फीफा वर्ल्ड कप 2026 का रोमांच अब नॉकआउट चरण में पहुंच चुका है। टूर्नामेंट के 22वें दिन राउंड ऑफ 32 के तीन महत्वपूर्ण मुकाबले खेले जाएंगे। इनमें स्पेन का सामना ऑस्ट्रिया से होगा, जबकि क्रिस्टियानो रोनाल्डो की पुर्तगाल टीम क्रोएशिया की चुनौती का सामना करेगी। दिन का तीसरा मुकाबला स्विट्जरलैंड और अल्जीरिया के बीच खेला जाएगा।
कनाडा, मेक्सिको और अमेरिका की संयुक्त मेजबानी में खेले जा रहे टूर्नामेंट के राउंड ऑफ 32 में अब तक 10 टीमें अंतिम-16 में जगह बना चुकी हैं। बाकी छह स्थानों का फैसला होने में अभी तीन दिन के मुकाबले बाकी हैं। स्थानीय समय के अनुसार ये तीनों मैच 2 जुलाई को होंगे, लेकिन भारत में इन्हें 3 जुलाई की रात और सुबह देखा जा सकेगा।
स्पेन के सामने ऑस्ट्रिया की चुनौती
पहला मुकाबला स्पेन और ऑस्ट्रिया के बीच लॉस एंजिलिस स्टेडियम में खेला जाएगा। भारतीय समयानुसार मैच 3 जुलाई की रात 12:30 बजे शुरू होगा।
स्पेन ने ग्रुप चरण की शुरुआत काबो वर्डे के खिलाफ गोलरहित ड्रॉ से की थी। इसके बाद टीम ने शानदार वापसी करते हुए सऊदी अरब को 4-0 और उरुग्वे को 1-0 से हराया। दो जीत और एक ड्रॉ के साथ स्पेन ने अपने ग्रुप में शीर्ष स्थान हासिल किया।
दूसरी ओर, ऑस्ट्रिया ने जॉर्डन को 3-1 से हराकर अभियान की अच्छी शुरुआत की थी। उसे अर्जेंटीना के खिलाफ 0-2 से हार मिली, जबकि अल्जीरिया के साथ उसका मुकाबला 3-3 से बराबर रहा। स्पेन कागजों पर मजबूत नजर आ रही है, लेकिन ऑस्ट्रिया की आक्रामक क्षमता को देखते हुए मुकाबला आसान नहीं होगा।
पुर्तगाल और क्रोएशिया में होगी बड़ी भिड़ंत
दिन का दूसरा मुकाबला पुर्तगाल और क्रोएशिया के बीच टोरंटो स्टेडियम में होगा। भारतीय दर्शक इस मैच को 3 जुलाई की सुबह 4:30 बजे से देख सकेंगे। यह मुकाबला क्रिस्टियानो रोनाल्डो और लुका मोड्रिच जैसे अनुभवी खिलाड़ियों के कारण विशेष रूप से चर्चा में है।
पुर्तगाल ने ग्रुप चरण में डीआर कांगो के खिलाफ 1-1 से ड्रॉ खेला था। इसके बाद उसने उज्बेकिस्तान को 5-0 से हराया, जबकि कोलंबिया के खिलाफ मैच 0-0 पर समाप्त हुआ। वहीं, क्रोएशिया को पहले मैच में इंग्लैंड के हाथों 2-4 से हार मिली, लेकिन टीम ने पनामा को 1-0 और घाना को 2-1 से हराकर नॉकआउट में प्रवेश किया।
यह मुकाबला पुर्तगाल के लिए भावनात्मक भी होगा, क्योंकि टीम अपने दिवंगत खिलाड़ी डियोगो जोटा की याद को साथ लेकर टूर्नामेंट में खेल रही है।
स्विट्जरलैंड-अल्जीरिया मुकाबला सुबह 8:30 बजे
तीसरा मैच स्विट्जरलैंड और अल्जीरिया के बीच वैंकूवर के बीसी प्लेस में खेला जाएगा। भारतीय समयानुसार मुकाबला 3 जुलाई की सुबह 8:30 बजे शुरू होगा।
स्विट्जरलैंड ने ग्रुप चरण में कतर से 1-1 का ड्रॉ खेलने के बाद बोस्निया एवं हर्जेगोविना को 4-1 और मेजबान कनाडा को 2-1 से हराया था। टीम ने दो जीत और एक ड्रॉ के साथ ग्रुप में पहला स्थान हासिल किया। अल्जीरिया ने ऑस्ट्रिया के खिलाफ 3-3 का रोमांचक ड्रॉ खेलकर नॉकआउट चरण में अपनी जगह सुनिश्चित की थी। इसलिए स्विस टीम के लिए यह मुकाबला भी आसान नहीं रहने वाला है।
इन तीन मुकाबलों की विजेता टीमें अंतिम-16 में पहुंचेंगी, जबकि हारने वाली टीमों का वर्ल्ड कप अभियान समाप्त हो जाएगा।

