कन्नड़ सुपरस्टार यश की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘टॉक्सिक: ए फेयरीटेल फॉर ग्रोन अप्स’ का ट्रेलर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर जबरदस्त चर्चा शुरू हो गई है। फिल्म के ट्रेलर को दर्शकों से शानदार प्रतिक्रिया मिल रही है और यश के दमदार एक्शन अवतार ने फैंस की उत्सुकता और बढ़ा दी है। इसी बीच अभिनेता सिद्धार्थ मल्होत्रा ने भी फिल्म का ट्रेलर शेयर करते हुए अपनी पत्नी कियारा आडवाणी की परफॉर्मेंस की खुलकर तारीफ की है।
सिद्धार्थ ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर ‘टॉक्सिक’ का ट्रेलर साझा किया और कियारा के अभिनय को उनकी अब तक की बेहतरीन परफॉर्मेंस में से एक बताया। उन्होंने फिल्म की पूरी टीम को शुभकामनाएं देते हुए लिखा कि मेहनत, लगन और जुनून बड़े पर्दे पर साफ नजर आएगा। सिद्धार्थ ने कहा कि वह फिल्म को देखने के लिए बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
अपने पोस्ट में सिद्धार्थ ने लिखा, “मेहनत, लगन और जुनून – यह सब बड़े पर्दे पर दिखेगा। यह तुम्हारी बेहतरीन फिल्मों में से एक होगी, Ki! गीतू मोहनदास, यश और पूरी टीम ने जो जादू रचा है, उसे देखने का इंतजार है। ‘टॉक्सिक’ की पूरी टीम को शुभकामनाएं। 26 अगस्त का इंतजार है।” सिद्धार्थ का यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और फैंस इसे कियारा के लिए उनके समर्थन के रूप में देख रहे हैं।
ट्रेलर में यश का डबल रोल
‘टॉक्सिक’ के ट्रेलर में यश दो अलग-अलग भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। फिल्म में उनका एक्शन, स्टाइल और स्क्रीन प्रेजेंस दर्शकों का ध्यान खींच रहा है। ट्रेलर में क्राइम, ड्रामा और थ्रिल का जबरदस्त मिश्रण देखने को मिला है, जिससे फिल्म को लेकर उम्मीदें काफी बढ़ गई हैं।
फिल्म का निर्देशन गीतू मोहनदास ने किया है, जो अपनी अलग कहानी कहने की शैली के लिए जानी जाती हैं। ट्रेलर में विजुअल्स, बैकग्राउंड स्कोर और सिनेमैटोग्राफी की भी खूब सराहना हो रही है।
कियारा की परफॉर्मेंस चर्चा में
फिल्म में कियारा आडवाणी का किरदार भी काफी अहम माना जा रहा है। हाल ही में रिलीज हुए फिल्म के पहले गाने ‘तबाही’ में यश और कियारा की केमिस्ट्री ने दर्शकों का ध्यान खींचा था। हालांकि गाने में कुछ बोल्ड दृश्यों को लेकर सोशल मीडिया पर कियारा को ट्रोलिंग का सामना भी करना पड़ा था।
ऐसे समय में सिद्धार्थ मल्होत्रा का सार्वजनिक रूप से कियारा का समर्थन करना फैंस को काफी पसंद आ रहा है। कई यूजर्स ने सोशल मीडिया पर लिखा कि सिद्धार्थ ने एक अच्छे जीवनसाथी की तरह कियारा का मनोबल बढ़ाया है।
26 अगस्त को रिलीज होगी फिल्म
‘टॉक्सिक: ए फेयरीटेल फॉर ग्रोन अप्स’ 26 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। फिल्म को लेकर यश के फैंस में पहले से ही जबरदस्त उत्साह है और अब ट्रेलर रिलीज के बाद यह उत्सुकता और बढ़ गई है। सिद्धार्थ मल्होत्रा की तारीफ के बाद कियारा आडवाणी की परफॉर्मेंस को लेकर भी दर्शकों की उम्मीदें काफी बढ़ गई हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कितना बड़ा धमाका करती है।

