बॉलीवुड अभिनेता सुनील शेट्टी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति अपने सम्मान और प्रशंसा को लेकर अक्सर खुलकर बात करते रहे हैं। अभिनेता कई मौकों पर यह कह चुके हैं कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बहुत बड़े प्रशंसक हैं। लेकिन इस बार सुनील शेट्टी ने अपने परिवार से जुड़ा एक ऐसा दिलचस्प किस्सा साझा किया है, जिसने हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। अभिनेता ने खुलासा किया है कि उनकी 15 महीने की नातिन इवारा भी प्रधानमंत्री मोदी की बड़ी फैन हैं।
हाल ही में एक मीडिया इंटरव्यू के दौरान सुनील शेट्टी ने अपनी नातिन इवारा के बारे में बात करते हुए बताया कि वह हर सुबह उठते ही “मोदी जी, मोदी जी” कहती हैं और उनकी तस्वीर को लड्डू भी चढ़ाती हैं। अभिनेता का कहना है कि परिवार में किसी ने भी इवारा को ऐसा करने के लिए नहीं कहा, लेकिन वह खुद ही ऐसा करती हैं।
‘टाइम्स नाउ’ को दिए एक इंटरव्यू में सुनील शेट्टी ने बताया कि उनकी बेटी अथिया शेट्टी और दामाद क्रिकेटर केएल राहुल की बेटी इवारा को एक बार उसकी नैनी ने एयरपोर्ट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर दिखाई थी। नैनी ने इवारा को सिर्फ एक बार “मोदी जी” के बारे में बताया था। इसके बाद से ही इवारा रोज सुबह प्रधानमंत्री मोदी का नाम लेने लगी।
सुनील शेट्टी ने कहा, “मैं हमेशा कहता आया हूं कि मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बहुत बड़ा प्रशंसक हूं। मैं किसी राजनीतिक पार्टी की बात नहीं कर रहा हूं, बल्कि एक ऐसे नेता की बात कर रहा हूं जो मुझे प्रेरित करते हैं और मुझमें जोश भरते हैं। मुझे अपने देश से जितना प्यार है, उतना ही सम्मान मैं उनके लिए भी महसूस करता हूं।”
अभिनेता ने आगे बताया कि उनकी नातिन हर सुबह साईं बाबा की एक किताब खोलती है, जिसमें प्रधानमंत्री मोदी की तस्वीर भी लगी हुई है। किताब खोलने के बाद इवारा ‘मोदी जी, मोदी जी’ कहती है और फिर घर में रखी गणपति बप्पा की मूर्ति के पास से लड्डू लेकर तस्वीर के सामने रख देती है।
सुनील शेट्टी ने हंसते हुए कहा, “न तो मैंने और न ही मेरी बेटी अथिया ने उसे ऐसा करने के लिए कहा है। उसकी नैनी ने सिर्फ एक बार उसे मोदी जी के बारे में बताया था, लेकिन तब से वह खुद ही ऐसा कर रही है। इसमें जरूर कुछ खास बात है।”
उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री मोदी में कुछ ऐसा आकर्षण और व्यक्तित्व है, जो लोगों को सहज रूप से प्रभावित करता है। सुनील के मुताबिक, अगर एक 15 महीने की बच्ची भी उनके प्रति इतना लगाव महसूस कर रही है, तो निश्चित रूप से उनमें कुछ जादुई बात है।
बता दें कि सुनील शेट्टी की बेटी अथिया शेट्टी ने जनवरी 2023 में भारतीय क्रिकेटर केएल राहुल से शादी की थी। शादी के लगभग दो साल बाद, मार्च 2025 में दोनों ने अपनी बेटी इवारा का स्वागत किया। हालांकि, अथिया और राहुल अपनी बेटी की निजता को लेकर काफी सतर्क हैं और उन्होंने अब तक सोशल मीडिया पर इवारा का चेहरा सार्वजनिक नहीं किया है। कपल अपनी बेटी के लिए “नो फोटो पॉलिसी” का पालन करता है और मीडिया से भी उसकी तस्वीरें साझा न करने की अपील करता रहा है।
सुनील शेट्टी द्वारा साझा किया गया यह प्यारा किस्सा सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा का विषय बना हुआ है और फैंस भी इस पर अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।

