टोक्यो: जापान में हुए संसदीय चुनावों में प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची ने इतिहास रच दिया है। उनकी लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी (LDP) ने लोअर हाउस में दो-तिहाई से ज्यादा बहुमत हासिल करते हुए शानदार जीत दर्ज की है। जापानी मीडिया और पब्लिक ब्रॉडकास्टर NHK के शुरुआती नतीजों के मुताबिक, LDP ने अकेले 465 सदस्यीय हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स में 316 सीटें जीत ली हैं। यह न सिर्फ पार्टी की अब तक की सबसे बड़ी जीत है, बल्कि 1986 में पूर्व प्रधानमंत्री यासुहिरो नाकासोन द्वारा बनाए गए 300 सीटों के रिकॉर्ड को भी तोड़ चुकी है।
लोअर हाउस जापान की संसद का सबसे शक्तिशाली सदन माना जाता है और यहां दो-तिहाई बहुमत होने से सरकार को बड़े नीतिगत और संवैधानिक फैसले लेने की आजादी मिल जाती है। इस जीत के साथ ही सनाए ताकाइची की स्थिति बेहद मजबूत हो गई है और अब उन्हें 2028 तक बिना किसी चुनावी दबाव के शासन करने का मौका मिलेगा।
जीत के बाद ताकाइची का बयान
चुनाव में ऐतिहासिक सफलता के बाद प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची ने NHK को दिए इंटरव्यू में कहा, “मैं ऐसी नीतियां बनाऊंगी जो जापान को और मजबूत और समृद्ध बनाएंगी।” उन्होंने कहा कि वह अपने फैसलों में लचीलापन रखेंगी और जरूरत पड़ने पर विपक्ष से भी सहयोग लेंगी, लेकिन अपने लक्ष्यों को हासिल करने से पीछे नहीं हटेंगी। पार्टी मुख्यालय में जीत का जश्न मनाया गया, जहां ताकाइची ने विजयी उम्मीदवारों के नामों पर लाल रिबन लगाए और कार्यकर्ताओं ने तालियों के साथ उनका स्वागत किया।
लोकप्रियता बनी जीत की बड़ी वजह
सनाए ताकाइची अक्टूबर 2025 में जापान की पहली महिला प्रधानमंत्री बनी थीं। पद संभालने के महज तीन महीने बाद उन्होंने समय से पहले चुनाव कराने का फैसला किया, जो पूरी तरह उनके पक्ष में गया। उनकी मजबूत छवि, सख्त फैसले और अलग नेतृत्व शैली ने खासकर युवा वोटर्स को आकर्षित किया, जो पहले राजनीति से दूरी बनाए रखते थे। विपक्ष बिखरा हुआ नजर आया और कोई मजबूत चुनौती खड़ी नहीं कर सका। LDP ने जापान इनोवेशन पार्टी (JIP) के साथ गठबंधन में कुल 352 सीटें जीती हैं।
ताकाइची की प्रमुख नीतियां
प्रधानमंत्री ताकाइची का फोकस जापान की अर्थव्यवस्था और सैन्य ताकत को मजबूत करने पर है। उनकी प्रमुख नीतियों में रक्षा खर्च बढ़ाना, हथियार निर्यात पर लगी रोक हटाना, चीन के साथ बढ़ते तनाव के बीच अमेरिका से रिश्ते और मजबूत करना, इमिग्रेशन पर सख्त नियम लागू करना और टेक्नोलॉजी व इंडस्ट्री को बढ़ावा देने के लिए सरकारी खर्च बढ़ाना शामिल है।
बर्फबारी के बीच हुआ मतदान
चुनाव के दिन जापान के कई हिस्सों में भारी बर्फबारी हुई, खासकर उत्तरी इलाकों में हालात बेहद खराब रहे। सड़कें बंद रहीं और कई मौतों की भी खबरें आईं, लेकिन इसके बावजूद वोटिंग प्रभावित नहीं हुई और टर्नआउट अच्छा रहा। एक वोटर अकिहितो इवाटाके ने कहा कि LDP की जीत जापान की राजनीति में बड़ा बदलाव ला सकती है।
वैश्विक नेताओं की बधाइयां
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, इटली की पीएम जॉर्जिया मेलोनी, ताइवान के राष्ट्रपति लाई चिंग-ते, यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन, ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, न्यूजीलैंड और मलेशिया के प्रधानमंत्रियों सहित कई वैश्विक नेताओं ने ताकाइची को ऐतिहासिक जीत पर बधाई दी है। सभी नेताओं ने जापान के साथ रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने की उम्मीद जताई है।

