29 May 2026, Fri

लो आ गया सलमान खान की फिल्म मात्रभूमि का पहला रिव्यू, सुभाष घाई ने देख ली फिल्म, शेयर किया अनुभव

 

मुंबई: बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘मात्रभूमि’ रिलीज से पहले ही चर्चा का केंद्र बनी हुई है। देशभक्ति और वीर सैनिकों के साहस पर आधारित इस फिल्म का दर्शक बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। इसी बीच फिल्म का पहला रिव्यू सामने आ गया है, जिसने फैंस की उत्सुकता को और बढ़ा दिया है। हिंदी सिनेमा के दिग्गज फिल्मकार सुभाष घई ने फिल्म का रफ कट देखने के बाद इसकी जमकर तारीफ की है।

सुभाष घई ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर एक पोस्ट साझा करते हुए फिल्म और इसके निर्देशक अपूर्व लखिया की सराहना की। उन्होंने लिखा कि उन्हें अपने पसंदीदा निर्देशकों से मिलकर बेहद खुशी हुई और उन्होंने ‘मात्रभूमि’ का रफ कट देखा, जो उन्हें काफी प्रभावशाली लगा। घई ने कहा कि यह फिल्म भारतीय सैनिकों के साहस, भावनाओं और देशभक्ति की एक सशक्त कहानी पेश करती है। उन्होंने इसे ऐसी फिल्म बताया जिसे हर भारतीय को जरूर देखना चाहिए।

सुभाष घई की इस प्रतिक्रिया के बाद फिल्म को लेकर दर्शकों की उम्मीदें और बढ़ गई हैं। इंडस्ट्री के अनुभवी फिल्मकार द्वारा मिली इस सकारात्मक प्रतिक्रिया को फिल्म के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। सोशल मीडिया पर भी फैंस इस पोस्ट के बाद फिल्म को लेकर अपनी उत्सुकता जाहिर कर रहे हैं।

फिल्म ‘मात्रभूमि’ का निर्देशन अपूर्व लखिया ने किया है, जो इससे पहले कई चर्चित फिल्मों और वेब प्रोजेक्ट्स का निर्देशन कर चुके हैं। फिल्म की कहानी शिव अरूर, चिंतन गांधी और सुरेश नायर ने मिलकर लिखी है। कहानी वास्तविक घटनाओं से प्रेरित है और भारतीय सेना के शौर्य को बड़े पर्दे पर प्रस्तुत करती है।

फिल्म में सलमान खान मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। उनके साथ अभिनेत्री चित्रांगदा सिंह लीड रोल निभा रही हैं। इसके अलावा अभिनेता अंकुर भाटिया भी एक महत्वपूर्ण किरदार में दिखाई देंगे। फिल्म की स्टारकास्ट और विषयवस्तु को देखते हुए इसे साल की सबसे चर्चित फिल्मों में से एक माना जा रहा है।

‘मात्रभूमि’ की कहानी वर्ष 2020 में गलवान घाटी में हुए भारत-चीन संघर्ष की पृष्ठभूमि पर आधारित बताई जा रही है। फिल्म में कर्नल संतोष बाबू और उनकी 16 बिहार रेजिमेंट के साहस और नेतृत्व को दर्शाया गया है। कहानी हिमालय की कठिन परिस्थितियों और वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) पर उत्पन्न तनाव के बीच सैनिकों के संघर्ष, बलिदान और देशप्रेम को सामने लाती है।

फिल्म में दिखाया गया है कि कैसे एक सामान्य सैन्य गश्त अचानक सम्मान और राष्ट्र की सुरक्षा की लड़ाई में बदल जाती है। यह कहानी सिर्फ युद्ध की नहीं, बल्कि उन सैनिकों के जज्बे की भी है जो देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने से पीछे नहीं हटते।

14 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही ‘मात्रभूमि’ को स्वतंत्रता दिवस के मौके पर दर्शकों के बीच लाया जा रहा है। देशभक्ति, भावनात्मक कहानी और दमदार स्टारकास्ट के दम पर फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बड़ा प्रदर्शन कर सकती है। अब देखना दिलचस्प होगा कि रिलीज के बाद दर्शक इस फिल्म को कितना प्यार देते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *