7 Sep 2026, Mon

बाजार की मैदा वाली सोयाचाप खाने से अच्छा है घर में बनाएं सोयाबीन चाप, एकदम सॉफ्ट और जूसी बनेंगी, आसान है रेसिपी

नई दिल्ली: सोया चाप पिछले कुछ वर्षों में लोगों के बीच काफी लोकप्रिय हुई है। खासकर शाकाहारी खाने वालों के लिए इसे प्रोटीन से भरपूर विकल्प माना जाता है। होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों से लेकर स्ट्रीट फूड तक, आपको कई जगह सोया चाप की अलग-अलग वैरायटी आसानी से मिल जाती हैं। तंदूरी चाप, मलाई चाप और मसालेदार चाप जैसे व्यंजन लोगों को खूब पसंद आते हैं। हालांकि, बाजार में मिलने वाली चाप की गुणवत्ता और इसे तैयार करने के तरीके को लेकर समय-समय पर सवाल उठते रहे हैं।

कई जगह तैयार की जाने वाली चाप में सोयाबीन के साथ मैदा और दूसरे सामग्री का इस्तेमाल किया जाता है। ऐसे में अगर आप सोया चाप को हेल्दी और प्रोटीन वाला भोजन समझकर खाते हैं, तो घर पर इसे तैयार करना बेहतर विकल्प हो सकता है। खास बात यह है कि सोयाबीन बड़ी की मदद से घर पर भी आसानी से नरम और स्वादिष्ट सोया चाप बनाई जा सकती है।

घर पर सोया चाप बनाने के लिए सामग्री

घर पर चाप तैयार करने के लिए करीब 400 ग्राम सोयाबीन बड़ी, 150 ग्राम मैदा, 50 ग्राम बेसन, लगभग 50 ग्राम दूध और स्वादानुसार नमक की जरूरत होगी। इसके अलावा चाप को आकार देने के लिए लकड़ी की स्टिक या पतली लकड़ी की चम्मच का इस्तेमाल किया जा सकता है।

सबसे पहले सोयाबीन बड़ी को करें तैयार

एक कढ़ाई में पर्याप्त पानी गर्म करें और उसमें करीब दो चम्मच नमक डालें। अब इसमें सोयाबीन बड़ी डालकर लगभग 4 से 5 मिनट तक उबालें। उबलने के बाद सोयाबीन बड़ी को ठंडे पानी से अच्छी तरह धो लें। इसे तब तक धोएं जब तक झाग पूरी तरह निकल न जाए।

इसके बाद सोयाबीन बड़ी का अतिरिक्त पानी अच्छी तरह निचोड़ लें और इसे मिक्सी में डालकर बारीक पीस लें। अब इसमें मैदा और बेसन मिलाकर अच्छी तरह गूंथना शुरू करें।

तैयार करें चाप का आटा

मिश्रण को करीब 3 से 4 मिनट तक अच्छी तरह गूंथें। इसके बाद इसमें थोड़ा दूध डालकर दोबारा गूंथ लें। तैयार आटे को ढककर लगभग 10 से 15 मिनट के लिए रख दें। इस दौरान लकड़ी की स्टिक को पानी में भिगोकर रखें, जिससे बाद में आटा स्टिक पर आसानी से लपेटा जा सके।

अब आटे की छोटी-छोटी लोइयां बनाकर उन्हें पतला बेलें। इन्हें लंबी पट्टी के आकार में काट लें और फिर एक-एक पट्टी को लकड़ी की स्टिक पर लपेटते जाएं।

फ्रिज में सेट करें और फिर पकाएं

स्टिक पर तैयार की गई चाप को सेट होने के लिए करीब 4 से 5 घंटे तक फ्रिज या फ्रीजर में रख दें। जब चाप बनानी हो तो इसे कुछ मिनट गर्म पानी में उबालें। ठंडा होने के बाद स्टिक को आसानी से निकाल लें और चाप को अपनी पसंद के आकार में काट लें।

अब एक कढ़ाई में तेल गर्म करें और चाप के टुकड़ों को मध्यम आंच पर हल्का सुनहरा होने तक फ्राई कर लें। इसके बाद आप इससे अपनी पसंद की कोई भी डिश बना सकते हैं।

घर पर तैयार सोया चाप से तंदूरी चाप, मलाई चाप या मसालेदार सोया चाप की सब्जी बनाई जा सकती है। घर पर बनाने का फायदा यह है कि सामग्री की गुणवत्ता और सफाई का ध्यान अपनी निगरानी में रखा जा सकता है। इससे आप अपनी पसंद के अनुसार स्वाद और मसाले भी तय कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *