चेन्नई। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने सोमवार को विधानसभा में राज्य की जनता के लिए कई बड़ी कल्याणकारी योजनाओं की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा योजना के विस्तार का ऐलान किया है। इसके तहत अब महिलाएं डीलक्स और एक्सप्रेस समेत कई सरकारी बसों में बिना किराया यात्रा कर सकेंगी। सरकार इस योजना को 2 अक्टूबर, महात्मा गांधी की जयंती से लागू करेगी।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने हर पात्र परिवार को साल में तीन मुफ्त LPG सिलेंडर उपलब्ध कराने की भी घोषणा की। योजना के तहत सिलेंडर की राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में ट्रांसफर की जाएगी। वहीं, लंबे समय से विवादों में रही परंदूर ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट परियोजना को रद्द करने का भी ऐलान किया गया है।
‘वेत्री पयनम’ योजना के तहत महिलाओं को मुफ्त सफर
मुख्यमंत्री विजय ने विधानसभा में महिलाओं के लिए ‘वेत्री पयनम’ योजना की घोषणा की। इस योजना के तहत महानगरीय और शहरी क्षेत्रों में संचालित सरकारी एक्सप्रेस, एलएसएस और डीलक्स बसों में महिलाओं को मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी।
वहीं, जिलों के बीच चलने वाली साधारण किराये वाली मोफस्सिल और पहाड़ी क्षेत्र की सरकारी बसों में भी महिलाएं मुफ्त यात्रा कर सकेंगी। सरकार ने इस योजना को 2 अक्टूबर से लागू करने का फैसला किया है।
खास बात यह है कि योजना का लाभ लेने के लिए कोई आय सीमा निर्धारित नहीं की गई है। इसके अलावा मुफ्त यात्रा के लिए यात्राओं की संख्या पर भी कोई प्रतिबंध नहीं होगा। ट्रांसजेंडर लोग भी इस योजना का लाभ उठा सकेंगे।
सरकार का मानना है कि योजना के विस्तार से महिलाओं को सार्वजनिक परिवहन में राहत मिलेगी और शिक्षा, रोजगार तथा अन्य जरूरी कामों के लिए उनकी आवाजाही आसान होगी।
हर पात्र परिवार को मिलेंगे तीन मुफ्त गैस सिलेंडर
मुख्यमंत्री विजय ने एक अन्य बड़ी घोषणा करते हुए ‘अन्नपूर्णाई सुपर सिक्स’ योजना के तहत पात्र परिवारों को साल में तीन मुफ्त LPG सिलेंडर देने का ऐलान किया।
उन्होंने बताया कि पोंगल पर्व के बाद 14 जनवरी से इस योजना को लागू किया जाएगा। सरकार गैस सिलेंडर की राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में ट्रांसफर करेगी। इस योजना से करीब 1 करोड़ 30 लाख परिवारों को लाभ मिलने की उम्मीद है।
सरकार के मुताबिक, इस योजना पर हर साल लगभग 4,000 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसमें ऐसे परिवार शामिल होंगे जिनकी वार्षिक आय 2.5 लाख रुपये से कम है। इसके अलावा छोटे और सीमांत किसान परिवार, दिव्यांग परिवार तथा अन्य कमजोर वर्गों को भी योजना के दायरे में रखा गया है।
परंदूर एयरपोर्ट परियोजना रद्द
मुख्यमंत्री विजय ने विधानसभा में परंदूर ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट परियोजना को रद्द करने की घोषणा भी की। इस परियोजना का स्थानीय किसान लंबे समय से विरोध कर रहे थे। किसानों का कहना था कि एयरपोर्ट के लिए उनकी जमीन का अधिग्रहण किया जा सकता है, जिसका वे विरोध कर रहे थे।
सरकार के इस फैसले के बाद परियोजना को लेकर चल रहा विवाद खत्म होने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री के मुताबिक सरकार का उद्देश्य विकास योजनाओं के साथ जनता के हितों और स्थानीय लोगों की चिंताओं को भी ध्यान में रखना है।
सीएम विजय की इन घोषणाओं को तमिलनाडु सरकार की प्रमुख कल्याणकारी पहलों के रूप में देखा जा रहा है। मुफ्त बस यात्रा और LPG सिलेंडर जैसी योजनाओं से बड़ी संख्या में महिलाओं और परिवारों को सीधे आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है।

