11 Feb 2026, Wed

IND vs PAK: 6.66 लाख रुपये तक पहुंचा फ्लाइट का किराया, दिल्ली-मुंबई से कोलंबो पहुंचना हुआ महंगा

नई दिल्ली: भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाला कोई भी क्रिकेट मुकाबला सिर्फ एक मैच नहीं, बल्कि करोड़ों फैंस के लिए एक जुनून होता है। यही जुनून अब यात्रियों की जेब पर भारी पड़ता नजर आ रहा है। टी20 वर्ल्ड कप 2026 के तहत भारत और पाकिस्तान के बीच रविवार, 15 फरवरी को होने वाले महामुकाबले से पहले श्रीलंका की राजधानी कोलंबो जाने वाली फ्लाइट्स के किराए में रिकॉर्ड बढ़ोतरी देखने को मिल रही है।

भारत और पाकिस्तान की टीमें इस बहुप्रतीक्षित मुकाबले में आमने-सामने होंगी। यह मैच भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे शुरू होगा। जैसे ही इस मुकाबले की आधिकारिक घोषणा हुई, वैसे ही कोलंबो जाने वाली फ्लाइट्स के दाम कई गुना बढ़ गए। कुछ फ्लाइट्स का किराया तो 1 लाख रुपये के पार पहुंच गया है, जबकि कुछ मामलों में यह ₹6.66 लाख तक दर्ज किया गया है।

भारत-पाकिस्तान मैच देखने के लिए क्यों बढ़ता है खर्च?

भारत और पाकिस्तान के बीच खेले जाने वाले मुकाबले को स्टेडियम में बैठकर देखना हमेशा से ही एक कठिन और महंगा प्रोसेस रहा है। सबसे पहले मैच की टिकट हासिल करना आसान नहीं होता। इसके बाद होटल बुकिंग, फ्लाइट टिकट और अन्य व्यवस्थाएं करनी पड़ती हैं। इस मुकाबले की वैश्विक लोकप्रियता को देखते हुए एयरलाइंस और होटल्स इस मौके पर किराए में भारी बढ़ोतरी कर देते हैं।

दिल्ली से कोलंबो का किराया आसमान पर

फ्लाइट बुकिंग प्लेटफॉर्म के अनुसार, 13 फरवरी को दिल्ली से कोलंबो जाने वाली नॉन-स्टॉप फ्लाइट्स का किराया ₹31,600 से ₹81,032 के बीच है। वहीं, एक स्टॉप वाली फ्लाइट्स का किराया ₹19,899 से ₹6,66,008 तक पहुंच चुका है।

14 फरवरी को दिल्ली से कोलंबो जाने वाली नॉन-स्टॉप फ्लाइट्स का किराया ₹61,613 से ₹1,37,685 तक है, जबकि एक स्टॉप वाली फ्लाइट्स का किराया ₹19,899 से ₹2,89,234 तक दर्ज किया गया है। आम दिनों में यही सफर ₹12,000 से शुरू हो जाता है।

मुंबई से कोलंबो जाने पर भी जेब ढीली

मुंबई से कोलंबो जाने वाली फ्लाइट्स भी इस दौरान काफी महंगी हो गई हैं। 13 फरवरी को नॉन-स्टॉप फ्लाइट्स का किराया ₹22,943 से ₹61,993 के बीच है, जबकि एक स्टॉप वाली फ्लाइट्स का किराया ₹18,923 से ₹3,59,605 तक पहुंच गया है।

वहीं, 14 फरवरी को मुंबई से कोलंबो जाने वाली नॉन-स्टॉप फ्लाइट्स का किराया ₹47,818 से ₹90,032 और एक स्टॉप फ्लाइट्स का किराया ₹18,503 से ₹2,58,333 तक दर्ज किया गया है।

बुकिंग के दौरान बदल सकता है किराया

बताया जा रहा है कि इन किरायों में बुकिंग प्लेटफॉर्म्स द्वारा दिए जा रहे ऑफर्स भी शामिल हैं और बुकिंग फाइनल करते समय दामों में उतार-चढ़ाव संभव है। भारत-पाकिस्तान मैच के करीब आते ही किराए और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *