चेन्नई। दक्षिण भारतीय फिल्म इंडस्ट्री की लोकप्रिय अभिनेत्री सामंथा रुथ प्रभु इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘मा इंति बंगारम’ को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म 19 जून को रिलीज होने वाली है और इसके प्रमोशन के सिलसिले में अभिनेत्री हाल ही में चेन्नई पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने अपने पुराने को-स्टार और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय से मुलाकात की। इस खास मुलाकात की तस्वीरें सामंथा ने सोशल मीडिया पर साझा की हैं, जो अब तेजी से वायरल हो रही हैं।
तस्वीरों में सामंथा लाल रंग की खूबसूरत साड़ी में नजर आ रही हैं, जबकि मुख्यमंत्री विजय अपने सादगीपूर्ण अंदाज में दिखाई दे रहे हैं। तस्वीरें शेयर करते हुए सामंथा ने एक भावुक और प्रेरणादायक नोट भी लिखा, जिसमें उन्होंने विजय की तारीफ करते हुए उनके व्यक्तित्व और राजनीतिक सफर को सराहा।
सामंथा ने अपने पोस्ट में लिखा कि चेन्नई पहुंचते ही उन्हें सबसे ज्यादा खुशी इस बात की थी कि उन्हें मुख्यमंत्री विजय से मिलने का अवसर मिलने वाला था। उन्होंने कहा कि उन्हें हमेशा से लगता था कि विजय सिर्फ फिल्मों के पर्दे पर हीरो बनने के लिए नहीं बने हैं, बल्कि उनकी लोकप्रियता, ऊर्जा और लोगों से जुड़ने की क्षमता उन्हें किसी बड़े उद्देश्य के लिए खास बनाती है।
अभिनेत्री ने आगे विजय के राजनीतिक सफर की प्रशंसा करते हुए कहा कि किसी नए क्षेत्र में कदम रखने के लिए असाधारण साहस की जरूरत होती है। उन्होंने लिखा कि एक ऐसे करियर को पीछे छोड़ना, जिसमें व्यक्ति सफल और स्थापित हो चुका हो, और फिर समाज के लिए नई जिम्मेदारी उठाना आसान नहीं होता। सामंथा के अनुसार, विजय ने यह कदम इसलिए उठाया क्योंकि उन्हें विश्वास है कि वे समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकते हैं।
अपने संदेश में सामंथा ने युवाओं को भी प्रेरित करने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि जीवन में हर व्यक्ति को कभी न कभी कुछ बड़ा करने की प्रेरणा मिलती है, लेकिन बहुत कम लोग उस प्रेरणा को वास्तविकता में बदलने का साहस जुटा पाते हैं। उनके अनुसार, विजय उन चुनिंदा लोगों में से हैं जिन्होंने अपने सपनों और जिम्मेदारियों को एक नए स्तर पर ले जाने का निर्णय लिया।
सामंथा ने लिखा कि वह विजय के लिए शक्ति, विवेक और अपने रास्ते पर दृढ़ बने रहने की कामना करती हैं। उन्होंने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि जिंदगी अक्सर उन सपनों से कहीं बड़ी होती है, जिनके साथ हम शुरुआत करते हैं। अगर व्यक्ति खुद पर विश्वास रखे और समाज के लिए कुछ करने का संकल्प ले, तो वह अपनी कल्पना से भी बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकता है।
सोशल मीडिया पर सामंथा की इस पोस्ट को फैंस का जबरदस्त प्यार मिल रहा है। कई यूजर्स ने दोनों की तस्वीरों को देखकर खुशी जाहिर की। एक फैन ने लिखा, “आप दोनों को साथ देखकर बहुत अच्छा लगा।” वहीं दूसरे यूजर ने कहा, “यह पोस्ट बेहद प्रेरणादायक है और इसने मेरा दिन बना दिया।”
वर्क फ्रंट की बात करें तो सामंथा और विजय की जोड़ी तमिल सिनेमा की सबसे पसंदीदा जोड़ियों में से एक रही है। दोनों ने ‘काठी’, ‘थेरी’ और ‘मर्सल’ जैसी सुपरहिट फिल्मों में साथ काम किया है। अब वर्षों बाद उनकी यह मुलाकात फैंस के लिए किसी खास सरप्राइज से कम नहीं है।

