बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा एक बार फिर अपनी निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियों में हैं। हाल ही में उन्हें अपनी आने वाली फिल्म ‘रूपा’ की सह-कलाकार कोमल रानी स्वर्णकार के साथ मुंबई एयरपोर्ट पर देखा गया, जिसके बाद सोशल मीडिया पर दोनों के रिश्ते को लेकर चर्चाएं तेज हो गईं। इन अटकलों के बीच गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा ने पैपराजी के सवालों पर तीखी प्रतिक्रिया दी और साफ कहा कि अब वह गोविंदा से जुड़े किसी भी विवाद पर कुछ नहीं कहना चाहतीं।
मुंबई एयरपोर्ट से सामने आए वीडियो और तस्वीरों में गोविंदा और कोमल रानी स्वर्णकार साथ नजर आए थे। इसके बाद सोशल मीडिया पर दोनों के कथित रिश्ते को लेकर कई तरह के दावे किए जाने लगे। खास बात यह है कि इससे पहले भी सुनीता आहूजा सार्वजनिक रूप से गोविंदा पर एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर के आरोप लगा चुकी हैं, जिसके कारण यह मामला पहले से ही चर्चा में था।
सुनीता ने जाहिर की नाराजगी
जब पैपराजी ने सुनीता आहूजा से गोविंदा और उनकी सह-कलाकार के साथ दिखने को लेकर सवाल किया, तो उन्होंने नाराजगी भरे अंदाज में जवाब दिया। उन्होंने कहा, ‘यह कहावत सुनी है कभी, विनाश काले विपरीत बुद्धि। क्या बोलूं अभी।’ उनके इस बयान को सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से साझा किया जा रहा है।
इसके बाद जब उनसे पूछा गया कि सोशल मीडिया पर गोविंदा को ट्रोल किया जा रहा है और कुछ लोग उन्हें ‘चीटर नंबर वन’ तक कह रहे हैं, तो सुनीता ने कहा कि अब इस मामले में उन्हें कुछ नहीं कहना। उन्होंने कहा, ‘जब मैं बोलती हूं तो लोग मुझे ट्रोल करते हैं। अब मैं चाहती हूं कि गोविंदा के फैंस और मीडिया जवाब दें। मुझसे मत पूछिए, मुझे कोई दिलचस्पी नहीं है।’
गोविंदा के बयान ने बढ़ाई चर्चा
सुनीता की प्रतिक्रिया ऐसे समय आई है जब गोविंदा का एक हालिया इंटरव्यू भी चर्चा में बना हुआ है। बातचीत के दौरान उन्होंने अपने शुरुआती दिनों को याद करते हुए कहा था कि वह 34 साल की उम्र तक बेहद मासूम थे और उस दौर को याद करके उन्हें आज भी झिझक होती है।
इसी इंटरव्यू में उन्होंने एक ऐसी टिप्पणी भी की जिसने सोशल मीडिया पर बहस छेड़ दी। गोविंदा ने कहा, ‘आप मिठाई की दुकान में रहकर भूखे निकले तो क्या दुख है।’ इस बयान को लेकर इंटरनेट पर अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं और कई लोगों ने इसे उनकी निजी जिंदगी से जोड़कर देखा।
‘रूपा’ से बड़े पर्दे पर वापसी
वर्कफ्रंट की बात करें तो गोविंदा अपनी फिल्म ‘रूपा’ के जरिए लंबे समय बाद बड़े पर्दे पर वापसी की तैयारी कर रहे हैं। फिल्म में उनके साथ नई अभिनेत्री कोमल रानी स्वर्णकार मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। दोनों कलाकार इन दिनों फिल्म के प्रमोशन में व्यस्त हैं।
हालांकि, फिल्म के प्रचार के बीच निजी जिंदगी को लेकर उठे सवालों ने गोविंदा की वापसी पर भी असर डाला है। सुनीता आहूजा के तीखे बयानों और सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं के कारण यह मामला लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। फिलहाल गोविंदा की ओर से इन आरोपों और अटकलों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन उनके और कोमल रानी स्वर्णकार के साथ नजर आने के बाद मनोरंजन जगत में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।

