29 Apr 2026, Wed

कमर दर्द दूर करने के असरदार घरेलू उपाय

कमर दर्द आज के समय में एक आम समस्या बन चुकी है, जिससे हर उम्र के लोग प्रभावित हो रहे हैं। लंबे समय तक बैठने, गलत पोश्चर, भारी वजन उठाने या शारीरिक गतिविधि की कमी के कारण यह समस्या और बढ़ जाती है। ऐसे में घरेलू उपाय दर्द से राहत पाने में काफी मददगार साबित हो सकते हैं।

अदरक को कमर दर्द में बेहद असरदार माना जाता है क्योंकि इसमें एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण पाए जाते हैं, जो सूजन और दर्द को कम करने में मदद करते हैं। इसके लिए अदरक के कुछ टुकड़ों को पानी में उबालकर चाय बनाई जा सकती है और उसमें थोड़ा शहद मिलाकर पिया जा सकता है। इसके अलावा अदरक के तेल से हल्की मालिश करने से भी दर्द में आराम मिलता है और मांसपेशियों की जकड़न कम होती है।

इसी तरह लहसुन भी दर्द निवारक गुणों से भरपूर माना जाता है। यह मांसपेशियों की जकड़न को कम करने में मदद करता है। इसके लिए नारियल या सरसों के तेल में 8 से 10 कलियां लहसुन की डालकर तब तक गर्म किया जाता है जब तक वे काली न हो जाएं। जब यह तेल हल्का गुनगुना हो जाए, तो इससे कमर की मालिश करने से दर्द में राहत मिल सकती है।

कमर दर्द में सिकाई भी बेहद प्रभावी उपाय माना जाता है। अगर दर्द नया है या सूजन अधिक है, तो बर्फ से सिकाई करने की सलाह दी जाती है, जिससे सूजन कम होती है। वहीं पुराने दर्द और जकड़न के लिए गर्म सिकाई अधिक फायदेमंद होती है। इसके लिए हीटिंग पैड या गर्म पानी की बोतल का उपयोग किया जा सकता है, जिससे मांसपेशियों को आराम मिलता है।

सेंधा नमक भी कमर दर्द में राहत देने में उपयोगी माना जाता है। इसमें मैग्नीशियम सल्फेट पाया जाता है, जो नसों और मांसपेशियों को रिलैक्स करता है। इसके लिए गर्म पानी से भरे टब में 2 कप सेंधा नमक मिलाकर 15 से 20 मिनट तक उसमें बैठना या उस पानी से कमर की सिकाई करना लाभदायक हो सकता है।

हालांकि, अगर कमर दर्द लगातार बना रहे या बढ़ता जाए, तो डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है। ये घरेलू उपाय शुरुआती या हल्के दर्द में राहत देने में सहायक हो सकते हैं, लेकिन गंभीर समस्या में चिकित्सा परामर्श आवश्यक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *