15 Jul 2026, Wed

अमेरिका में जग्गू भगवानपुरिया गैंग के गैंगस्टर पर बड़ा एक्शन, FBI ने मोस्ट वांटेड लिस्ट में किया शामिल

अमेरिकी जांच एजेंसी फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन यानी FBI ने जग्गू भगवानपुरिया गैंग से जुड़े गैंगस्टर नीतीश कौशल के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। FBI ने नीतीश कौशल को अपनी मोस्ट वांटेड लिस्ट में शामिल कर लिया है। उस पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय एक संगठित आपराधिक सिंडिकेट का सदस्य होने और कई गंभीर आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहने का आरोप है।

हत्या, अपहरण और ड्रग तस्करी के आरोप

FBI के अनुसार, नीतीश कौशल जिस कथित आपराधिक सिंडिकेट से जुड़ा है, वह हत्या, अपहरण, हमला, रंगदारी, ड्रग तस्करी, अवैध हथियारों की तस्करी, मनी लॉन्ड्रिंग और मानव तस्करी जैसी गतिविधियों में शामिल रहा है। जांच एजेंसियों का दावा है कि जग्गू भगवानपुरिया गैंग के संगठित अपराध नेटवर्क की शुरुआत पंजाब से हुई थी, लेकिन बाद में इसका विस्तार अमेरिका, कनाडा, मेक्सिको और यूरोप के कई हिस्सों तक हो गया।

नीतीश कौशल पर आरोप है कि उसने गैंग के निर्देश पर अपहरण, हिंसक हमले और अन्य आपराधिक वारदातों को अंजाम दिया। अमेरिकी एजेंसियां काफी समय से उसकी तलाश कर रही हैं।

अमेरिकी अदालत ने जारी किया गिरफ्तारी वारंट

मामले में अमेरिका के सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट ऑफ कैलिफोर्निया की संघीय अदालत ने 25 जून 2026 को नीतीश कौशल के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया था। उसके खिलाफ Racketeer Influenced and Corrupt Organizations यानी RICO Conspiracy के तहत मामला दर्ज किया गया है।

RICO कानून का इस्तेमाल अमेरिका में ऐसे संगठित आपराधिक समूहों और सिंडिकेट के खिलाफ किया जाता है, जिन पर लगातार आपराधिक गतिविधियों के माध्यम से नेटवर्क चलाने का आरोप होता है। FBI की मोस्ट वांटेड सूची में नाम शामिल होने के बाद अब नीतीश कौशल की गिरफ्तारी के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रयास तेज होने की संभावना है।

‘ऑपरेशन हार्ड बॉल’ के तहत कार्रवाई

FBI ने अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध सिंडिकेट के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को ‘ऑपरेशन हार्ड बॉल’ नाम दिया है। इस अभियान के तहत अमेरिका, कनाडा और यूरोप में करीब 50 से अधिक स्थानों पर छापेमारी किए जाने की जानकारी सामने आई है।

कार्रवाई के दौरान जांच एजेंसियों ने बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित सामान, ड्रग्स और कथित आपराधिक नेटवर्क से जुड़े दस्तावेज जब्त किए। इस ऑपरेशन में जग्गू भगवानपुरिया गैंग के साथ-साथ लॉरेंस बिश्नोई गैंग और गोल्डी बराड़ से जुड़े कथित नेटवर्क को भी निशाना बनाया जा रहा है।

कई देशों तक फैला नेटवर्क

इससे पहले अमेरिका की एक ग्रैंड ज्यूरी ने अमेरिका, कनाडा, मेक्सिको और भारत तक फैले कथित अंतरराष्ट्रीय आपराधिक नेटवर्क से संबंधित मामले में जग्गू भगवानपुरिया और उसके कई साथियों पर गंभीर आरोप लगाए थे।

चार्जशीट में ड्रग तस्करी, अवैध हथियारों का कारोबार, रंगदारी और हत्या की साजिश जैसे आरोपों का उल्लेख किया गया है। अमेरिकी एजेंसियों का दावा है कि यह नेटवर्क अलग-अलग देशों के माध्यम से ड्रग्स और अवैध हथियारों की सप्लाई करने के साथ हिंसक वारदातों को भी अंजाम देता था। FBI अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य संदिग्धों की पहचान और गिरफ्तारी की कार्रवाई में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *