26 Jun 2026, Fri

मुहर्रम पर दिल्ली में आज कई रास्ते बंद रहेंगे, यहां पर रूट डायवर्जन; जाम से बचने के लिए इन सड़कों पर जाने से बचें

नई दिल्ली। मुहर्रम के अवसर पर शुक्रवार, 26 जून को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के कई इलाकों में ताजिया जुलूस निकाले जाएंगे। इसे देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने व्यापक ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे यात्रा की योजना पहले से बनाएं और जिन इलाकों में जुलूस निकलने हैं, वहां जाने से बचें ताकि ट्रैफिक जाम और असुविधा से बचा जा सके।

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, शहर के कई प्रमुख मार्गों पर दोपहर 12 बजे से रात 10 बजे तक ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा। इस दौरान कई सड़कों पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो सकती है।

इन प्रमुख मार्गों से बचने की सलाह

ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को विशेष रूप से मथुरा रोड, भैरों मार्ग और जनपथ जैसे प्रमुख मार्गों से बचने की सलाह दी है। पुलिस का कहना है कि इन इलाकों में भारी भीड़ और जाम की स्थिति बन सकती है।

जाम से बचने के लिए वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की सलाह दी गई है। पुलिस ने सुझाव दिया है कि लोग आई.पी. मार्ग, रिंग रोड, सिकंदरा रोड और बाराखंबा रोड का इस्तेमाल कर सकते हैं, खासकर यदि उन्हें सेंट्रल दिल्ली की ओर जाना हो।

इन सड़कों पर रहेगा सबसे ज्यादा असर

मुहर्रम के जुलूसों के चलते निम्नलिखित मार्गों पर ट्रैफिक प्रभावित रहने की संभावना है:

  • मेहरौली-बदरपुर रोड (एमबी रोड) – हमदर्द टी-पॉइंट से खानपुर टी-पॉइंट तक
  • पंखा रोड – सागरपुर टी-पॉइंट से उत्तम नगर चौक तक
  • डाबरी-पालम रोड – पालम फ्लाईओवर से डाबरी मोड़ होते हुए एमटीएनएल ऑफिस के पास करबला तक
  • जीटीके रोड – आजादपुर चौक से मुकरबा चौक तक
  • सेंट्रल दिल्ली क्षेत्र – जामा मस्जिद, अजमेरी गेट, कमला मार्केट, पहाड़गंज, झंडेवालान, इंद्रलोक, शास्त्री नगर और बारा हिंदू राव रोड
  • आउटर सर्कल, संसद मार्ग, रफी मार्ग, सुनहरी बाग रोड और कृष्णा मेनन मार्ग
  • तुगलक रोड कॉरिडोर

इन इलाकों में वाहनों की गति धीमी रहने और लंबा जाम लगने की संभावना है।

कई प्रमुख चौराहों पर होगा ट्रैफिक डायवर्जन

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि ताजिया जुलूस की प्रगति और मौके की स्थिति के अनुसार कई महत्वपूर्ण चौराहों पर ट्रैफिक को डायवर्ट किया जाएगा।

जिन स्थानों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया जा सकता है, उनमें शामिल हैं:

  • बृजमोहन चौक
  • जामा मस्जिद गेट नंबर-1
  • सुभाष कट (साइकिल मार्केट)
  • अजमेरी गेट
  • कमला मार्केट गोलचक्कर
  • झंडेवालान गोलचक्कर
  • पहाड़गंज चौक
  • इंद्रलोक चौक
  • के.डी. चौक (शास्त्री नगर मेट्रो चौक)
  • कमल टी-पॉइंट
  • बारा हिंदू राव

इसके अलावा, इंद्रलोक मेट्रो स्टेशन से जखीरा अंडरपास की ओर जाने वाले वाहनों को अनुमति नहीं दी जाएगी।

लोगों से सहयोग की अपील

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें और पुलिस कर्मियों द्वारा दिए गए निर्देशों का सहयोग करें। लोगों को सलाह दी गई है कि यदि संभव हो तो सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करें और यात्रा शुरू करने से पहले ट्रैफिक की स्थिति की जानकारी अवश्य लें।

पुलिस ने कहा कि विशेष रूप से आपातकालीन सेवाओं, स्कूल बसों और आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को प्राथमिकता दी जाएगी।

मुहर्रम के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि त्योहार शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *