बागपत: उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। बड़ौत शहर के पठानकोट मोहल्ले में देर रात घर के अंदर सिलेंडर में गैस लीकेज होने से भीषण आग लग गई। हादसे में चार वर्षीय मासूम बच्चे की मौत हो गई, जबकि परिवार के कई सदस्य गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद पूरे मोहल्ले में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोगों ने मिलकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया।
जानकारी के अनुसार, यह घटना बड़ौत कोतवाली क्षेत्र के पठानकोट मोहल्ले में रहने वाले हासिम के घर में हुई। बताया जा रहा है कि देर रात परिवार के सदस्य चाय बना रहे थे। इसी दौरान बड़े घरेलू गैस सिलेंडर में अचानक लीकेज हो गया और देखते ही देखते आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि पास में रखा पांच किलोग्राम का छोटा सिलेंडर भी उसकी चपेट में आ गया।
घर में आग लगते ही परिवार के सदस्यों में चीख-पुकार मच गई। सभी लोग अपनी जान बचाने के लिए घर से बाहर निकलने लगे। इसी बीच परिवार को एहसास हुआ कि चार वर्षीय जैद घर के अंदर ही रह गया है। घबराए परिजन उसे खोजने के लिए दोबारा आग से घिरे घर में दाखिल हुए।
बताया जाता है कि आग और अफरा-तफरी के बीच मासूम जैद डरकर एक चारपाई के नीचे छिप गया था। उसे बाहर निकालने की कोशिश में उसके दादा कय्यूम, दादी संजीदा और 10 वर्षीय बड़ा भाई भी आग की चपेट में आकर झुलस गए। किसी तरह बच्चे को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक वह गंभीर रूप से झुलस चुका था।
घटना के तुरंत बाद जैद को बेहतर इलाज के लिए दिल्ली के अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। बच्चे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। वहीं, आग लगे सिलेंडर को घर से बाहर निकालने के प्रयास में जैद के चाचा वसीम भी गंभीर रूप से झुलस गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगे सिलेंडर को किसी तरह घर से निकालकर पास के एक खाली प्लॉट में फेंका गया। इसके बावजूद सिलेंडर से निकल रही आग की लपटें काफी ऊंचाई तक उठती रहीं, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। स्थानीय निवासियों ने मिलकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और स्थिति को नियंत्रण में लाया।
मृतक जैद अपने छह भाई-बहनों में सबसे छोटा था। परिवार आर्थिक रूप से साधारण स्थिति में है। उसके पिता हासिम वाहन चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं, जबकि परिवार के अन्य सदस्य मजदूरी कर जीवनयापन करते हैं। इस दुखद घटना के बाद पूरे मोहल्ले में शोक का माहौल है और बड़ी संख्या में लोग परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी जुटाई। हालांकि, परिजनों ने बच्चे के शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया है। प्रशासन ने लोगों से गैस सिलेंडर और रसोई उपकरणों के उपयोग के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।

