11 Feb 2026, Wed

भाबीजी घर पर हैं’ से ‘खिचड़ी’ तक, इन इंडियन शोज पर बन चुकी हैं फिल्में, ब्लॉकबस्टर सीरीज की भी बन रही मूवी

नई दिल्ली: भारतीय टेलीविजन और ओटीटी प्लेटफॉर्म पर कुछ शोज ऐसे होते हैं जो दर्शकों के दिलों में लंबे समय तक बसे रहते हैं। उनके डायलॉग और किरदार लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बन जाते हैं। ऐसे शोज की लोकप्रियता देखकर फिल्म निर्माता भी उन्हें बड़े पर्दे पर पेश करने की दिशा में कदम उठाते हैं। इसी कड़ी में हाल ही में ‘भाभीजी घर पर हैं!’ फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज हुई और दर्शकों का मनोरंजन किया।

खिचड़ी: द मूवी

टीवी शो को फिल्म में रूपांतरित करने की शुरुआती सफल कोशिशों में से एक थी ‘खिचड़ी: द मूवी’। यह मशहूर कॉमेडी शो ‘खिचड़ी’ का फिल्म संस्करण था। शो का पहला एपिसोड सितंबर 2002 में प्रसारित हुआ और आखिरी 2004 में। 2010 में डायरेक्टर आतिश कपाड़िया ने फिल्म के रूप में इसे बड़े पर्दे पर पेश किया। सुप्रिया पाठक, अनंग देसाई और राजीव मेहता ने फिल्म में वही किरदार निभाए जो शो में लोकप्रिय थे। फिल्म ने न केवल सिटकॉम की कॉमेडी और सरकाज्म को बरकरार रखा बल्कि व्यावसायिक रूप से भी अच्छा प्रदर्शन किया।

तारक मेहता का उल्टा चश्मा

भारत का सबसे लंबे समय तक चलने वाला सिटकॉम ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ आज भी बेहद लोकप्रिय है। इस शो पर आधारित 3डी एनिमेटेड फिल्में बनाई जा रही हैं। निर्माता असित कुमार मोदी ने नीला मीडियाटेक के माध्यम से इन एनिमेटेड फिल्मों की घोषणा की है। यह फिल्में हिंदी, बंगाली, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम सहित कई भाषाओं में उपलब्ध होंगी।

भाभीजी घर पर हैं!

टीवी शो ‘भाभीजी घर पर हैं!’ ने अब बड़े पर्दे पर दस्तक दी। फिल्म को दर्शकों ने पहले दिन खूब सराहा। प्रीमियर के दिन इसने 0.04 करोड़ का नेट कलेक्शन किया। फिल्म में आसिफ शेख, रवि किशन, शुभांगी अत्रे और रोहितश्व गौर मुख्य भूमिका में हैं। फिल्म में शो के लोकप्रिय किरदार और डायलॉग को बड़े पर्दे पर जीवंत किया गया है, जो खासतौर पर शो के फैंस के लिए बनाई गई थी।

मिर्जापुर: द मूवी (निर्माणधीन)

ओटीटी की सुपरहिट सीरीज ‘मिर्जापुर’ अब फिल्म के रूप में भी आ रही है। अमेज़न एमजीएम स्टूडियो और एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तले बनने वाली इस फिल्म में पंकज त्रिपाठी, अली फजल और दिव्येंदु मुख्य भूमिकाओं में होंगे। यह फिल्म 4 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी। मिर्जापुर की ओटीटी सफलता को देखते हुए फिल्म को तैयार किया जा रहा है।

टीवी शोज का फिल्मी रूपांतरण दर्शकों को पुरानी यादों के साथ-साथ नए अनुभव भी देता है। यह दर्शाता है कि सही कहानी और किरदार के साथ टीवी से बड़े पर्दे तक की यात्रा बेहद सफल हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *