तेलुगु सिनेमा के मशहूर कॉमेडियन ब्रह्मानंदम के बड़े भाई श्रीनिवास वदन का एक भावुक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में उन्होंने अपने छोटे भाई से मिलने और उनसे बात करने की इच्छा जाहिर की है।
तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री के दिग्गज अभिनेता और कॉमेडियन ब्रह्मानंदम ने अपनी शानदार कॉमिक टाइमिंग से दशकों तक दर्शकों का मनोरंजन किया है। 1000 से ज्यादा फिल्मों में काम कर चुके ब्रह्मानंदम की लोकप्रियता किसी पहचान की मोहताज नहीं है। हालांकि, इस बार वह अपने किसी फिल्म प्रोजेक्ट को लेकर नहीं, बल्कि अपने बड़े भाई श्रीनिवास वदन के एक भावुक वीडियो को लेकर चर्चा में हैं।
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में श्रीनिवास वदन अपने छोटे भाई को याद करते हुए भावुक नजर आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि वह अपने गांव में सादगी भरा जीवन जी रहे हैं और मंदिर में पूजा-पाठ का काम करते हैं। वीडियो में उन्होंने कहा कि उनकी सबसे बड़ी इच्छा यह है कि उनका भाई कभी फोन करके सिर्फ इतना पूछ ले कि वह कैसे हैं।
‘बस एक बार फोन कर लें’
श्रीनिवास वदन ने बताया कि वे कुल छह भाई-बहन थे, लेकिन अब उनमें से केवल वह और ब्रह्मानंदम ही जीवित हैं। परिवार के बाकी सदस्यों के निधन के बाद उनके जीवन में अकेलापन और बढ़ गया है। उन्होंने भावुक होकर कहा कि उन्हें अपने भाई से किसी बड़ी चीज की उम्मीद नहीं है। वह सिर्फ चाहते हैं कि ब्रह्मानंदम कभी फोन करके उन्हें ‘अन्ना’ कहकर हालचाल पूछ लें।
उनका कहना है कि भाई की ओर से मिलने वाला यह छोटा सा अपनापन उनके लिए बहुत बड़ी खुशी होगी।
स्टारडम के कारण खुद मिलने में होती है झिझक
श्रीनिवास वदन ने यह भी बताया कि वह खुद ब्रह्मानंदम से मिलने के लिए हैदराबाद जाने में संकोच करते हैं। उनके मुताबिक, ब्रह्मानंदम आज बहुत बड़े अभिनेता और स्टार हैं। शूटिंग और काम की व्यस्तता के बीच उनके घर पहुंचने को लेकर वह असहज महसूस करते हैं।
उन्होंने कहा कि जब कोई बड़ा व्यक्ति खुद आगे बढ़कर छोटे को बुलाता है, तो इससे उसे हिम्मत मिलती है। इसी वजह से वह चाहते हैं कि ब्रह्मानंदम खुद उन्हें फोन कर एक बार मिलने के लिए बुलाएं।
कभी कलाकार बनने का था सपना
श्रीनिवास वदन ने अपनी जिंदगी से जुड़ा एक और किस्सा साझा किया। उन्होंने बताया कि करीब 30-40 साल पहले उन्हें भी अभिनय और गायन का शौक था। वह नाटकों में हिस्सा लेते थे और गाने भी गाते थे। हालांकि, समय के साथ उनकी जिंदगी की राह अलग हो गई, जबकि उनके छोटे भाई ब्रह्मानंदम ने फिल्म इंडस्ट्री में बड़ा मुकाम हासिल कर लिया।
आज श्रीनिवास मंदिर में पूजा-पाठ कर अपना जीवन चला रहे हैं। उन्होंने साफ कहा कि उन्हें अपने भाई से किसी आर्थिक मदद की जरूरत नहीं है। उनकी इच्छा सिर्फ भावनात्मक है।
वीडियो ने जीता लोगों का दिल
श्रीनिवास वदन का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो देखने के बाद कई यूजर्स भावुक हो गए और दोनों भाइयों के रिश्ते को लेकर अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। लोगों का कहना है कि रिश्तों में पैसे और शोहरत से ज्यादा मायने अपनापन रखता है।
श्रीनिवास वदन की सबसे बड़ी उम्मीद भी यही है कि उनका छोटा भाई एक दिन उन्हें याद करे और कहे—‘अन्ना, हैदराबाद आ जाओ, मुझे तुमसे मिलना है।’

