30 Mar 2026, Mon

Holi Special Train: रेलवे ने कर ली होली की तैयारी, पटरी पर उतरेंगी 1410 स्पेशल ट्रेनें; अब घर जाना होगा आसान!

नई दिल्ली: होली का त्योहार नजदीक आते ही घर जाने की तैयारियों में जुटे यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। त्योहार के मौसम में ट्रेनों में बढ़ती भीड़ और कन्फर्म टिकट न मिलने की समस्या को देखते हुए भारतीय रेलवे ने कमर कस ली है। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने होली के दौरान कुल 1410 स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला किया है। इस फैसले से लाखों यात्रियों को अपने घर पहुंचने में बड़ी मदद मिलने की उम्मीद है।

होली से पहले ट्रेनों में भारी भीड़

होली से पहले हर साल की तरह इस बार भी ट्रेनों में यात्रियों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। 15 फरवरी के बाद से ही ज्यादातर प्रमुख रूटों पर कन्फर्म टिकट मिलना मुश्किल हो गया है। खासकर उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और छत्तीसगढ़ जैसे पूर्वी राज्यों की ओर जाने वाली ट्रेनों में लंबी वेटिंग लिस्ट चल रही है। कई ट्रेनों में वेटिंग 100 से 300 तक पहुंच चुकी है। इसी दबाव को कम करने के लिए रेलवे ने बड़े पैमाने पर स्पेशल ट्रेनों को चलाने का निर्णय लिया है।

उत्तर रेलवे से चलेंगी 108 स्पेशल ट्रेनें

रेलवे द्वारा घोषित 1410 होली स्पेशल ट्रेनों में से 108 ट्रेनें उत्तर रेलवे जोन के अंतर्गत चलाई जाएंगी। इनमें से अधिकतर ट्रेनें दिल्ली, नई दिल्ली, आनंद विहार, हजरत निजामुद्दीन, गाजियाबाद और आसपास के प्रमुख स्टेशनों से रवाना होंगी। इससे दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम, फरीदाबाद और गाजियाबाद में रहने वाले यात्रियों को खास राहत मिलेगी।
उत्तर रेलवे के जनरल मैनेजर अशोक कुमार वर्मा ने कहा कि होली के दौरान यात्रियों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है और भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा व अतिरिक्त स्टाफ की तैनाती जैसे सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।

हर रूट पर रेलवे की पैनी नजर

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, हर रूट पर यात्रियों की संख्या की लगातार निगरानी की जा रही है। जिन रूटों पर वेटिंग लिस्ट तेजी से बढ़ रही है, वहां अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनें चलाने या मौजूदा ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाने पर भी विचार किया जा रहा है। रेलवे का उद्देश्य है कि होली के दौरान किसी भी यात्री को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

हजरत निजामुद्दीन–दुर्ग होली स्पेशल ट्रेन

रेलवे ने हजरत निजामुद्दीन और दुर्ग के बीच एक विशेष होली ट्रेन चलाने की भी घोषणा की है। यह ट्रेन 1 और 2 मार्च को सुबह 10:45 बजे दुर्ग से रवाना होकर अगले दिन 11:10 बजे हजरत निजामुद्दीन पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन 2 और 3 मार्च को दोपहर 12:30 बजे हजरत निजामुद्दीन से चलकर अगले दिन शाम 6:20 बजे दुर्ग पहुंचेगी।

किन-किन स्टेशनों पर ठहराव

इस होली स्पेशल ट्रेन में एसी, स्लीपर और जनरल श्रेणी के कोच होंगे। ट्रेन का ठहराव रायपुर, उसलापुर, पेंड्रा रोड, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, कटनी मुरवारा, दमोह, सागर, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, आगरा और मथुरा जैसे प्रमुख स्टेशनों पर होगा। इससे मध्य भारत और उत्तर भारत के यात्रियों को सीधी सुविधा मिलेगी।

रेलवे का यह कदम साफ तौर पर दिखाता है कि त्योहारों के दौरान यात्रियों की सुविधा को लेकर अब ज्यादा गंभीर योजना बनाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *