बड़े पर्दे पर जल्द ही भगवान श्रीराम की कथा पर आधारित एक और फिल्म दस्तक देने वाली है। फिल्म का नाम ‘महाकाव्य श्री रामायण कथा’ है। मेकर्स ने हाल ही में इसका टीजर जारी किया है, जिसके सामने आने के बाद फिल्म की कहानी से ज्यादा इसकी कास्टिंग और एक सीन को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा तेज हो गई है। फिल्म में देव शर्मा भगवान श्रीराम और अंजलि अरोड़ा माता सीता की भूमिका में नजर आ रही हैं।
गौरतलब है कि इन दिनों नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ भी काफी चर्चा में है। फिल्म में रणबीर कपूर श्रीराम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका निभा रहे हैं। ऐसे में ‘महाकाव्य श्री रामायण कथा’ की घोषणा और टीजर ने रामायण पर आधारित फिल्मों को लेकर दर्शकों की दिलचस्पी और बढ़ा दी है।
‘महाकाव्य श्री रामायण कथा’ का टीजर रिलीज
फिल्म के टीजर की शुरुआत सीता स्वयंवर के प्रसंग से होती है। इसमें भगवान श्रीराम और माता सीता के विवाह से जुड़े दृश्य दिखाई देते हैं। इसके बाद राम, लक्ष्मण और सीता के वनवास पर जाने, जंगल में बिताए समय और रावण द्वारा माता सीता के हरण के प्रसंग को दिखाया गया है। टीजर में राम और सीता के वियोग को भी प्रमुखता से पेश किया गया है।
अंत में एक दमदार संवाद सुनाई देता है, जिसमें सीता को लेकर रावण को चेतावनी दी जाती है। टीजर में पौराणिक कथा के कई महत्वपूर्ण प्रसंगों की झलक देखने को मिलती है।
अंजलि अरोड़ा की कास्टिंग पर उठे सवाल
अंजलि अरोड़ा को माता सीता के किरदार में देखने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ दर्शकों ने उनकी कास्टिंग पर सवाल उठाए हैं, जबकि कुछ यूजर्स का कहना है कि धार्मिक और पौराणिक किरदारों को निभाने के लिए कलाकारों का चयन बेहद संवेदनशील तरीके से किया जाना चाहिए।
एक यूजर ने सवाल किया कि माता सीता के किरदार के लिए अंजलि अरोड़ा को क्यों चुना गया। वहीं, कुछ अन्य यूजर्स ने इसे आस्था से जोड़ते हुए कास्टिंग पर नाराजगी जताई। हालांकि, सोशल मीडिया पर हर प्रतिक्रिया नकारात्मक नहीं है और कुछ लोग फिल्म को रिलीज के बाद देखने की बात भी कह रहे हैं।
टीजर में ‘कृष्णाय वासुदेवाय’ मंत्र पर भी चर्चा
फिल्म के टीजर में सुनाई देने वाले ‘कृष्णाय वासुदेवाय हरये…’ मंत्र को लेकर भी दर्शकों ने सवाल उठाए हैं। सोशल मीडिया यूजर्स का तर्क है कि भगवान श्रीकृष्ण का अवतार भगवान श्रीराम के बाद द्वापर युग में हुआ था, ऐसे में रामायण काल से जुड़े दृश्यों में इस मंत्र का इस्तेमाल क्यों किया गया?
यही वजह है कि टीजर सामने आने के बाद फिल्म की कास्टिंग के साथ-साथ इसके धार्मिक संदर्भों और प्रस्तुति को लेकर भी बहस शुरू हो गई है। अब देखना होगा कि फिल्म की रिलीज के बाद दर्शकों की प्रतिक्रिया कैसी रहती है और मेकर्स इन चर्चाओं पर क्या प्रतिक्रिया देते हैं।

