सफेद कपड़े देखने में जितने खूबसूरत और साफ-सुथरे लगते हैं, उनकी देखभाल करना उतना ही मुश्किल होता है। खासकर जब धुलाई के दौरान किसी दूसरे रंगीन कपड़े का रंग सफेद कपड़े पर चढ़ जाए। हल्का सा रंग भी सफेद कपड़े की पूरी खूबसूरती खराब कर देता है। कई बार लोग ऐसे कपड़ों को खराब समझकर अलग रख देते हैं या फिर उन्हें फेंकने का फैसला कर लेते हैं। हालांकि, कुछ आसान उपायों की मदद से कपड़ों पर चढ़े दूसरे रंग को काफी हद तक हटाया जा सकता है।
अगर आपके सफेद कपड़े पर भी किसी दूसरे कपड़े का रंग लग गया है तो सबसे जरूरी बात यह है कि उसे तुरंत साफ करने की कोशिश करें। दाग जितना पुराना होगा, उसे हटाना उतना ही मुश्किल हो सकता है। इसके अलावा किसी भी नुस्खे को पूरे कपड़े पर इस्तेमाल करने से पहले उसके एक छोटे और छिपे हुए हिस्से पर जरूर जांच कर लें।
बेकिंग सोडा और सफेद सिरका आएगा काम
सफेद कपड़ों से रंग हटाने के लिए बेकिंग सोडा और सफेद सिरके का इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके लिए एक बाल्टी में हल्का गर्म पानी लें और उसमें करीब आधा कप सफेद सिरका तथा कुछ चम्मच बेकिंग सोडा डालें। कपड़े को इस घोल में लगभग एक से दो घंटे के लिए भिगोकर रखें। इसके बाद दाग वाली जगह को हल्के हाथों से रगड़ें और सामान्य डिटर्जेंट से धो लें।
नींबू और नमक से हटाएं दाग
नींबू और नमक भी सफेद कपड़ों की सफाई में मदद कर सकते हैं। जहां दूसरे कपड़े का रंग लगा है, वहां नींबू का रस लगाकर थोड़ा नमक छिड़क दें। इसे करीब 20 से 30 मिनट के लिए छोड़ दें। इसके बाद दाग वाली जगह को हल्के हाथों से रगड़कर साफ पानी से धो लें। यह तरीका खासतौर पर सूती कपड़ों पर आजमाया जा सकता है।
एस्पिरिन से भी कर सकते हैं सफाई
कुछ लोग सफेद कपड़ों से जिद्दी रंग हटाने के लिए एस्पिरिन का इस्तेमाल भी करते हैं। इसके लिए कुछ गोलियों को पीसकर हल्के गर्म पानी में मिलाया जाता है। कपड़े को इस घोल में कई घंटों के लिए भिगोने के बाद सामान्य तरीके से धोया जा सकता है। हालांकि, इस उपाय को इस्तेमाल करने से पहले कपड़े के फैब्रिक और उसकी देखभाल संबंधी जानकारी जरूर जांच लें।
ऑक्सीजन ब्लीच भी है विकल्प
अगर कपड़े पर चढ़ा रंग काफी गहरा है और घरेलू उपायों से नहीं निकल रहा है तो ऑक्सीजन ब्लीच का इस्तेमाल किया जा सकता है। इसे हमेशा उत्पाद पर दिए गए निर्देशों के अनुसार ही इस्तेमाल करें। कपड़े को घोल में निर्धारित समय तक भिगोने के बाद अच्छी तरह धो लें।
इन बातों का रखें ध्यान
सफेद कपड़ों से रंग हटाते समय जल्दबाजी में तेज केमिकल या बहुत गर्म पानी का इस्तेमाल न करें। इससे कपड़े का फैब्रिक खराब हो सकता है। साथ ही रंग लगे कपड़े को दोबारा सुखाने या प्रेस करने से पहले दाग की स्थिति जरूर देख लें, क्योंकि गर्मी कुछ दागों को कपड़े में और ज्यादा स्थायी बना सकती है।
सबसे बेहतर तरीका यही है कि सफेद कपड़ों को रंगीन कपड़ों से अलग धोया जाए। नए और गहरे रंग के कपड़ों को शुरुआती कुछ धुलाइयों में अलग रखने से रंग छोड़ने की समस्या से काफी हद तक बचा जा सकता है।

