22 Aug 2026, Sat

‘जियो और जीने दो’, करीना कपूर की तीसरी प्रेग्नेंसी की उड़ी अफवाह, वायरल वीडियो पर भड़कीं ननद सबा अली खान

बॉलीवुड एक्ट्रेस करीना कपूर खान इन दिनों अपनी फिल्मों से ज्यादा एक वायरल वीडियो को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया, जिसे देखने के बाद यूजर्स ने उनकी तीसरी प्रेग्नेंसी को लेकर कयास लगाने शुरू कर दिए। वीडियो में करीना कपूर जिम वियर में नजर आ रही थीं और एक एंगल से उनका लुक देखने के बाद सोशल मीडिया पर प्रेग्नेंसी की अफवाहों ने जोर पकड़ लिया। हालांकि, करीना की टीम ने इन खबरों को पूरी तरह खारिज कर दिया है। अब एक्ट्रेस की बड़ी ननद और सैफ अली खान की बहन सबा अली खान पटौदी ने भी इन अफवाहों पर नाराजगी जाहिर की है।

करीना की प्रेग्नेंसी की अफवाहों पर सबा का रिएक्शन

सबा अली खान ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर करीना कपूर का वही वायरल वीडियो शेयर किया, जिसके बाद उनकी तीसरी प्रेग्नेंसी को लेकर चर्चा शुरू हुई थी। इस पोस्ट के जरिए सबा ने साफ कर दिया कि करीना प्रेग्नेंट नहीं हैं। उन्होंने सोशल मीडिया यूजर्स से अपील की कि किसी की तस्वीर या वीडियो देखकर उसकी निजी जिंदगी के बारे में बिना वजह अंदाजा नहीं लगाना चाहिए।

सबा ने अपने पोस्ट में लिखा कि गलत एंगल से ली गई तस्वीर या खराब हेयरस्टाइल किसी को अलग दिखा सकती है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि लोग तुरंत किसी नतीजे पर पहुंच जाएं। उन्होंने यह भी कहा कि करीना एयरपोर्ट से बेहद शानदार और स्लिम लुक में नजर आई थीं और इसके बाद जिम से बाहर निकलते हुए दिखाई दीं। उनके मुताबिक, बात सिर्फ इतनी ही है।

‘काश यह सच होता’

सबा अली खान ने अपने पोस्ट में मजाकिया अंदाज में यह भी लिखा कि वह खुद अपनी बहन करीना को दूसरा बच्चा करने के लिए मनाती रहती हैं। उन्होंने कहा, ‘काश यह सच होता!’ इसके साथ ही सबा ने मजाक में लिखा कि ऐसा कहने पर करीना उनकी जान ही ले लेंगी।

सबा ने आगे लोगों को सलाह देते हुए कहा कि ‘खुद भी जियो और दूसरों को भी जीने दो।’ उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि कुछ चीजें निजी रहनी चाहिए और लोगों को बिना किसी वजह के किसी की निजी जिंदगी को लेकर अंदाजे नहीं लगाने चाहिए। सबा ने अपने पोस्ट के अंत में लोगों से प्यार और सम्मान के साथ पेश आने की अपील की।

कैसे शुरू हुई करीना की तीसरी प्रेग्नेंसी की चर्चा?

दरअसल, शुक्रवार को करीना कपूर खान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया था। वीडियो में एक्ट्रेस जिम से निकलकर अपनी कार की तरफ जाती दिखाई दे रही थीं। करीना इस दौरान कैजुअल जिम वियर में नजर आईं। वीडियो के एक खास एंगल को देखने के बाद कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने उनकी प्रेग्नेंसी को लेकर कयास लगाने शुरू कर दिए।

वीडियो वायरल होने के बाद प्रेग्नेंसी की खबरें इतनी तेजी से फैलने लगीं कि करीना की टीम को इन अफवाहों पर सफाई देनी पड़ी। टीम की ओर से साफ किया गया कि करीना कपूर प्रेग्नेंट नहीं हैं और सोशल मीडिया पर चल रही इन खबरों में कोई सच्चाई नहीं है।

करीना कपूर और सैफ अली खान पहले से दो बच्चों के माता-पिता हैं। दोनों के बेटे तैमूर और जहांगीर अक्सर सुर्खियों में रहते हैं। अब सबा अली खान के बयान के बाद करीना की तीसरी प्रेग्नेंसी को लेकर चल रही अफवाहों पर विराम लग गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *