सिद्धार्थ मल्होत्रा इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म ‘द वन- फोर्स ऑफ फॉरेस्ट’ को लेकर सुर्खियों में हैं। फिल्म में उनके साथ तमन्ना भाटिया मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। हाल ही में मेकर्स ने फिल्म का टीजर जारी किया, जिसने दर्शकों के बीच काफी उत्सुकता पैदा कर दी है। टीजर में रहस्यमयी जंगल, अलौकिक शक्तियों और लोककथाओं की झलक देखने को मिली है। अब फिल्म के निर्देशक दीपक मिश्रा और निर्माता-लेखक अरुणाभ कुमार ने फिल्म की कहानी और इसके पीछे की प्रेरणा को लेकर कई बड़े खुलासे किए हैं।
बिहार के रहस्यमयी मंदिर से जुड़ी है कहानी
‘द वन’ की कहानी किसी काल्पनिक दुनिया से पूरी तरह नहीं निकली है, बल्कि इसकी प्रेरणा बिहार में स्थित एक प्राचीन मंदिर और उससे जुड़ी लोककथाओं से मिली है। अरुणाभ कुमार ने बताया कि फिल्म की कहानी पटना के पास स्थित वन देवी मंदिर से जुड़ी सच्ची घटनाओं और वहां प्रचलित लोककथाओं से प्रेरित है।
अरुणाभ कुमार के मुताबिक, मंदिर और उसके आसपास रहने वाले लोगों से बातचीत के दौरान उन्हें इस जगह से जुड़ी कई दिलचस्प और रहस्यमयी कहानियों के बारे में पता चला। उन्होंने स्थानीय पुजारियों, ग्रामीणों और मंदिर में आने वाले लोगों से बातचीत की। इन बातचीत ने उनकी दिलचस्पी इस कहानी में और बढ़ा दी।
16वीं सदी में बनाया गया था मंदिर
अरुणाभ कुमार ने बताया कि वन देवी मंदिर का निर्माण 16वीं सदी में हुआ था। स्थानीय लोगों और ग्रामीणों के बीच आज भी इस जगह को लेकर कई लोककथाएं प्रचलित हैं। बताया जाता है कि जंगल में कुछ ऐसी शक्तियों का अस्तित्व था, जो लोगों को परेशान करती थीं। यही वजह थी कि सूर्यास्त के बाद लोगों को जंगल में जाने की अनुमति नहीं थी।
अरुणाभ ने बताया कि करीब दो साल पहले उन्होंने इस कहानी के बारे में निर्देशक दीपक मिश्रा को बताया था। दोनों को यह कहानी बेहद रोमांचक लगी और उन्होंने इसे बड़े पर्दे पर लाने का फैसला किया। इसके बाद वे इस आइडिया को लेकर एकता कपूर के पास पहुंचे। कहानी सुनने के बाद एकता कपूर को भी लगा कि इसमें बड़े पर्दे के लिए काफी संभावनाएं हैं।
दीपक मिश्रा ने बताया क्यों खास है फिल्म
‘द वन’ का निर्देशन दीपक मिश्रा ने किया है, जिन्हें लोकप्रिय वेब सीरीज ‘पंचायत’ के निर्देशन के लिए जाना जाता है। फिल्म को लेकर उन्होंने बताया कि इस कहानी को पर्दे पर उतारना आसान नहीं था। फिल्म की दुनिया सामान्य शूटिंग के जरिए तैयार नहीं की जा सकती थी, इसलिए मेकर्स ने तकनीक का सहारा लिया।
दीपक मिश्रा के मुताबिक, फिल्म में स्पेशल इफेक्ट्स और एनिमेशन की मदद से एक ऐसी दुनिया तैयार की गई है, जो दर्शकों को भारतीय लोककथाओं और रहस्य से भरी एक अलग दुनिया में ले जाएगी।
सिद्धार्थ-तमन्ना के साथ नजर आएंगे ये सितारे
‘द वन- फोर्स ऑफ फॉरेस्ट’ में सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया मुख्य भूमिका में हैं। इनके अलावा फिल्म में सुनील ग्रोवर, मनीष पॉल, अजय राजू और अनूप सोनी भी महत्वपूर्ण किरदारों में नजर आएंगे। फिल्म को बालाजी मोशन पिक्चर्स प्रस्तुत कर रहा है, जबकि इसके निर्माण से एकता कपूर और टीवीएफ के अरुणाभ कुमार जुड़े हुए हैं।
फिल्म का टीजर सामने आने के बाद दर्शकों की दिलचस्पी काफी बढ़ गई है। भारतीय लोककथाओं, प्राचीन मान्यताओं, रहस्य और फैंटेसी को एक साथ पेश करने वाली यह फिल्म 25 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

