मुंबई: साउथ सिनेमा की लोकप्रिय अभिनेत्री श्रीलीला आज अपना जन्मदिन मना रही हैं। इस खास मौके पर उनके को-स्टार और बॉलीवुड अभिनेता कार्तिक आर्यन ने बेहद खास अंदाज में उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। कार्तिक का यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और फैंस के बीच चर्चा का विषय बन गया है।
कार्तिक आर्यन इन दिनों निर्देशक अनुराग बसु की आगामी फिल्म ‘तू मेरी जिंदगी है’ की शूटिंग में व्यस्त हैं। इस फिल्म में उनके साथ श्रीलीला मुख्य भूमिका में नजर आने वाली हैं। दोनों कलाकार पहली बार बड़े पर्दे पर साथ दिखाई देंगे और उनकी जोड़ी को लेकर दर्शकों में काफी उत्साह है।
श्रीलीला के जन्मदिन पर कार्तिक ने आधी रात को अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक खास तस्वीर साझा की। यह तस्वीर बाइक राइड के दौरान ली गई सेल्फी जैसी लग रही थी। फोटो में बाइक के शीशे में दोनों की झलक दिखाई दे रही थी। तस्वीर के साथ कार्तिक ने लिखा, “हैप्पी बर्थडे श्री श्री”। इसके अलावा तस्वीर पर लिखा टेक्स्ट भी लोगों का ध्यान खींचने में सफल रहा, जिसमें लिखा था, “शीशे में दिख रही चीजें असल में पास होती हैं।”
कार्तिक के इस पोस्ट पर श्रीलीला ने भी प्यार भरा जवाब दिया। उन्होंने पोस्ट को री-शेयर करते हुए लिखा, “थैंक यू स्वीटेस्ट।” दोनों के बीच की यह बातचीत सोशल मीडिया पर फैंस को काफी पसंद आ रही है। कई यूजर्स ने दोनों की केमिस्ट्री की तारीफ करते हुए उन्हें बॉलीवुड की नई हिट जोड़ी बताया।
बता दें कि पिछले साल फिल्म ‘तू मेरी जिंदगी है’ का पहला लुक जारी किया गया था। टीजर में कार्तिक एक रॉकस्टार के किरदार में नजर आए थे, जबकि श्रीलीला के साथ उनकी रोमांटिक केमिस्ट्री की झलक भी देखने को मिली थी। फिल्म को पहले ‘आशिकी 3’ के नाम से पेश किया गया था, लेकिन बाद में मेकर्स ने इसका नाम बदलकर ‘तू मेरी जिंदगी है’ कर दिया। फिल्म पहले दिवाली 2025 पर रिलीज होने वाली थी, हालांकि बाद में इसकी रिलीज डेट आगे बढ़ा दी गई।
फिल्म को लेकर एक और चर्चा लंबे समय तक सुर्खियों में रही। शुरुआत में खबरें थीं कि अभिनेत्री तृप्ति डिमरी इस फिल्म में फीमेल लीड के तौर पर नजर आ सकती हैं। हालांकि बाद में श्रीलीला को फिल्म के लिए चुना गया। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि तृप्ति की व्यस्तता और अन्य प्रोजेक्ट्स के कारण वह इस फिल्म का हिस्सा नहीं बन सकीं।
इन अटकलों पर विराम लगाते हुए निर्देशक अनुराग बसु ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने स्पष्ट किया था कि किसी कलाकार की छवि या पिछले किरदारों का फिल्म की कास्टिंग से कोई संबंध नहीं था। अनुराग बसु के अनुसार, तृप्ति डिमरी पहले से ही दूसरे प्रोजेक्ट्स में व्यस्त थीं, जिसके चलते तारीखों का तालमेल नहीं बैठ पाया।
फिलहाल कार्तिक आर्यन और श्रीलीला की जोड़ी को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह बना हुआ है। वहीं, श्रीलीला के जन्मदिन पर कार्तिक की यह खास शुभकामना एक बार फिर दोनों की शानदार बॉन्डिंग को दर्शाती है। अब फैंस को उनकी आगामी फिल्म के रिलीज होने का बेसब्री से इंतजार है।

