्म करें। इसमें सफेद तिल डालकर धीमी से मध्यम आंच पर अच्छी तरह भूनें। तिल का रंग हल्का सुनहरा होने और खुशबू आने तक इसे रोस्ट करें। इसके बाद सूखी लाल मिर्च को भी हल्का भून लें।

अब उसी गैस पर टमाटर को रखकर भूनें। टमाटर को तब तक भूनना है जब तक वह अंदर से अच्छी तरह पक न जाए। ध्यान रखें कि आंच बहुत तेज न हो, वरना टमाटर ऊपर से जल सकता है और अंदर से कच्चा रह सकता है। टमाटर पक जाने के बाद उसे पानी में डालकर उसका छिलका उतार लें।

मिक्सर में तैयार करें चटनी

अब एक मिक्सर जार लें और उसमें भुने हुए तिल, लाल मिर्च, लहसुन और अदरक डालकर पीस लें। इसके बाद इसमें धनिया की पत्तियां, पुदीना, भुना हुआ टमाटर, स्वादानुसार नमक और इमली का पानी डालें।

सभी चीजों को अच्छी तरह पीसकर एक बारीक पेस्ट तैयार कर लें। जरूरत के अनुसार थोड़ा पानी डालकर चटनी की कंसिस्टेंसी को अपने हिसाब से रखा जा सकता है। तैयार चटनी को एक बड़े बाउल में निकाल लें।

मेथी और करी पत्ते का लगाएं तड़का

अब चटनी का स्वाद बढ़ाने के लिए तड़का तैयार करें। इसके लिए एक छोटी करछी या तड़का पैन में थोड़ा तेल गर्म करें। इसमें मेथी दाना और करी पत्ता डालें। जब मेथी चटकने लगे और करी पत्ते की खुशबू आने लगे, तो इस तड़के को तुरंत तैयार चटनी के ऊपर डाल दें।

बस तैयार है आपकी चटपटी नेपाली तिल की चटनी। तिल का हल्का नटी स्वाद, लाल मिर्च की तीखापन, टमाटर की खटास और इमली का स्वाद इस चटनी को खास बनाता है। इसे गर्म रोटी, पराठे या चावल के साथ परोसकर खाने का स्वाद कई गुना बढ़ाया जा सकता है।

अगर आप खाने के साथ कोई ऐसी चटनी चाहते हैं जो स्वाद में अलग होने के साथ जल्दी भी तैयार हो जाए, तो यह रेसिपी आपकी किचन में जरूर जगह बना सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *