11 Feb 2026, Wed

T20 World Cup 2026 में भारत की सलामी जोड़ी लॉक, 14 साल बाद दोहराया जाएगा ICC टूर्नामेंट में इतिहास

T20 World Cup 2026 का आगाज 7 फरवरी से होने जा रहा है और भारतीय क्रिकेट टीम अपने पहले मुकाबले के लिए पूरी तरह तैयार नजर आ रही है। टूर्नामेंट शुरू होने से ठीक पहले खेले गए वार्मअप मैच ने टीम इंडिया की संभावित प्लेइंग इलेवन की तस्वीर काफी हद तक साफ कर दी है। खासतौर पर ओपनिंग जोड़ी को लेकर बड़ा संकेत मिल गया है, जिससे करीब 14 साल पुराना इतिहास दोहराया जा सकता है

टीम इंडिया को टूर्नामेंट से पहले एक ही वार्मअप मैच खेलने का मौका मिला, जिसमें खिलाड़ियों ने अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दिया। इसी मुकाबले से यह लगभग तय माना जा रहा है कि भारत के लिए अभिषेक शर्मा और ईशान किशन पारी की शुरुआत कर सकते हैं

अभिषेक शर्मा और ईशान किशन बन सकते हैं सलामी बल्लेबाज

हाल ही में खेली गई भारत-न्यूजीलैंड टी20 सीरीज में ओपनिंग की जिम्मेदारी अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन को दी गई थी। जहां अभिषेक शर्मा ने अपने आक्रामक अंदाज से शानदार प्रदर्शन किया, वहीं संजू सैमसन उस सीरीज में पूरी तरह नाकाम रहे। उन्हें पांचों मैचों में ओपनिंग का मौका मिला, लेकिन वे एक भी बड़ी पारी नहीं खेल सके।

इस दौरान तिलक वर्मा की गैरमौजूदगी में ईशान किशन को तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी का मौका मिला और उन्होंने इस मौके को दोनों हाथों से भुनाया। सीरीज के आखिरी मैच में ईशान किशन ने शानदार शतक जड़कर यह साफ कर दिया कि उन्हें टीम से बाहर रखना आसान नहीं होगा।

तिलक वर्मा की वापसी से संजू सैमसन की मुश्किलें बढ़ीं

अब तिलक वर्मा की वापसी हो चुकी है और उन्होंने साउथ अफ्रीका के खिलाफ वार्मअप मैच में रन भी बनाए। ऐसे में यह लगभग तय माना जा रहा है कि संजू सैमसन को अंतिम एकादश से बाहर बैठना पड़ सकता है

वार्मअप मैच में अभिषेक शर्मा और ईशान किशन ने ही ओपनिंग की और दोनों ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की। ईशान किशन ने महज 20 गेंदों में 53 रन बनाए और टीम को तेज शुरुआत दिलाई। जब उन्होंने रिटायर आउट होकर मैदान छोड़ा, तब तक भारत ने सिर्फ 6 ओवर में 80 रन बना लिए थे। अभिषेक शर्मा ने भी 18 गेंदों पर 24 रन जोड़े।

14 साल बाद दो बाएं हाथ के बल्लेबाज ओपनिंग करते दिख सकते हैं

अगर 7 फरवरी को भारत-यूएसए मुकाबले में अभिषेक शर्मा और ईशान किशन ओपनिंग करते हैं, तो यह आईसीसी टूर्नामेंट के इतिहास में बेहद खास पल होगा
अब तक भारत ने केवल दो बार किसी आईसीसी इवेंट में दो बाएं हाथ के बल्लेबाजों को ओपनिंग के लिए उतारा है।

  • 1999 वनडे वर्ल्ड कप: सौरव गांगुली और सदगोपन रमेश

  • 2012 टी20 वर्ल्ड कप: गौतम गंभीर और इरफान पठान

इसके बाद करीब 14 साल बाद ऐसा होने की पूरी संभावना है।

टीम इंडिया को मिल सकती है बड़ी रणनीतिक बढ़त

दो बाएं हाथ के ओपनर होने से विरोधी टीमों के गेंदबाजों को लाइन-लेंथ में लगातार बदलाव करना पड़ता है, जो भारत को रणनीतिक बढ़त दिला सकता है। मौजूदा फॉर्म और आत्मविश्वास को देखते हुए यह जोड़ी T20 World Cup 2026 में भारत के लिए एक्स-फैक्टर साबित हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *