NZ vs SA: दूसरे T20 से पहले न्यूजीलैंड को बड़ा झटका, ईश सोढ़ी और बेवोन जैकब्स टीम से बाहर
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में हार के बाद न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम अब अपने घर में साउथ अफ्रीका के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज खेल रही है। हालांकि इस सीरीज की शुरुआत कीवी टीम के लिए अच्छी नहीं रही। पहले मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने न्यूजीलैंड को 7 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की। अब दोनों टीमें 17 मार्च को हैमिल्टन के सेडन पार्क में दूसरे टी20 मैच में आमने-सामने होंगी। लेकिन इस अहम मुकाबले से पहले न्यूजीलैंड टीम को बड़ा झटका लगा है, क्योंकि उसके दो खिलाड़ी सीरीज से बाहर हो गए हैं।
दरअसल, न्यूजीलैंड के बल्लेबाज बेवोन जैकब्स और अनुभवी लेग स्पिनर ईश सोढ़ी चोट के कारण टीम से बाहर हो गए हैं। इन दोनों खिलाड़ियों के बाहर होने से कीवी टीम की मुश्किलें बढ़ गई हैं, खासकर तब जब टीम पहले ही मैच हार चुकी है और उसे सीरीज में वापसी के लिए मजबूत प्रदर्शन की जरूरत है।
फील्डिंग के दौरान घायल हुए बेवोन जैकब्स
न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड के अनुसार, पहले टी20 मैच के दौरान फील्डिंग करते समय बेवोन जैकब्स के बाएं घुटने में चोट लग गई थी। गेंद को रोकने की कोशिश में वह जोर से जमीन पर गिर पड़े, जिसके बाद उन्हें मैदान छोड़ना पड़ा। बाद में कराए गए स्कैन में उनके घुटने के साइड हिस्से में चोट की पुष्टि हुई है।
फिलहाल यह साफ नहीं है कि जैकब्स कितने समय तक मैदान से बाहर रहेंगे। टीम मैनेजमेंट उनकी चोट पर लगातार नजर बनाए हुए है। उनकी जगह टीम में कवर के तौर पर कटेन क्लार्क को हैमिल्टन में टीम के साथ जोड़ा गया है।
ईश सोढ़ी भी पूरी सीरीज से बाहर
जैकब्स से पहले न्यूजीलैंड टीम को उस समय बड़ा झटका लगा जब लेग स्पिनर ईश सोढ़ी भी चोटिल होकर पूरी सीरीज से बाहर हो गए। दरअसल, सोढ़ी को बे ओवल में ट्रेनिंग सत्र के दौरान गेंदबाजी अभ्यास करते समय अंगूठे में चोट लग गई थी। स्कैन में उनके अंगूठे में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई, जिसके बाद डॉक्टरों ने उन्हें कम से कम चार हफ्ते तक आराम करने की सलाह दी है।
सोढ़ी न्यूजीलैंड की टी20 टीम के महत्वपूर्ण गेंदबाजों में गिने जाते हैं और उनकी गैरमौजूदगी टीम के लिए बड़ा नुकसान मानी जा रही है।
पहले मैच में मिली थी करारी हार
सीरीज के पहले मुकाबले में न्यूजीलैंड की बल्लेबाजी पूरी तरह से फ्लॉप रही थी। कीवी टीम साउथ अफ्रीका के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं पाई और पूरी टीम सिर्फ 91 रन पर ऑलआउट हो गई। इसके जवाब में साउथ अफ्रीका ने लक्ष्य को आसानी से हासिल करते हुए 7 विकेट से जीत दर्ज की।
अब न्यूजीलैंड टीम की नजर दूसरे टी20 मुकाबले में मजबूत वापसी करने पर होगी। वहीं साउथ अफ्रीका की टीम जीत की लय को बरकरार रखते हुए सीरीज में अपनी बढ़त को और मजबूत करना चाहेगी।
ऐसे में हैमिल्टन में होने वाला दूसरा टी20 मुकाबला दोनों टीमों के लिए बेहद अहम माना जा रहा है।

