वाराणसी: एसएस राजामौली की आने वाली एक्शन-फैंटेसी फिल्म ‘वाराणसी’ ने अपने ऐलान के बाद से ही फिल्म प्रेमियों और दर्शकों के बीच हंगामा मचा दिया है। फिल्म में महेश बाबू, प्रियंका चोपड़ा और पृथ्वीराज सुकुमारन मुख्य भूमिकाओं में हैं। फिल्म का ग्रैंड टीजर रिलीज होते ही इसके विजुअल्स और भव्य स्केल ने दर्शकों की उम्मीदों को कई गुना बढ़ा दिया है। यह फिल्म 7 अप्रैल 2027 को बड़े पर्दे पर रिलीज होने वाली है।
महेश बाबू ने हाल ही में अपने किरदार ‘रुद्र’ को लेकर खुलासा किया। उन्होंने बताया कि फिल्म भारतीय महाकाव्य रामायण के एक अध्याय से प्रेरित है और उनके किरदार का एक हिस्सा भगवान राम की भूमिका निभाता है। इसके लिए महेश बाबू ने विशेष पोस्चर और शारीरिक ट्रेनिंग ली। उन्होंने बताया कि राजामौली सर ने उन्हें यूरोपियन मूर्तियों की तस्वीरें दीं, जिन्हें उन्होंने लगातार अभ्यास के लिए अपने स्टडी रूम और स्मार्टफोन में रखा।
फिल्म की तैयारी के दौरान महेश बाबू ने कलारी ट्रेनिंग भी ली, जो केरल की प्राचीन मार्शल आर्ट है। इसका उद्देश्य भगवान राम की तरह चलना और एक्शन करना था। हालांकि इस ट्रेनिंग के केवल दो शॉट्स ही फाइनल कट में शामिल होंगे। महेश बाबू ने कहा, “छह महीने की मेहनत ने मेरे चलने और खड़े होने के तरीके को ही बदल दिया। जब मैंने फाइनल शॉट देखा, तो मुझे बेहद खुशी हुई।”
फिल्म में रामायण से जुड़ी असल घटना भी दर्शाई जाएगी। महेश बाबू ने कहा कि एसएस राजामौली एक्शन को सहज और आसान बनाने में माहिर हैं, जिससे एक्शन सीक्वेंस बिना चोट के पूरे किए जा सकते हैं। फिल्म में उनके किरदार और अन्य पात्रों के माध्यम से रामायण की कहानी बड़े पैमाने पर पर्दे पर प्रस्तुत की जाएगी, लेकिन दर्शकों को रामायण की पूरी कहानी जानने की जरूरत नहीं है।
राजामौली ने बताया कि फिल्म का सबसे अहम रिश्ता पिता और बेटे के बीच है, जो भगवान राम और दशरथ के रिश्ते से प्रेरित है। महेश बाबू के किरदार के अलावा प्रियंका चोपड़ा मंदाकिनी के रूप में एक रहस्यमयी और खतरनाक चोर का रोल निभा रही हैं। वहीं पृथ्वीराज सुकुमारन फिल्म के मुख्य विलेन कुंभा के किरदार में हैं।
फिल्म के एक विशेष युद्ध दृश्य को IMAX फॉर्मेट में शूट किया गया है, ताकि दर्शकों को बड़े पर्दे पर अद्भुत और भव्य विज़ुअल अनुभव मिल सके। यह फिल्म कथित तौर पर भारत की अब तक की सबसे महंगी फिल्म है, जिसका बजट 1000–1300 करोड़ रुपये बताया जा रहा है।
महेश बाबू और उनकी टीम ने पूरे समर्पण और मेहनत के साथ फिल्म की शूटिंग पूरी की है। फिल्म के रिलीज होते ही दर्शकों को एक अद्वितीय और भव्य अनुभव मिलने की उम्मीद है, जिसमें रोमांच, एक्शन और भावनात्मक कहानी का शानदार मिश्रण देखने को मिलेगा।

