ओटीटी दर्शकों के लिए यह हफ्ता मनोरंजन से भरपूर रहने वाला है। 9 जुलाई से 15 जुलाई 2026 के बीच नेटफ्लिक्स, जी5 और अन्य स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म्स पर कई नई फिल्में और वेब सीरीज रिलीज हो रही हैं। इस हफ्ते दर्शकों को स्पोर्ट्स ड्रामा, फैमिली ड्रामा, रोमांटिक कॉमेडी, लीगल थ्रिलर और सस्पेंस कॉमेडी जैसे अलग-अलग जॉनर देखने को मिलेंगे। खास बात यह है कि इस लिस्ट में साउथ सुपरस्टार राम चरण की ‘पेड्डी’ से लेकर सनी देओल और अक्षय खन्ना की ‘इक्का’ तक शामिल है।
सबसे पहले बात करें राम चरण और जान्हवी कपूर स्टारर फिल्म ‘पेड्डी’ की, जो 9 जुलाई 2026 से नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हो रही है। बुची बाबू सना के निर्देशन में बनी यह फिल्म 1990 के दशक की पृष्ठभूमि पर आधारित स्पोर्ट्स ड्रामा है। फिल्म की कहानी एक ऐसे एथलीट के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपने खेल और संघर्ष के दम पर अपने गांव का नाम रोशन करता है। सिनेमाघरों में चर्चा बटोरने के बाद अब यह फिल्म डिजिटल दर्शकों के बीच पहुंच गई है।
नेटफ्लिक्स पर 9 जुलाई को ही ‘लिटिल हाउस ऑन द प्रेयरी’ भी रिलीज हुई है। यह सीरीज लौरा इंगल्स वाइल्डर की मशहूर किताबों पर आधारित है। कहानी एक परिवार, उनके रिश्तों, संघर्षों और बदलते हालातों के बीच जीवन जीने की कोशिश को भावनात्मक तरीके से दिखाती है। इस सीरीज को लेकर दर्शकों में पहले से काफी उत्सुकता रही है और इसके दूसरे सीजन को भी मंजूरी मिल चुकी है।
तेलुगु फिल्म ‘सिंग गीतम’ भी इस हफ्ते नेटफ्लिक्स पर दर्शकों के लिए उपलब्ध है। इस फिल्म में फैंटेसी, लोककथाओं और संगीत का अनोखा मेल देखने को मिलेगा। कहानी एक ऐसे व्यक्ति के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपने पुश्तैनी गांव लौटता है और फिर छिपे खजाने, पवित्र पेड़ और एक संगीत से जुड़े रहस्य में उलझ जाता है।
रोमांटिक कॉमेडी पसंद करने वालों के लिए ‘पति पत्नी और वो दो’ अच्छा विकल्प हो सकती है। आयुष्मान खुराना, वामिका गब्बी, रकुल प्रीत सिंह और सारा अली खान स्टारर यह फिल्म 10 जुलाई 2026 को नेटफ्लिक्स पर रिलीज हो रही है। फिल्म की कहानी रिश्तों, झूठ और कॉमेडी से भरे हालातों पर आधारित है।
वहीं सनी देओल और अक्षय खन्ना की जोड़ी ‘इक्का’ में लंबे समय बाद साथ नजर आएगी। यह लीगल थ्रिलर 10 जुलाई को नेटफ्लिक्स पर रिलीज हो रही है। फिल्म में दीया मिर्जा, तिलोत्तमा शोम और संजीदा शेख भी अहम भूमिकाओं में हैं।
इसके अलावा तमिल फिल्म ‘परिमला एंड कंपनी’ जी5 पर रिलीज हो रही है। डार्क सस्पेंस कॉमेडी जॉनर की यह फिल्म एक परिवार और उनके परेशान करने वाले पड़ोसी की मौत के बाद बदलती परिस्थितियों पर आधारित है। कुल मिलाकर यह हफ्ता OTT दर्शकों के लिए काफी खास रहने वाला है।

