25 Jul 2026, Sat

‘जन नायकन’ की घरेलू कमाई में आई भारी गिरावट, दूसरे दिन घटा 50.5% बॉक्स ऑफिस कलेक्शन, वर्ल्डवाइड पार किया 112.5 करोड़

साउथ सुपरस्टार और अभिनेता से नेता बने विजय की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘जन नायकन’ ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार शुरुआत की है। एच. विनोद के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने रिलीज के पहले ही दिन भारत में जबरदस्त कमाई करते हुए 42.70 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया था। हालांकि, दूसरे दिन फिल्म की कमाई में करीब 50 फीसदी की गिरावट देखने को मिली, लेकिन इसके बावजूद फिल्म ने महज दो दिनों में भारत में 60 करोड़ रुपये से अधिक का नेट कलेक्शन कर लिया है।

ट्रेड ट्रैकर सैकनिल्क के अनुसार, ‘जन नायकन’ ने रिलीज के दूसरे दिन भारत में करीब 21.15 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। इसके साथ ही फिल्म की भारत में कुल कमाई 63.85 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है। पहले दिन के मुकाबले दूसरे दिन फिल्म के कलेक्शन में लगभग 50.5 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। इसके बावजूद फिल्म की कमाई को देखते हुए माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इसे बॉक्स ऑफिस पर अच्छा फायदा मिल सकता है।

दुनिया भर में 112 करोड़ रुपये के पार पहुंची कमाई

‘जन नायकन’ का प्रदर्शन सिर्फ भारतीय बॉक्स ऑफिस तक सीमित नहीं है। फिल्म ने अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी अच्छी पकड़ बनाई है। रिपोर्ट के मुताबिक, दूसरे दिन फिल्म ने विदेशी बाजारों से करीब 10 करोड़ रुपये की ग्रॉस कमाई की। फिल्म का कुल वर्ल्डवाइड कलेक्शन अब 112.50 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है।

दूसरे दिन फिल्म की ऑक्यूपेंसी की बात करें तो कुल मिलाकर 44.33 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी दर्ज की गई। मॉर्निंग शो में 32.77 प्रतिशत, दोपहर के शो में 37.23 प्रतिशत, शाम के शो में 47 प्रतिशत और नाइट शो में सबसे ज्यादा 60.31 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी रही। आंकड़ों से साफ है कि जैसे-जैसे दिन आगे बढ़ा, सिनेमाघरों में दर्शकों की संख्या भी बढ़ती गई।

तमिल वर्जन ने संभाली कमाई की कमान

फिल्म के दूसरे दिन के कलेक्शन में तमिल वर्जन का सबसे बड़ा योगदान रहा। तमिल भाषा में फिल्म ने करीब 17.95 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। वहीं, हिंदी वर्जन ने 1.85 करोड़ रुपये और तेलुगु वर्जन ने 1.35 करोड़ रुपये की कमाई की।

‘जन नायकन’ को दर्शकों और समीक्षकों से रिलीज के पहले दिन मिला-जुला रिस्पॉन्स मिला है। इसके बावजूद विजय की लोकप्रियता का असर बॉक्स ऑफिस पर साफ दिखाई दे रहा है। फिल्म की ऑक्यूपेंसी में शाम और रात के शो के दौरान हुई बढ़ोतरी यह संकेत देती है कि वीकेंड पर इसकी कमाई में उछाल देखने को मिल सकता है।

विजय के फिल्मी करियर की आखिरी फिल्म

‘जन नायकन’ विजय के तीन दशक लंबे फिल्मी करियर की आखिरी फिल्म मानी जा रही है। अपने करियर में विजय ने 60 से अधिक फिल्मों में काम किया है और दक्षिण भारतीय सिनेमा के सबसे लोकप्रिय सितारों में अपनी खास पहचान बनाई है। अब राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाने के चलते उन्होंने अपने फिल्मी सफर को विराम देने का फैसला किया है।

फिल्म में विजय के साथ पूजा हेगड़े, बॉबी देओल, ममिता बैजू, प्रियामणि, गौतम वासुदेव मेनन और प्रकाश राज जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। फिल्म का संगीत अनिरुद्ध रविचंदर ने तैयार किया है। 23 जुलाई को रिलीज हुई ‘जन नायकन’ के बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन पर अब सभी की नजरें टिकी हैं। आने वाले दिनों में यह देखना दिलचस्प होगा कि फिल्म 100 करोड़ रुपये के भारतीय नेट कलेक्शन का आंकड़ा कितनी जल्दी पार करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *