बॉलीवुड फिल्मों में जितना मनोरंजन पर्दे पर देखने को मिलता है, उससे कहीं ज्यादा मस्ती और मजेदार किस्से अक्सर फिल्मों के सेट पर होते हैं। सितारों के बीच होने वाली शरारतें और प्रैंक्स कई बार ऐसे होते हैं, जिन्हें सुनकर फैंस भी अपनी हंसी नहीं रोक पाते। कुछ ऐसा ही देखने को मिला इंडिया टीवी के कॉमेडी इंटरव्यू शो ‘Nothing Serious’ के लेटेस्ट एपिसोड में, जहां फिल्म ‘द इंडिया स्टोरी’ की स्टारकास्ट ने हिस्सा लिया।
शो के होस्ट आर्यमन गौत्तम ने इस दौरान श्रेयस तलपड़े, काजल अग्रवाल और फिल्म के निर्देशक चेतन डीके के साथ जमकर बातचीत की। शो में कलाकारों ने फिल्म से जुड़े कई किस्से साझा किए और बॉलीवुड के कुछ अनसुने राज भी सामने आए। इसी दौरान श्रेयस तलपड़े ने अजय देवगन और अक्षय कुमार से जुड़े प्रैंक के बारे में भी एक दिलचस्प खुलासा किया।
अजय देवगन या अक्षय कुमार, कौन है बड़ा प्रैंकस्टर?
जब होस्ट आर्यमन गौत्तम ने श्रेयस तलपड़े और काजल अग्रवाल से पूछा कि अजय देवगन और अक्षय कुमार में से कौन सबसे बड़ा प्रैंकस्टर है, तो श्रेयस तलपड़े ने बिना ज्यादा सोचे अजय देवगन का नाम लिया। श्रेयस ने बताया कि अजय देवगन बेहद शांत और सटल तरीके से प्रैंक करते हैं और कई बार सामने वाले को इसकी भनक तक नहीं लगती।
श्रेयस के मुताबिक, अजय देवगन इतने शांत नजर आते हैं कि कोई आसानी से अंदाजा नहीं लगा सकता कि वह कब और किस तरह कोई शरारत करने वाले हैं। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि अजय देवगन का प्रैंक कभी-कभी काफी खतरनाक भी हो सकता है।
‘गोलमाल अगेन’ के सेट पर श्रेयस के साथ हुआ प्रैंक
श्रेयस तलपड़े ने साल 2017 में फिल्म ‘गोलमाल अगेन’ की शूटिंग के दौरान हुआ एक बेहद मजेदार किस्सा भी शेयर किया। उन्होंने बताया कि उस समय वह एक साथ कई प्रोजेक्ट्स पर काम कर रहे थे। दिन में ‘गोलमाल अगेन’ का फोटोशूट चल रहा था, जबकि रात में वह अपनी फिल्म ‘पोस्टर बॉयज’ के एक गाने की शूटिंग करते थे। लगातार दिन-रात काम करने के कारण वह काफी थक चुके थे।
एक दिन शूटिंग के दौरान जब उन्हें कुछ मिनटों का ब्रेक मिला तो वह परिणीति चोपड़ा के सामने कुर्सी पर बैठकर झपकी लेने लगे। इसी दौरान अजय देवगन ने उनके साथ प्रैंक करने का फैसला किया। श्रेयस के मुताबिक, अजय ने उनकी कुर्सी के नीचे सुतली बम रख दिया और उसमें आग लगा दी। अचानक हुए धमाके से श्रेयस की नींद खुल गई और सेट पर मौजूद सभी लोग हंसने लगे।
इस किस्से को याद करते हुए श्रेयस ने कहा कि अजय देवगन का प्रैंक काफी डेंजरस हो सकता है। हालांकि, उन्होंने इसे बेहद मजेदार अंदाज में सुनाया और बताया कि सेट पर इस तरह की मस्ती कलाकारों के बीच माहौल को हल्का-फुल्का बनाए रखती है।
सामाजिक मुद्दे पर बनी है ‘द इंडिया स्टोरी’
शो में हंसी-मजाक के साथ फिल्म ‘द इंडिया स्टोरी’ की कहानी पर भी चर्चा हुई। बताया गया कि यह एक सोशल-ड्रामा फिल्म है, जिसमें एक गंभीर सामाजिक मुद्दे को उठाया गया है।
फिल्म में श्रेयस तलपड़े एक रिटायर्ड आर्मी ऑफिसर मेजर योगेश पाटिल की भूमिका निभा रहे हैं। कहानी में उनकी छोटी बेटी कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से पीड़ित हो जाती है। इसके बाद वह बीमारी के पीछे की वजह तलाशने में जुट जाते हैं और इस दौरान फसलों में इस्तेमाल होने वाले जहरीले केमिकल्स और पेस्टिसाइड्स से जुड़े एक गंभीर सच का सामना करते हैं।
फिल्म की कहानी मनोरंजन के साथ-साथ समाज से जुड़े एक महत्वपूर्ण मुद्दे पर दर्शकों का ध्यान आकर्षित करने की कोशिश करती है। अब देखना होगा कि ‘द इंडिया स्टोरी’ दर्शकों के बीच अपनी कहानी और संदेश के जरिए कितना प्रभाव छोड़ पाती है।

