दिग्गज अभिनेता Saeed Jaffrey हिंदी सिनेमा के उन चुनिंदा कलाकारों में से एक थे, जिन्होंने मुख्य भूमिकाओं के बजाय सपोर्टिंग रोल्स के जरिए अपनी एक अलग और मजबूत पहचान बनाई। अपने लंबे और विविधतापूर्ण करियर में उन्होंने न केवल बॉलीवुड, बल्कि अंतरराष्ट्रीय फिल्मों और प्रोजेक्ट्स में भी काम किया और अपनी अभिनय क्षमता से दर्शकों और समीक्षकों दोनों का दिल जीता। भले ही आज वह हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके शानदार अभिनय की छाप आज भी सिनेमा प्रेमियों के दिलों में जिंदा है।
सईद जाफरी का निजी जीवन भी काफी दिलचस्प रहा है। उन्होंने मशहूर अभिनेत्री मधुर जाफरी से विवाह किया था। दोनों का रिश्ता लंबे समय तक नहीं चल सका और कुछ वर्षों बाद उनका तलाक हो गया। इस शादी से उनकी एक बेटी हुई, जिनका नाम Sakina Jaffrey रखा गया। तलाक के बाद मधुर जाफरी ने अमेरिका के वायलिनिस्ट सैनफोर्ड एलन से विवाह किया और अपनी बेटी सकीना के साथ अमेरिका शिफ्ट हो गईं।
अमेरिका में सकीना जाफरी ने अपनी शिक्षा पूरी की और यहीं से उनके करियर की दिशा भी तय हुई। अपने पिता की तरह उन्होंने भी अभिनय को अपना करियर चुना, लेकिन उन्होंने बॉलीवुड की बजाय हॉलीवुड में अपनी पहचान बनाने का फैसला किया। उन्होंने 1988 में फिल्म ‘द परफेक्ट मर्डर’ से अपने अभिनय करियर की शुरुआत की और धीरे-धीरे इंडस्ट्री में अपनी जगह मजबूत की।
अपने तीन दशकों से अधिक लंबे करियर में सकीना जाफरी कई चर्चित फिल्मों और टीवी शोज़ का हिस्सा रह चुकी हैं। उन्होंने ‘डे लाइट’, ‘राइजिंग हेलेन’, ‘घोस्ट’, ‘वॉकिंग ड्रीम्स’ और लोकप्रिय वेब सीरीज ‘बिलियंस’ जैसे प्रोजेक्ट्स में काम किया है। इसके अलावा, मार्वल की चर्चित सीरीज ‘मिस मार्वल’ में भी उनकी उपस्थिति ने उन्हें और अधिक लोकप्रियता दिलाई।
सकुना जाफरी के निजी जीवन की बात करें तो उनका अपने सौतेले पिता सैनफोर्ड एलन के साथ बहुत अच्छा संबंध रहा। बचपन में ही माता-पिता के अलग होने के कारण उन्हें भावनात्मक रूप से कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा, लेकिन सैनफोर्ड एलन ने उन्हें पिता जैसा स्नेह और सहारा दिया। इसी कारण सकीना अपने सौतेले पिता को ही अपना वास्तविक पिता मानती हैं। हालांकि, वह अपने बायोलॉजिकल पिता सईद जाफरी के सरनेम को आज भी अपने नाम के साथ इस्तेमाल करती हैं, जिससे उनके पारिवारिक और पेशेवर पहचान दोनों जुड़े हुए हैं।
आज सकीना जाफरी हॉलीवुड में एक स्थापित नाम हैं और अपनी दमदार एक्टिंग के जरिए लगातार दर्शकों का मनोरंजन कर रही हैं। उनका करियर इस बात का उदाहरण है कि किस तरह एक कलाकार अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान बना सकता है।

