14 Mar 2026, Sat

गुजरातः कोर्ट रूम में सुनवाई के दौरान डॉक्टर पति ने पत्नी पर फेंका तेजाब, खुद भी पी लिया जहर

सूरत फैमिली कोर्ट में सनसनीखेज घटना: पति ने पत्नी पर कथित एसिड अटैक किया, बाद में खुद खाया जहर

सूरत (गुजरात)। गुजरात के सूरत शहर में जिला सेवा सदन स्थित फैमिली कोर्ट परिसर के अंदर एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। भरण-पोषण के मामले की सुनवाई के दौरान एक 70 वर्षीय व्यक्ति ने अपनी अलग रह रही पत्नी पर कथित तौर पर तेजाब जैसा तरल पदार्थ फेंक दिया, जिससे वह झुलस गई। घटना के तुरंत बाद आरोपी ने खुद भी जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या की कोशिश की।

जानकारी के अनुसार, आरोपी की पहचान विनोद भानुशाली के रूप में हुई है, जबकि उनकी पत्नी का नाम शारदाबेन बताया गया है। दोनों के बीच पिछले लगभग आठ वर्षों से विवाद चल रहा था और मामला कोर्ट में विचाराधीन था। अदालत में भरण-पोषण से संबंधित सुनवाई चल रही थी, जिसमें दोनों पक्ष मौजूद थे। इसी दौरान अचानक विनोद भानुशाली ने कथित रूप से अपनी पत्नी पर एसिड जैसा पदार्थ फेंक दिया।

घटना के बाद कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। मौजूद लोगों और सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत स्थिति को संभाला और घायल महिला को इलाज के लिए नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, आरोपी पति को भी तुरंत सूरत के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। दोनों की हालत को लेकर चिकित्सकों की निगरानी में उपचार चल रहा है।

रिपोर्ट्स के अनुसार, पति-पत्नी के बीच लंबे समय से वैवाहिक विवाद चल रहा था और मामला कोर्ट में भरण-पोषण को लेकर चल रहा था। आरोप है कि आरोपी पति अपनी पत्नी को गुजारा भत्ता नहीं देना चाहता था, जिससे दोनों के बीच तनाव बढ़ता गया। इसी विवाद के चलते इस गंभीर घटना को अंजाम देने की बात सामने रही है।

स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, यह पहली बार नहीं है जब आरोपी पर हिंसक व्यवहार के आरोप लगे हों। बताया जा रहा है कि पहले भी उन पर पत्नी पर हमला करने का मामला दर्ज हो चुका है और कानूनी कार्रवाई का सामना कर चुके हैं। हालांकि, इस संबंध में पुलिस जांच जारी है और सभी तथ्यों की पुष्टि की जा रही है।

घटना के बाद पुलिस ने कोर्ट परिसर को घेर लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने बताया कि घटना के पीछे के कारणों की विस्तृत जांच की जाएगी। सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।

इस घटना ने न्यायालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। आमतौर पर कोर्ट में सुरक्षा मौजूद रहती है, लेकिन फिर भी इस तरह की घटना ने सभी को स्तब्ध कर दिया है। प्रशासन ने कहा है कि सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जाएगी ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

फिलहाल दोनों पक्षों का इलाज जारी है और पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है। मामले की जांच के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *