गर्मी में ठंडक का देसी उपाय: घर पर बनाएं स्वादिष्ट शिकंजी मसाला, मिनटों में मिलेगा रिफ्रेशिंग ड्रिंक
गर्मियों के मौसम में शरीर को ठंडा और तरोताजा रखने के लिए लोग कई तरह के पेय पदार्थों का सेवन करते हैं, लेकिन पारंपरिक भारतीय पेय शिकंजी का स्वाद और ताजगी सबसे अलग होती है। यह न सिर्फ प्यास बुझाती है बल्कि शरीर को ठंडक पहुंचाने के साथ-साथ लू से भी बचाती है। आमतौर पर लोग बाजार से शिकंजी खरीदकर पीते हैं, लेकिन अगर आप चाहें तो घर पर ही बेहद आसानी से इसका मसाला तैयार कर सकते हैं और बाजार जैसा स्वाद पा सकते हैं।
दरअसल, शिकंजी का असली स्वाद उसके मसाले में छिपा होता है। अगर मसाला सही तरीके से तैयार किया जाए तो साधारण नींबू पानी भी बेहद स्वादिष्ट और चटपटा बन सकता है। खास बात यह है कि घर पर बना शिकंजी मसाला न केवल शुद्ध होता है, बल्कि इसे लंबे समय तक स्टोर भी किया जा सकता है।
शिकंजी मसाला बनाने के लिए जरूरी सामग्री
घर पर शिकंजी मसाला बनाने के लिए आपको कुछ सामान्य मसालों की जरूरत होगी, जो लगभग हर रसोई में आसानी से मिल जाते हैं। इसके लिए 3 चम्मच काला नमक, 2 चम्मच जीरा, 1 चम्मच सौंफ, 1 चम्मच काली मिर्च, 1 चम्मच इलायची के दाने, 2 इंच का दालचीनी का टुकड़ा और आधा कप पिसी हुई चीनी लें। ये सभी सामग्री मिलकर शिकंजी को खास स्वाद देती हैं।
मसाला तैयार करने की आसान विधि
सबसे पहले एक पैन को गैस पर गर्म करें और उसमें जीरा डालकर हल्का भून लें। जब जीरा सुनहरा और खुशबूदार हो जाए, तो उसे प्लेट में निकाल लें। इसके बाद मिक्सर ग्राइंडर में भुना हुआ जीरा डालकर पीस लें। अब इसमें काला नमक, सौंफ, काली मिर्च, इलायची और दालचीनी डालकर एक बार फिर से बारीक पीस लें।
जब सभी मसाले अच्छे से पीस जाएं, तो इसे छलनी से छान लें ताकि मसाला एकदम फाइन हो जाए। अंत में इसमें पिसी हुई चीनी मिलाकर अच्छी तरह मिक्स करें। आपका शिकंजी मसाला तैयार है।
कैसे करें इस्तेमाल
जब भी आपको शिकंजी बनानी हो, एक गिलास ठंडे पानी में नींबू का रस, 1-2 चम्मच तैयार मसाला और बर्फ के टुकड़े डालें। अच्छी तरह मिलाएं और ठंडी-ठंडी शिकंजी का आनंद लें। आप चाहें तो पुदीना पत्तियां भी डाल सकते हैं, जिससे इसका स्वाद और बढ़ जाएगा।
घर का बना मसाला क्यों है बेहतर
घर पर तैयार किया गया शिकंजी मसाला पूरी तरह से शुद्ध होता है और इसमें किसी भी तरह के प्रिजर्वेटिव नहीं होते। साथ ही, आप अपने स्वाद के अनुसार मसालों की मात्रा को कम या ज्यादा भी कर सकते हैं। यह मसाला एयरटाइट कंटेनर में भरकर कई हफ्तों तक सुरक्षित रखा जा सकता है।
इस गर्मी में बाहर की बजाय घर पर ही शिकंजी बनाएं और परिवार के साथ ठंडक भरा स्वाद का आनंद उठाएं।

