देहरादून। टीम इंडिया के स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत ने उत्तराखंड में बसने की इच्छा जाहिर की है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर देर रात मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से जमीन खरीदने में मदद की अपील की। पंत ने कहा कि वह लंबे समय से उत्तराखंड में एक अच्छी और बड़ी जमीन की तलाश कर रहे हैं, लेकिन उन्हें अब तक उपयुक्त जमीन नहीं मिल पाई है।
ऋषभ पंत के इस पोस्ट ने सोशल मीडिया पर काफी चर्चा बटोरी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी उनके अनुरोध का जवाब देते हुए हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया है।
‘मैं उत्तराखंड शिफ्ट होना चाहता हूं’
ऋषभ पंत ने अपने X पोस्ट में लिखा कि वह उत्तराखंड के मूल निवासी हैं और अब दिल्ली छोड़कर अपने राज्य में बसना चाहते हैं। उन्होंने लिखा, “हैलो पुष्कर धामी सर, आप कैसे हैं? मैं लंबे समय से उत्तराखंड का लोकल शख्स हूं। मैं दिल्ली से उत्तराखंड शिफ्ट होना चाहता हूं और मुझे इसके लिए अच्छी और बड़ी जमीन नहीं मिल रही, जहां मैं रह सकूं।”
उन्होंने आगे लिखा कि उन्हें अपने राज्य और पहाड़ी लोगों से बेहद लगाव है। पंत ने मुख्यमंत्री से अनुरोध करते हुए कहा कि उन्हें जमीन दिलाने में मदद की जाए, क्योंकि वर्तमान समय में उपयुक्त जमीन मिलना बेहद कठिन हो गया है।
‘तीन साल से जमीन नहीं मिली’
पंत ने अपने पोस्ट में यह भी बताया कि वह पिछले तीन वर्षों से जमीन की तलाश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कुछ जमीन उन्हें उत्तराखंड को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भी मिलनी थी, लेकिन वह भी अब तक नहीं मिल सकी।
उन्होंने लिखा, “मैं अपने पहाड़ी लोगों के साथ शिफ्ट होना चाहता हूं। कृपया इस मामले को देखें। तीन साल हो गए हैं और मुझे जमीन नहीं मिली है।”
सरकार से खरीदने की भी जताई इच्छा
पहले पोस्ट के बाद ऋषभ पंत ने एक और पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने कहा कि अपने राज्य का राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ी को यदि कोई उपहार मिले तो अच्छा लगता है। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि सरकार चाहे तो वह जमीन खरीदने के लिए तैयार हैं।
उन्होंने लिखा, “अगर आप चाहें तो मैं सरकार से जमीन खरीद भी सकता हूं। कम से कम मेरा अपने राज्य में एक घर तो होगा।”
सीएम धामी ने दिया सकारात्मक जवाब
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पंत के पोस्ट का जवाब देते हुए कहा कि राज्य सरकार हरसंभव सहायता करेगी। उन्होंने पंत के उत्तराखंड के प्रति प्रेम और राज्य में बसने की इच्छा की सराहना की।
ऋषभ पंत फिलहाल भारतीय टीम के साथ श्रीलंका दौरे पर हैं, जहां भारत और श्रीलंका के बीच टेस्ट सीरीज खेली जानी है। इस सीरीज में पंत के पास टेस्ट क्रिकेट में 100 छक्के पूरे करने का भी मौका है।
पंत की उत्तराखंड में बसने की इच्छा और मुख्यमंत्री से की गई सार्वजनिक अपील ने क्रिकेट प्रेमियों और उत्तराखंड के लोगों के बीच नई चर्चा छेड़ दी है। सोशल मीडिया पर कई लोगों ने पंत के इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि उनका अपने राज्य से जुड़ाव प्रेरणादायक है।

