गुजरात के वलसाड जिले के वापी से करोड़ों रुपये की ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। आरोप है कि ट्रेडिंग इनवेस्टमेंट और मल्टी-लेवल मार्केटिंग यानी MLM स्कीम के नाम पर हजारों लोगों से निवेश करवाया गया और बाद में उन्हें मोटा नुकसान झेलना पड़ा। इस पूरे मामले का मुख्य आरोपी लविश चौधरी उर्फ नवाब अली बताया जा रहा है, जो कथित तौर पर दुबई में रहकर इस रैकेट को चला रहा था। अब उसके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी कराने की तैयारी की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, लविश चौधरी उर्फ नवाब अली पर पहले से ही देश के कई राज्यों में केस दर्ज हैं। उसके खिलाफ सूरत, पंजाब और उत्तर प्रदेश में FIR दर्ज होने की बात सामने आई है। आरोप है कि उसने QFX नाम की कंपनी और फर्जी फॉरेक्स ट्रेडिंग स्कीम के जरिए लोगों को भारी रिटर्न का लालच दिया। कंपनी ने निवेशकों को कम समय में ज्यादा मुनाफे का वादा कर अपने जाल में फंसाया।
इस मामले में पुलिस जांच के दौरान खुलासा हुआ कि आरोपियों ने बिना किसी नियामक मंजूरी के लोगों से निवेश जुटाया। निवेशकों को भरोसा दिलाने के लिए बड़े-बड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाते थे। देश के अलग-अलग शहरों में मीटिंग कर लोगों को स्कीम से जोड़ा जाता था। यही नहीं, दुबई में भी निवेशकों के लिए मीटिंग आयोजित की गई थी। बताया जा रहा है कि इन बैठकों का खर्च आरोपी खुद उठाते थे, ताकि निवेशकों को कंपनी की मजबूती और लग्जरी लाइफस्टाइल का भ्रम दिखाया जा सके।
आरोप यह भी है कि लविश चौधरी उर्फ नवाब अली बड़े सेलिब्रिटीज के साथ अपनी तस्वीरें दिखाकर निवेशकों को प्रभावित करता था। वह इन तस्वीरों के जरिए लोगों को यह भरोसा दिलाने की कोशिश करता था कि उसका नेटवर्क काफी बड़ा और प्रभावशाली है। इसी वजह से कई लोग उसकी बातों में आ गए और अपनी मेहनत की कमाई निवेश कर दी।
वापी जीआईडीसी पुलिस थाने में दर्ज शिकायत में 28 लोगों को फरियादी के रूप में शामिल किया गया है। इस शिकायत में 3 करोड़ 40 लाख रुपये से ज्यादा की ठगी का आरोप लगाया गया है। हालांकि, पीड़ितों का दावा है कि देशभर में यह फ्रॉड 25 से 30 करोड़ रुपये या उससे भी ज्यादा का हो सकता है। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर, मेरठ, मुजफ्फरनगर, गुजरात के सूरत और पंजाब के चंडीगढ़ जैसे शहरों में भी इस स्कीम को लेकर शिकायतें दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
इस मामले में आरोपी अंजलि यादव को गिरफ्तार किया गया है। अंजलि यादव से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसे दुबई स्थित लविश चौधरी उर्फ नवाब अली के बंगले का बताया जा रहा है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
फिलहाल मुख्य आरोपी लविश चौधरी उर्फ नवाब अली दुबई में बताया जा रहा है। जांच एजेंसियां उसके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी कराने की तैयारी कर रही हैं, ताकि उसे भारत लाकर पूछताछ की जा सके। पुलिस का मानना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद इस पूरे फ्रॉड नेटवर्क से जुड़े कई और बड़े खुलासे हो सकते हैं।

