ICC T20 World Cup 2026: प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट के लिए 8 खिलाड़ियों के नाम घोषित, भारत से सिर्फ संजू सैमसन शामिल
इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट अवॉर्ड के नॉमिनीज का ऐलान कर दिया है। इस प्रतिष्ठित अवॉर्ड के लिए कुल 8 खिलाड़ियों को शॉर्टलिस्ट किया गया है, जिसमें भारतीय टीम से केवल एक खिलाड़ी को जगह मिली है। यह खिलाड़ी हैं टीम इंडिया के विकेटकीपर-बल्लेबाज संजू सैमसन, जिन्होंने टूर्नामेंट में शानदार बल्लेबाजी करते हुए सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा है।
इस बार टी20 वर्ल्ड कप की मेजबानी भारत और श्रीलंका संयुक्त रूप से कर रहे हैं। टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाएगा। दोनों टीमों ने अपने-अपने सेमीफाइनल मुकाबले जीतकर फाइनल में जगह बनाई। न्यूजीलैंड ने पहले सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका को 9 विकेट से हराया, जबकि भारत ने रोमांचक मुकाबले में इंग्लैंड को मात देकर फाइनल में प्रवेश किया।
आईसीसी द्वारा घोषित प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट के आठ दावेदारों में इंग्लैंड के ऑलराउंडर विल जैक्स, पाकिस्तान के बल्लेबाज साहिबजादा फरहान, साउथ अफ्रीका के तेज गेंदबाज लुंगी एनगिडी और कप्तान एडेन मार्करम, न्यूजीलैंड के ऑलराउंडर रचिन रवींद्र और बल्लेबाज टिम सीफर्ट, अमेरिका के तेज गेंदबाज शैडली वैन शल्कविक और भारत के संजू सैमसन शामिल हैं।
इंग्लैंड के स्टार ऑलराउंडर विल जैक्स ने इस टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने अपनी टीम को आठ में से छह मैच जिताने में अहम भूमिका निभाई और चार बार प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड भी जीता। बल्लेबाजी के साथ-साथ गेंदबाजी में भी उनका योगदान काफी अहम रहा है।
पाकिस्तान के साहिबजादा फरहान भी इस सूची में प्रमुख दावेदार माने जा रहे हैं। उन्होंने छह पारियों में 383 रन बनाकर शानदार रिकॉर्ड बनाया है। खास बात यह है कि वह पुरुष टी20 वर्ल्ड कप के एक ही संस्करण में दो शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज बने हैं।
साउथ अफ्रीका के तेज गेंदबाज लुंगी एनगिडी ने भी लगातार बेहतरीन गेंदबाजी की। उन्होंने सात मैचों में कुल 12 विकेट हासिल किए और अपनी टीम को सेमीफाइनल तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। वहीं कप्तान एडेन मार्करम ने बल्ले से शानदार प्रदर्शन करते हुए आठ मैचों में 286 रन बनाए और तीन अर्धशतक भी लगाए।
न्यूजीलैंड के ऑलराउंडर रचिन रवींद्र ने भी गेंद और बल्ले दोनों से योगदान दिया। उन्होंने आठ मैचों में 11 विकेट लेने के साथ 128 रन भी बनाए हैं। वहीं टिम सीफर्ट ने 274 रन बनाकर टीम को फाइनल तक पहुंचाने में बड़ी भूमिका निभाई।
अमेरिका के तेज गेंदबाज शैडली वैन शल्कविक ने भी सभी को प्रभावित किया। उन्होंने सिर्फ चार मैचों में 13 विकेट लेकर टूर्नामेंट के सबसे सफल गेंदबाजों में अपनी जगह बनाई।
भारत की ओर से संजू सैमसन ने आलोचकों को करारा जवाब देते हुए शानदार बल्लेबाजी की है। उन्होंने सुपर 8 मुकाबले में वेस्टइंडीज के खिलाफ 50 गेंदों में नाबाद 97 रन बनाए, जबकि सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ 42 गेंदों में 89 रन की तूफानी पारी खेली। इस टूर्नामेंट में वह अब तक 4 मैचों में 232 रन बना चुके हैं और उनका औसत 77.33 का है।
अब देखना दिलचस्प होगा कि इन आठ खिलाड़ियों में से कौन टी20 वर्ल्ड कप 2026 का प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट बनता है। सभी की नजरें फाइनल मुकाबले के साथ इस प्रतिष्ठित अवॉर्ड पर भी टिकी हुई हैं।

