तमिल सिनेमा के सुपरस्टार और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय के बेटे जेसन संजय इन दिनों अपनी पहली निर्देशित फिल्म ‘सिगमा’ को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म की रिलीज से पहले इसका प्री-रिलीज इवेंट सलेम में आयोजित किया गया, जहां जेसन संजय ने फिल्म और अपने पिता से जुड़े कई सवालों के जवाब दिए। इस दौरान उन्होंने साफ किया कि विजय फिल्म के प्रमोशन में शामिल नहीं होंगे। जेसन ने इसकी वजह भी बताई और कहा कि वह चाहते हैं कि फिल्म को उनकी पहचान के बजाय उसकी कहानी और पूरी टीम की मेहनत के लिए जाना जाए।
पिता के नाम से अलग बनाना चाहते हैं फिल्म की पहचान
जेसन संजय ने बताया कि उनके पिता फिल्म की रिलीज का इंतजार कर रहे हैं और फिल्म देखने के लिए उत्साहित हैं। हालांकि, वह इसके प्रमोशनल इवेंट्स का हिस्सा नहीं बनेंगे। जेसन के मुताबिक वह नहीं चाहते कि फिल्म का प्रचार सिर्फ इस वजह से चर्चा में आए कि इसे विजय के बेटे ने निर्देशित किया है।
वह चाहते हैं कि दर्शक ‘सिगमा’ की कहानी, कलाकारों के अभिनय और पूरी टीम की मेहनत पर ध्यान दें। जेसन ने यह भी कहा कि उनके पिता अब तमिलनाडु के मुख्यमंत्री हैं और उनके पास कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां हैं। ऐसे में फिल्म के प्रमोशन के लिए उनका समय देना जरूरी नहीं है। जेसन के मुताबिक उनके पिता इस समय इस बात का इंतजार कर रहे हैं कि उन्होंने बतौर निर्देशक क्या तैयार किया है।
पिता से सीखी समय की पाबंदी
इवेंट के दौरान जेसन से उनके पिता से मिली सबसे खास सीख के बारे में भी सवाल किया गया। इसके जवाब में उन्होंने सिर्फ एक शब्द कहा- ‘पंक्चुअलिटी’। यानी समय की पाबंदी। जेसन ने बताया कि उन्होंने अपने पिता से यह आदत सीखी है।
विजय के मुख्यमंत्री बनने को लेकर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए जेसन ने कहा कि वह इस बात से बेहद खुश थे। उन्होंने इसे अपने और अपने आसपास के लोगों के लिए खुशी का पल बताया। जेसन ने यह भी संकेत दिया कि भविष्य में अगर उन्हें अभिनय का मौका मिलता है तो वह इस दिशा में भी आगे बढ़ सकते हैं। फिलहाल उनका पूरा ध्यान अपनी पहली फिल्म को बतौर निर्देशक दर्शकों तक पहुंचाने पर है।
प्री-रिलीज इवेंट में लगे राजनीतिक नारे
सलेम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान दर्शकों की ओर से राजनीतिक संगठन से जुड़े नारे भी लगाए गए। जेसन के मंच पर बोलने के दौरान भीड़ लगातार नारे लगाती रही। परिवार को धन्यवाद देने के दौरान भी नारेबाजी सुनाई दी। इस बीच फिल्म के कलाकार सुंदीप किशन और फारिया अब्दुल्लाह की प्रतिक्रियाएं भी देखने को मिलीं।
कार्यक्रम के होस्ट ने स्थिति को संभालने की कोशिश की और माइक्रोफोन की आवाज को एडजस्ट किया। जेसन ने भी मुस्कुराते हुए भीड़ की ओर अंगूठा दिखाया और इसके बाद अपना भाषण जारी रखा।
आम आदमी की कहानी है ‘सिगमा’
फिल्म की कहानी के बारे में बात करते हुए जेसन संजय ने बताया कि ‘सिगमा’ एक आम आदमी की कहानी है। उनके मुताबिक जिंदगी में हर व्यक्ति कभी न कभी ऐसी परिस्थितियों का सामना करता है, जब उसके फैसले मुश्किलें खड़ी कर देते हैं। इसके बाद उन परेशानियों से निकलकर दोबारा खड़े होने की कोशिश ही असली सफर बन जाती है।
जेसन के अनुसार फिल्म इसी तरह की परिस्थिति से गुजरने वाले एक आम आदमी की कहानी को दिखाती है, जिससे दर्शक खुद को जोड़ सकते हैं। फिल्म को हीस्ट कॉमेडी के तौर पर पेश किया जा रहा है, जिसमें मनोरंजन के साथ कहानी को भी अहमियत दी गई है। जेसन की बतौर निर्देशक यह पहली फिल्म है और इसकी रिलीज से पहले वह लगातार फिल्म की टीम और कहानी को लेकर चर्चा कर रहे हैं।

