आज के दौर में सोशल मीडिया सिर्फ मनोरंजन का माध्यम नहीं रह गया है, बल्कि यहां हर दिन नए शब्द और स्लैंग भी जन्म लेते हैं। खासकर Gen Z और Gen Alpha के बीच नए-नए शब्द तेजी से लोकप्रिय हो रहे हैं। इन दिनों इंस्टाग्राम रील्स, मीम्स और कमेंट सेक्शन में ऐसा ही एक शब्द खूब देखने को मिल रहा है- ‘ऑरा फार्मिंग (Aura Farming)’। अगर आपने भी सोशल मीडिया पर यह शब्द पढ़ा या सुना है और इसका मतलब समझ नहीं आया, तो आइए जानते हैं कि आखिर ‘ऑरा फार्मिंग’ क्या है और इसका इस्तेमाल किस तरह किया जाता है।
क्या है ‘ऑरा फार्मिंग’?
‘ऑरा फार्मिंग’ का इस्तेमाल ऐसी स्थिति के लिए किया जाता है, जब कोई व्यक्ति जानबूझकर या कभी-कभी सहज रूप से ऐसा व्यवहार करता है, जिससे वह बेहद कूल, कॉन्फिडेंट, करिश्माई या रहस्यमयी नजर आए। आसान भाषा में कहें तो अपनी सोशल ‘ऑरा’ यानी कूलनेस और प्रभाव को बढ़ाने की कोशिश करना ‘ऑरा फार्मिंग’ कहलाता है।
यहां ‘ऑरा’ से मतलब किसी व्यक्ति की उस खास वाइब, पर्सनैलिटी या आकर्षण से है, जिसकी वजह से लोग उसकी ओर ध्यान खींचे चले आते हैं। वहीं ‘फार्मिंग’ शब्द गेमिंग कल्चर से आया है, जहां खिलाड़ी किसी खास चीज को बार-बार करके पॉइंट्स, रिसोर्स या इनाम इकट्ठा करते हैं। इन दोनों शब्दों को मिलाकर ‘ऑरा फार्मिंग’ का मतलब हुआ- अपनी कूलनेस को लगातार बढ़ाना या जमा करना।
उदाहरण से समझिए
मान लीजिए किसी पार्टी या इवेंट में कोई व्यक्ति सबसे अलग एक कोने में बेहद शांत अंदाज में खड़ा है, लेकिन इसके बावजूद लोगों का ध्यान उसी पर जा रहा है। सोशल मीडिया की भाषा में इसे ‘ऑरा फार्मिंग’ कहा जा सकता है।
इसी तरह अगर कोई व्यक्ति बिना ज्यादा कोशिश दिखाए दूर से कागज का गोला कूड़ेदान में बिल्कुल सही निशाने पर डाल देता है, तो लोग मजाकिया अंदाज में कह सकते हैं कि उसने ‘ऑरा फार्म कर लिया’।
धूप का चश्मा लगाकर बेहद कॉन्फिडेंट अंदाज में धीरे-धीरे चलना, कैमरे की ओर बिना देखे कोई स्टाइलिश मूव करना या किसी परिस्थिति में बेहद शांत और आत्मविश्वासी नजर आना भी ‘ऑरा फार्मिंग’ के उदाहरण हो सकते हैं।
इसमें सबसे जरूरी है ‘Effortless’ दिखना
‘ऑरा फार्मिंग’ में सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि व्यक्ति का अंदाज बिना ज्यादा कोशिश के कूल दिखाई दे। अगर कोई व्यक्ति कूल दिखने के लिए जरूरत से ज्यादा मेहनत करता हुआ नजर आए, तो सोशल मीडिया यूजर्स इसे ‘ऑरा फार्मिंग’ की जगह उल्टा मजाक का विषय बना सकते हैं।
यही वजह है कि मीम्स में कई बार ‘ऑरा पॉइंट्स’ बढ़ने या घटने की बात भी की जाती है। कोई शानदार काम कर दे तो उसकी ‘ऑरा’ बढ़ जाती है और अगर कोशिश बुरी तरह नाकाम हो जाए तो मजाक में कहा जाता है कि उसके ‘ऑरा पॉइंट्स’ माइनस में चले गए।
सोशल मीडिया पर कैसे होता है इस्तेमाल?
इंस्टाग्राम रील्स, मीम्स, कैप्शन और कमेंट्स में ‘ऑरा फार्मिंग’ का इस्तेमाल तेजी से बढ़ा है। किसी के बेहद स्टाइलिश या कॉन्फिडेंट वीडियो पर कमेंट किया जा सकता है- ‘वो ऑरा फार्म कर रहा है।’ वहीं, अगर कोई व्यक्ति जरूरत से ज्यादा कूल बनने की कोशिश करे तो मजाक में कहा जाता है- ‘इतना ऑरा फार्म मत करो।’
कुल मिलाकर ‘ऑरा फार्मिंग’ Gen Z इंटरनेट कल्चर का एक मजेदार स्लैंग है, जो बताता है कि आज की युवा पीढ़ी सोशल मीडिया पर अपनी पर्सनैलिटी, स्टाइल और इमेज को भी एक तरह के गेम की तरह देखती है। यही वजह है कि यह शब्द रील्स और मीम्स की दुनिया में तेजी से वायरल हो रहा है।

