ओटीटी की दुनिया में अगर किसी वेब सीरीज ने सबसे ज्यादा सनसनी मचाई है, तो वह है ‘मिर्जापुर’। अपने खौफनाक डायलॉग्स, खून-खराबे, सत्ता की राजनीति और यादगार किरदारों के दम पर इस सीरीज ने खुद को एक कल्ट क्लासिक के रूप में स्थापित किया। अब इसी दीवानगी को और आगे बढ़ाते हुए मेकर्स इसे बड़े पर्दे पर लेकर आ रहे हैं। ‘मिर्जापुर: द मूवी’ की रिलीज डेट का ऐलान हो चुका है और इसके साथ ही फिल्म की नई स्टारकास्ट को लेकर भी बड़ा अपडेट सामने आया है।
कब रिलीज होगी ‘मिर्जापुर: द मूवी’?
कालीन भैया और त्रिपाठी परिवार की कहानी अब सिनेमाघरों में तहलका मचाने के लिए तैयार है। मेकर्स ने फिल्म की रिलीज डेट 4 सितंबर 2026 तय की है। फिल्म में पंकज त्रिपाठी, अली फजल, द्वियेंदु शर्मा, श्वेता त्रिपाठी और रसिका दुग्गल जैसे पुराने चेहरों के साथ-साथ कई नए सितारे भी नजर आएंगे, जो कहानी को एक नया मोड़ देंगे।
नई कास्ट से कहानी में आएगा तगड़ा ट्विस्ट
माना जा रहा है कि फिल्म की कहानी वेब सीरीज से भी ज्यादा डार्क, इंटेंस और दमदार होगी। नई कास्ट की एंट्री से मिर्जापुर की सत्ता की जंग और भी खतरनाक हो सकती है। इस बार पांच नए नाम ऐसे जुड़े हैं, जो अपने-अपने अंदाज में दर्शकों को चौंकाने के लिए तैयार हैं।
ये हैं ‘मिर्जापुर: द मूवी’ के 5 नए सितारे
रवि किशन
भोजपुरी सुपरस्टार और सांसद रवि किशन अब मिर्जापुर की दुनिया में कदम रखने जा रहे हैं। फिल्म में उनके किरदार का खुलासा अभी नहीं हुआ है, लेकिन गैंगस्टर अवतार में उन्हें देखना दर्शकों के लिए बड़ा सरप्राइज हो सकता है। ‘हेरा फेरी 2’ से लेकर कई फिल्मों में उनका दबंग अंदाज पहले ही पसंद किया जा चुका है।
सुशांत सिंह
बॉलीवुड के ओजी गैंगस्टर एक्टर्स में गिने जाने वाले सुशांत सिंह का नाम इस फिल्म की सबसे बड़ी ताकत माना जा रहा है। ‘सत्या’, ‘शूल’, ‘जंगल’, ‘रक्तचरित्र’ और ‘सेहर’ जैसी फिल्मों में गैंगस्टर बन चुके सुशांत सिंह से मिर्जापुर में भी खौफनाक किरदार की उम्मीद है।
जितेंद्र कुमार
‘पंचायत’ के सचिव जी और ‘कोटा फैक्ट्री’ के जीतू भैया अब एकदम अलग अवतार में नजर आने वाले हैं। जितेंद्र कुमार की एंट्री से फिल्म को एक नया रंग मिलेगा। उनका किरदार ग्रे शेड या पूरी तरह निगेटिव भी हो सकता है, जिसे लेकर फैंस बेहद उत्साहित हैं।
सोनल चौहान
‘जन्नत गर्ल’ सोनल चौहान फिल्म में ग्लैमर का तड़का लगाने वाली हैं। कहा जा रहा है कि उनका रोल कहानी में अहम मोड़ ला सकता है और उनका अंदाज पहले से ज्यादा बोल्ड होगा।
मोहित मलिक
टीवी से फिल्मों तक का सफर तय कर चुके मोहित मलिक भी इस फिल्म का हिस्सा हैं। निगेटिव और दबंग किरदारों के लिए पहचाने जाने वाले मोहित का रोल मिर्जापुर की कहानी में खास माना जा रहा है।
बड़े पर्दे पर मिर्जापुर का नया धमाका
कुल मिलाकर, ‘मिर्जापुर: द मूवी’ सिर्फ एक फिल्म नहीं बल्कि एक सिनेमाई इवेंट बनने जा रही है। नई कास्ट, दमदार कहानी और पुराने किरदारों की वापसी इसे 2026 की सबसे बड़ी फिल्मों में शामिल कर सकती है।

