7 Jun 2026, Sun

‘डॉन 3’ विवाद में रणवीर सिंह को मिला पूनम ढिल्लों का साथ, इमोशनल हुए पिता, एक्ट्रेस को कहा- ‘शुक्रिया’

मुंबई: बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह और फिल्म ‘डॉन 3’ को लेकर पिछले कुछ दिनों से चल रहा विवाद अब शांत होता नजर आ रहा है। फिल्म से अलग होने के बाद रणवीर सिंह के खिलाफ फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) द्वारा जारी किया गया नॉन-कोऑपरेशन नोटिस वापस ले लिया गया है। इस फैसले के बाद फिल्म इंडस्ट्री में राहत की भावना देखी जा रही है। खासतौर पर सिने एंड टीवी आर्टिस्ट्स एसोसिएशन (CINTAA) की अध्यक्ष और अभिनेत्री पूनम ढिल्लों ने इस कदम का स्वागत किया है।

दरअसल, रणवीर सिंह लंबे समय से चर्चित फिल्म ‘डॉन 3’ में मुख्य भूमिका निभाने वाले थे। फिल्म के निर्माता-निर्देशक फरहान अख्तर और एक्सेल एंटरटेनमेंट ने इसके प्री-प्रोडक्शन पर काम भी शुरू कर दिया था। हालांकि अंतिम चरण में रणवीर ने फिल्म से अलग होने का फैसला किया, जिसके बाद मामला विवाद का रूप ले बैठा। एक्सेल एंटरटेनमेंट की शिकायत पर FWICE ने रणवीर के खिलाफ असहयोग का निर्देश जारी कर दिया था।

इस पूरे मामले में CINTAA ने शुरू से ही रणवीर सिंह का समर्थन किया। अब जब FWICE ने अपना नोटिस वापस ले लिया है, तो पूनम ढिल्लों ने इसे सही निर्णय बताया है। उन्होंने कहा कि किसी भी कलाकार को अपनी पसंद का काम चुनने या किसी प्रोजेक्ट से अलग होने का अधिकार है। एक अभिनेता और CINTAA अध्यक्ष होने के नाते वह शुरुआत से इस कार्रवाई के खिलाफ थीं।

एक मीडिया इंटरव्यू में पूनम ढिल्लों ने कहा कि रणवीर सिंह एक जिम्मेदार और समर्पित कलाकार हैं। उन्होंने हमेशा अपने काम को गंभीरता से लिया है और इंडस्ट्री में उनकी पेशेवर छवि बेहद मजबूत रही है। ऐसे में उनके खिलाफ इस तरह की कार्रवाई उचित नहीं थी। पूनम ने यह भी कहा कि FWICE के पास किसी अभिनेता के खिलाफ इस तरह का कदम उठाने का अधिकार नहीं था।

उन्होंने आगे कहा कि रणवीर सिंह और एक्सेल एंटरटेनमेंट के बीच पहले से अच्छे संबंध रहे हैं। रणवीर इससे पहले ‘गली बॉय’ और ‘दिल धड़कने दो’ जैसी फिल्मों में एक्सेल एंटरटेनमेंट के साथ काम कर चुके हैं। इसलिए इस विवाद का समाधान बातचीत से निकाला जा सकता था।

पूनम ढिल्लों ने यह भी खुलासा किया कि विवाद सुलझने के बाद रणवीर सिंह के पिता जगजीत सिंह भवनानी ने उनसे संपर्क किया और CINTAA द्वारा दिए गए समर्थन के लिए धन्यवाद व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि रणवीर के पिता ने कहा कि एक्सेल एंटरटेनमेंट और फरहान अख्तर के साथ उनके रिश्ते बेहद अच्छे हैं और दोनों पक्षों के बीच किसी प्रकार की व्यक्तिगत नाराजगी नहीं है। हालांकि FWICE के हस्तक्षेप को लेकर उन्होंने असंतोष जरूर जताया था।

फिलहाल FWICE द्वारा नोटिस वापस लिए जाने के बाद यह विवाद लगभग समाप्त होता दिखाई दे रहा है। इंडस्ट्री के कई लोग इसे सकारात्मक कदम मान रहे हैं। वहीं रणवीर सिंह के प्रशंसकों के लिए भी यह राहत की खबर है। अब सभी की नजरें रणवीर के आगामी प्रोजेक्ट्स पर हैं और उम्मीद की जा रही है कि अभिनेता जल्द ही किसी बड़े ऐलान के साथ दर्शकों के सामने आएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *