कॉमेडियन और कंटेंट क्रिएटर समय रैना एक बार फिर चर्चा में हैं। अपने कॉमेडी शो के जरिए दर्शकों का मनोरंजन करने वाले समय ने हाल ही में बताया कि वह अभी भी अहमदाबाद में अपने लाइव शो नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने गुजरात और अहमदाबाद के प्रशासनिक अधिकारियों से खास अपील करते हुए शहर में परफॉर्म करने की अनुमति देने की गुजारिश की है। उनकी यह बात सामने आने के बाद एक बार फिर उनके लाइव शो और गुजरात में परफॉर्मेंस को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।
दरअसल, कॉमेडी रियलिटी शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट 2’ के छठे एपिसोड में अहमदाबाद से आए एक कंटेस्टेंट ने अपने शहर के लोगों से समय रैना के लाइव शो में शामिल होने की अपील की। कंटेस्टेंट ने कहा कि अहमदाबाद के लोगों को उनके शो में आने की जरूरत है। इस पर समय ने जवाब देते हुए बताया कि उनके अपने शो ही अहमदाबाद में नहीं हो पा रहे हैं।
इसके बाद समय ने हाथ जोड़कर गुजरात और अहमदाबाद के अधिकारियों से अपील की कि उन्हें शहर में शो करने की अनुमति दी जाए। उन्होंने कहा कि उन्हें गुजरात में परफॉर्म करना काफी पसंद है। बातचीत के दौरान उन्होंने कंटेस्टेंट से यह भी कहा कि वह एक गुजराती और अहमदाबाद के निवासी होने के नाते लोगों से उनके लाइव शो में आने की अपील करें।
अभी तक नहीं मिली शो की अनुमति
समय की बात सुनकर अभिनेता वरुण धवन भी हैरान नजर आए। उन्होंने उनसे पूछा कि क्या उन्होंने गुजरात में टूर नहीं किया है। इस पर समय ने बताया कि पिछले साल वह गुजरात में टूर नहीं कर पाए थे। वरुण ने जब दोबारा पूछा कि शो शुरू करने के बाद क्या उन्होंने गुजरात में टूर किया है, तो समय ने स्पष्ट किया कि उन्हें अभी भी अहमदाबाद में परफॉर्म करने की अनुमति नहीं मिल पाई है।
समय की परेशानी सुनकर वरुण धवन ने उनकी मदद करने की पेशकश भी की। उन्होंने समय से पूछा कि क्या वह उनकी मदद कर सकते हैं। समय ने भी हां में जवाब दिया। हालांकि, इसके बाद दोनों के बीच मजेदार बातचीत शुरू हो गई और माहौल हल्का-फुल्का हो गया। वरुण ने मजाकिया अंदाज में समय से कहा कि अगर वह मदद चाहते हैं तो पहले चुप रहें। दोनों की इस बातचीत ने शो में मौजूद लोगों को खूब हंसाया।
विवाद के बाद प्रभावित हुआ था गुजरात टूर
समय रैना के लाइव शो से जुड़ी यह परेशानी उस विवाद के बाद सामने आई थी, जिसने उनके कॉमेडी शो को काफी प्रभावित किया था। एक पुराने एपिसोड में की गई विवादित टिप्पणियों के बाद देशभर में काफी विरोध हुआ था और मामले को लेकर कानूनी शिकायतें भी दर्ज हुई थीं।
विवाद के बीच समय का गुजरात टूर भी प्रभावित हुआ। अहमदाबाद और सूरत में मार्च और अप्रैल 2025 के दौरान प्रस्तावित कई लाइव शो रद्द कर दिए गए थे। इसके बाद से अहमदाबाद में उनकी परफॉर्मेंस को लेकर स्थिति सामान्य नहीं हो सकी है।
अब समय रैना ने एक बार फिर गुजरात प्रशासन से अपील की है। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि वह गुजरात में परफॉर्म करना चाहते हैं और उन्हें उम्मीद है कि जल्द ही अहमदाबाद में भी लाइव शो करने का मौका मिलेगा।

