29 Jul 2026, Wed

‘जना नायकन’ की बॉक्स ऑफिस पर धीमी पड़ी रफ्तार, छठे दिन कमाई में आई गिरावट, मंगलवार को कमाए मात्र 8 करोड़

तमिल सुपरस्टार और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘जना नायकन’ को सिनेमाघरों में रिलीज हुए छह दिन पूरे हो चुके हैं। राजनीतिक और एक्शन थ्रिलर से भरपूर इस फिल्म ने पहले वीकेंड में शानदार प्रदर्शन किया, लेकिन सप्ताह के दिनों में इसकी कमाई की रफ्तार धीमी पड़ गई है। शुरुआती दिनों में फिल्म से घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 200 करोड़ रुपये का आंकड़ा तेजी से पार करने की उम्मीद की जा रही थी, लेकिन फिलहाल यह लक्ष्य अभी दूर नजर आ रहा है।

फिल्म 23 जुलाई को रिलीज हुई थी और रिलीज के पहले दिन ही इसने बॉक्स ऑफिस पर जोरदार शुरुआत करते हुए 42.70 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। यह विजय के स्टारडम और फिल्म को लेकर दर्शकों के उत्साह का बड़ा संकेत माना गया। हालांकि दूसरे दिन फिल्म की कमाई में तेज गिरावट दर्ज की गई।

छह दिनों का बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन

ट्रेड वेबसाइट सैकनिल्क के शुरुआती आंकड़ों के अनुसार, ‘जना नायकन’ ने पहले दिन 42.70 करोड़ रुपये की कमाई की। दूसरे दिन यह आंकड़ा घटकर 21.70 करोड़ रुपये पर आ गया, यानी लगभग 50 प्रतिशत से अधिक की गिरावट देखने को मिली।

हालांकि तीसरे और चौथे दिन फिल्म ने फिर से रफ्तार पकड़ी। शनिवार को फिल्म ने 28.50 करोड़ रुपये और रविवार को 32 करोड़ रुपये का कारोबार किया। इसके बाद सोमवार को कलेक्शन घटकर 10.65 करोड़ रुपये रह गया, जबकि मंगलवार यानी रिलीज के छठे दिन फिल्म लगभग 8 करोड़ रुपये ही कमा सकी।

इन छह दिनों में फिल्म का ग्रॉस इंडिया कलेक्शन लगभग 167.57 करोड़ रुपये और नेट कलेक्शन 143.40 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।

विदेशों में मिल रहा शानदार रिस्पॉन्स

घरेलू बॉक्स ऑफिस पर कमाई की रफ्तार धीमी पड़ने के बावजूद फिल्म को अंतरराष्ट्रीय बाजार में अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। विदेशों में विजय की लोकप्रियता का असर फिल्म के कलेक्शन में साफ दिखाई दे रहा है।

रिपोर्ट्स के अनुसार, ‘जना नायकन’ ने दुनियाभर में अब तक लगभग 246.07 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है। खासतौर पर तमिल प्रवासी दर्शकों वाले बाजारों में फिल्म का प्रदर्शन मजबूत बना हुआ है।

7 महीने की देरी के बाद हुई रिलीज

फिल्म की रिलीज को लेकर लंबे समय तक अनिश्चितता बनी रही थी। CBFC (सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन) से जुड़ी प्रक्रियाओं के कारण फिल्म की रिलीज में करीब 7 महीने की देरी हुई। यह मामला सुप्रीम कोर्ट तक भी पहुंचा था, जिसके बाद फिल्म आखिरकार जुलाई में सिनेमाघरों में रिलीज हो सकी।

रिलीज के बाद अभिनेत्री तृषा कृष्णन भी फिल्म का फर्स्ट डे फर्स्ट शो देखने पहुंची थीं, जिसकी जानकारी उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए साझा की थी।

निर्देशक ने किया बड़ा ऐलान

फिल्म के निर्देशक एच. विनोथ ने हाल ही में घोषणा की है कि फिल्म में 6 डिलीटेड सीन जोड़े जाएंगे। अगले सप्ताह से फिल्म इन अतिरिक्त दृश्यों के साथ सिनेमाघरों में प्रदर्शित की जाएगी।

विश्लेषकों का मानना है कि नए सीन्स जुड़ने से फिल्म की कमाई को कुछ हद तक बढ़ावा मिल सकता है, खासकर उन दर्शकों के बीच जो दोबारा फिल्म देखने का फैसला कर सकते हैं।

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आने वाले दिनों में ‘जना नायकन’ 200 करोड़ रुपये के घरेलू आंकड़े तक पहुंच पाएगी या नहीं। इस सप्ताह ‘स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे’ और ‘प्रहार – द उज्जवल निकम स्टोरी’ जैसी नई फिल्मों की रिलीज भी फिल्म के बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन को प्रभावित कर सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *