13 Nov 2026, Fri

दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर टोल चार्ज कैसे बचाएं? शख्स ने बताई ट्रिक; यूजर्स बोले- ‘जोर-जोर से बोलकर स्कीमें बता दे’

दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर टोल शुल्क बचाने का एक तरीका इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। एक टैक्सी ड्राइवर ने वीडियो शेयर कर दावा किया है कि वह अपनी हर यात्रा में करीब 145 रुपये तक टोल बचा लेता है। उसके बताए तरीके को देखकर लोग हैरान हैं। जहां कुछ यूजर्स इसे स्मार्ट जुगाड़ बता रहे हैं, वहीं कई लोगों ने इसकी वैधता और सुरक्षा पर सवाल उठाए हैं।

फेसबुक पर शेयर किया वीडियो

यह वीडियो शिवा शर्मा नाम के टैक्सी ड्राइवर ने अपने फेसबुक अकाउंट पर शेयर किया है। वीडियो में उन्होंने दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर टोल शुल्क कम करने का तरीका समझाया है।

शिवा शर्मा के मुताबिक, सराय काले खां से मेरठ की तरफ जाने वाले वाहन चालक दासना के पास बताए गए कट-ऑफ से बाहर निकल सकते हैं। इसके बाद करीब 50 मीटर आगे जाकर दोबारा एक्सप्रेसवे पर प्रवेश करने से टोल सिस्टम में नई एंट्री दर्ज होने का दावा किया गया है। उनका कहना है कि इस तरह वाहन पर कम दूरी के हिसाब से टोल शुल्क लगता है।

₹175 की जगह ₹120 कटने का दावा

वीडियो में टैक्सी ड्राइवर ने बताया कि सामान्य तौर पर दिल्ली से मेरठ जाने पर एक तरफ का टोल करीब 175 रुपये और आने-जाने का कुल शुल्क लगभग 265 रुपये होता है। हालांकि, उनके बताए तरीके से करीब 120 रुपये ही कटते हैं।

उन्होंने वीडियो में अपना FASTag बैलेंस भी दिखाया और दावा किया कि इस प्रक्रिया से उन्हें हर ट्रिप में करीब 145 रुपये की बचत होती है। उनका कहना है कि यह कोई धोखाधड़ी नहीं, बल्कि पैसे बचाने का तरीका है।

सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस

वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर यूजर्स की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोग ड्राइवर के इस जुगाड़ की तारीफ कर रहे हैं, जबकि कई यूजर्स का मानना है कि इस तरह की जानकारी सार्वजनिक करने से संबंधित टोल व्यवस्था में बदलाव हो सकता है।

एक यूजर ने मजाक में लिखा कि अब संबंधित अधिकारियों को भी यह ट्रिक पता चल गई होगी। वहीं, कुछ लोगों ने सवाल उठाया कि क्या इस तरीके को अपनाना नियमों के अनुसार सही है और क्या इससे यात्रियों का समय भी बचता है।

क्या वाकई वैध है टोल बचाने का यह तरीका?

दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर दूरी के आधार पर टोल शुल्क वसूला जाता है। वायरल वीडियो में ड्राइवर ने दावा किया है कि दोबारा प्रवेश करने से सिस्टम नई एंट्री मानकर कम शुल्क काटता है। हालांकि, इस तरीके की वैधता को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है।

इसलिए केवल वायरल वीडियो के आधार पर इसे टोल बचाने का अधिकृत या कानूनी तरीका नहीं माना जा सकता। वाहन चालकों को सलाह है कि वे टोल नियमों का पालन करें और यात्रा से पहले लागू शुल्क की जानकारी आधिकारिक माध्यमों से प्राप्त करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *